The Lallantop

MCD चुनाव: टिकट नहीं मिलने पर टावर पर चढ़ा AAP का पूर्व पार्षद, कहा- 'मुझसे 3 करोड़ मांगे'

पूर्व पार्षद ने AAP नेता संजय सिंह और आतिशी पर गंभीर आरोप लगाए हैं.

Advertisement
post-main-image
टावर पर चढ़े हसीब उल हसन (फोटो- ANI)

1975 की बात है. सुपरहिट 'शोले' रिलीज हुई. फिल्म के कई सीन आज तक याद किए जाते हैं. इनमें एक सीन वो है जिसमें वीरू अपने प्यार बसंती से शादी करने की जिद में पानी की टंकी पर चढ़ जाता है. कहता है मेरी इच्छा पूरी करो वर्ना 'कूद जाऊंगा, फांद जाऊंगा, मर जाऊंगा'. फिल्म को सिनेमा हॉल के पर्दे से उतरे दशकों बीत गए, लेकिन आज भी किसी को अपनी जिद पूरी करनी हो तो वो तरीका यही अपनाता है. दिल्ली में आम आदमी पार्टी (AAP) के एक पूर्व पार्षद ने भी यही किया. साहब को एमसीडी चुनाव (Delhi MCD Election) का टिकट नहीं मिला तो नाराज होकर बिजली के टावर पर चढ़ गए.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

जनाब का नाम है हसीब उल हसन. खबरें हैं कि AAP ने उन्हें एमसीडी चुनाव का टिकट नहीं दिया. ये बात पूर्व पार्षद को नागवार गुजरी. सो रविवार, 13 नवंबर को हसीब उल हसन शास्त्री पार्क मेट्रो स्टेशन के सामने एक हाईटेंशन वायर टावर पर चढ़ गए. बोले कि पार्टी की कथित गलत नीतियों के विरोध में ऐसा किया.

बिजली खंभे पर चढ़ा पूर्व AAP पार्षद

दिल्ली (delhi) में जल्द ही नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं. इसके मद्देनजर शनिवार, 12 नवंबर को आम आदमी पार्टी (aam aadmi party) ने उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट जारी की. इसमें हसीब उल हसन का नाम नहीं था. इससे नाराज होकर अगले दिन ही वो बिजली के टावर पर चढ़ गए और आत्महत्या करने की धमकी दी. घटना का वीडियो खूब वायरल हो रहा है. इंडियन एक्सप्रेस के मुताबिक, हसन ने कहा-

Advertisement

अगर मुझे कुछ होता है या अगर मैं मर जाता हूं तो आम आदमी पार्टी के दुर्गेश पाठक और आतिशी जिम्मेदार होंगे. उनके पास मेरे सारे दस्तावेज हैं. सोमवार को नामांकन दाखिल करने का आखिरी दिन है और वो मुझे मेरे दस्तावेज नहीं दे रहे हैं.

रिपोर्ट के मुताबिक, स्थानीय प्रशासन ने हसन को डॉक्युमेंट ढूंढ कर लौटाए और फिर दोपहर करीब तीन बजे वो नीचे उतरे. मीडिया से बातचीत में आप के पूर्व पार्षद ने पार्टी पर टिकट बेचने का आरोप भी लगाया. उन्होंने कहा-

अगर मीडिया आज नहीं आया होता तो दुर्गेश पाठक, आतिशी और संजय सिंह मेरे कागजात वापस नहीं करते. ये तीनों भ्रष्ट हैं. मेरे पास पार्टी टिकट हासिल करने के लिए 3 करोड़ रुपये नहीं थे. अब मैं सोमवार को अपना नामांकन दाखिल करूंगा. 

Advertisement

हसन ने आरोप लगाया है कि AAP ने उनकी जगह दीपू चौधरी को ‘3 करोड़ रुपये में टिकट बेचा’ है. 

मामले पर AAP की भी सफाई आई है. रिपोर्ट के मुताबिक, पार्टी ने एक बयान में कहा- 

हसीब उल हसन एक समर्पित और मेहनती पार्टी कार्यकर्ता हैं. टिकट न मिलने से उनका परेशान होना स्वाभाविक है. जिन लोगों को टिकट नहीं मिला, उनके प्रति पार्टी की सहानुभूति है.

दिल्ली में 4 दिसंबर को होने वाले नगर निगम के चुनाव के लिए आम आदमी पार्टी ने 134 उम्मीदवारों की पहली सूची जारी की थी. इसमें 70 महिलाओं को टिकट दिया गया. 117 उम्मीदवारों की दूसरी लिस्ट भी जारी कर दी गई है.

देखें वीडियो- बीजेपी सांसद मनोज तिवारी ने आम आदमी पार्टी पर अब क्या गंभीर आरोप लगाए?

Advertisement