केतन मेहता की निर्देशित फिल्म मिर्च मसाला का क्लाइमैक्स सीन याद होगा. कैसे मिर्च के गोदाम में काम करने वाली महिलाएं अपनी एक साथी महिला को बचाने के लिए सूबेदार पर लाल मिर्च से हमला कर देती हैं. ऐसा ही कुछ हुआ है दिल्ली के महरौली में. यहां दिल्ली विकास प्राधिकरण यानी DDA डिमोलिशन ड्राइव चला रहा है. इसका खूब विरोध भी हो रहा है. रविवार, 12 फरवरी को भारी सुरक्षा के बीच DDA अतिक्रमण हटा रहा था (Mehrauli Demolition Drive by DDA). आरोप है कि इस दौरान प्रदर्शन कर रही महिलाओं ने वहां तैनात पुलिसकर्मियों पर ‘मिर्च पाउडर’ फेंक दिया. इसके बाद कुछ महिलाओं को हिरासत में लिया गया. महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस ने उन पर लाठीचार्ज किया था.
दिल्ली: पुलिस अतिक्रमण हटवा रही थी, महिलाओं ने 'लाल मिर्च से हमला' कर दिया
दिल्ली के महरौली इलाके की घटना. डिमोलिशन ड्राइव के दौरान हालात तनावपूर्ण.


बीती 12 दिसंबर, 2022 को डिमोलिशन ऑर्डर इलाके की दीवारों पर चिपकाया गया था. उसके बाद शुक्रवार, 10 फरवरी से ये अभियान चल रहा है. आदेश में 'अतिक्रमण करने वालों' को 10 दिनों के अंदर जमीन से सभी अनधिकृत ढांचों को हटाने का निर्देश दिया गया था. नोटिस में लिखा था कि जिस जमीन पर डिमोलिशन किया जा रहा है वो महरौली पुरातत्व पार्क का हिस्सा है और इससे पार्क के विकास में बाधा आ रही है. अब तक लगभग 1200 वर्ग मीटर की जमीन पर अतिक्रमण हटाया जा चुका है. आजतक/इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, पुलिस का कहना है कि इस अभियान में लाठीचार्ज जैसी कोई कार्रवाई नहीं हुई है और न ही कोई घायल हुआ है.

मामले को लेकर आम आदमी पार्टी (AAP) और BJP के बीच आरोप-प्रत्यारोप जारी हैं. DDA के इस ऐक्शन को लेकर डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया ने बीजेपी को घेरते हुए कहा,
बीजेपी को कुछ करना नहीं आता है, सिर्फ तोड़ना आता है. बीजेपी कभी संविधान तोड़ती है, कभी सुप्रीम कोर्ट का आदेश तोड़ती है. अब लोगों के बनाए घरों को तोड़ रही है. कोर्ट से आदेश के बाद भी बुलडोजर चलाया जा रहा है. जिन घरों की रजिस्ट्री है और वो हाउस टैक्स भी दे रहे हैं, उनके घर भी तोड़े जा रहे हैं. बीजेपी दिल्ली की जनता से बदला ले रही है.
वहीं बीजेपी का दावा है कि ये अभियान AAP के एक विभाग के सर्वे रिकॉर्ड के आधार पर ही हो रहा है. दिल्ली बीजेपी के प्रवक्ता और मीडिया रिलेशन के प्रमुख प्रवीण शंकर कपूर ने एक ट्वीट में कहा,
ये पत्र और उसका प्रचार बेशर्मी की परिकाषठा है. दोषी अरविंद केजरीवाल इस्तीफा दो. महरौली मे डिमोलिशन दिल्ली सरकार के राजस्व विभाग के सर्वे रिकार्ड के आधार पर हो रहा है. अब जब दर्जनों मकान टूट गए तब कैलाश गहलोत (AAP सरकार के मंत्री) बेशर्मी से कह रहे हैं, 'हमारा Revenue Survey गलत है.'
उधर महरौली के स्थानीय निवासियों का कहना है कि कोर्ट से उनको स्टे मिल गया है. इसके बावजूद DDA की कार्रवाई चल रही है. लेकिन पुलिस और DDA के अधिकारियों का कहना है कि जब तक उनके पास स्टे की कॉपी नहीं आ जाती वो एक्शन नहीं रोक सकते. इस सबके चलते महरौली में स्थिति तनावपूर्ण बनी हुई है.
वीडियो: MCD चुनाव के महीने भर बाद भी दिल्ली को मेयर क्यों नहीं मिल रहा?





















