कुमुद मिश्रा और पूजा हेगड़े कोरोना वायरस से संक्रमित हैं. (तस्वीर: फेसबुक)
Coronavirus Updates In India : कोविड-19 महामारी की दूसरी लहर में कोरोना वायरस से संक्रमितों और इससे मरने वालों की संख्या में लगातार इजाफा हो रहा है. लोगों को हॉस्पिटल में बेड नहीं मिल रहे. कई जगह ऑक्सीजन की घोर कमी देखी जा रही है. विदेशों से ऑक्सीजन मंगवाई जा रही. कोविड टेस्टिंग तक में बहुत अधिक वक्त लग रहा है. और इन सबके बीच नए केसों की संख्या हर दिन 3 लाख के पार जा रही है. केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में कोरोना वायरस से संक्रमण के 3,52,991 नए मामले सामने आए हैं और 2,812 लोगों की कोविड की वजह से मौत हो गई है.
कुमुद मिश्रा कोरोना संक्रमित हुए
एक्टर कुमुद मिश्रा कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. उनका इलाज़ मध्य प्रदेश के रीवा के एक प्राइवेट हॉस्पिटल में जारी है. सांस लेने में दिक्कत होने पर उन्हें हॉस्पिटल में भर्ती किया गया था. आजतक की एक रिपोर्ट मुताबिक़ हाल में कुमुद की मां भी कोरोना से संक्रमित हो गईं थीं. कुमद मिश्रा हाल में थप्पड़, आर्टिकल 15, मुल्क, अय्यारी जैसे फिल्मों में दिखे थे. तांडव वेबसीरीज़ में भी कुमुद ने गोपाल दस मुंशी का रोल निभाया था.
BJP विधायक संगीत सोम कोरोना संक्रमित
उत्तर प्रदेश के सरधना के बीजेपी विधायक संगीत सोम ने फेसबुक पोस्ट कर जानकारी दी है कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गए हैं. संगीत के साथ उनके बेटे और बेटी भी वायरस से संक्रमित हो गए हैं.
सभी को राम राम !!!
मेरी कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है, मेरे पुत्र एवं पुत्री की कोरोना रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। हम सभी... Posted by Sangeet Singh Som on Sunday, 25 April 2021
संगीत सोम अपने विवादित बयानों और भड़काऊ भाषणों के लिए जाने जाते हैं. मुजफ्फरनगर दंगों में भी संगीत सोम आरोपी रहे हैं. उनकी मांग है कि मुजफ्फरनगर का नाम बदलकर लक्ष्मीनगर किया जाए. इकलाख हत्याकांड में भी संगीत ने कई विवादित बयान दिए थे.
पूजा हेगड़े कोरोना पॉजिटिव
पूजा हेगड़े ने ट्वीट कर जानकारी दी है कि वह कोरोना वायरस से संक्रमित हो गई हैं.
पूजा ने आशुतोष गोवारिकर की फिल्म 'मोहेंजो दारो' साथ हिंदी फिल्मों की शुरुआत की थी. पूजा हिंदी के साथ कई तमिल और तेलुगु फिल्मों में भी काम कर चुकी हैं.
गेंदबाज़ अश्विन के परिवार वाले कोरोना संक्रमित
आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स के स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने इस साल आईपीएल से ब्रेक लेने का फ़ैसला लिया है. अश्विन ने इसको लेकर एक ट्वीट में लिखा-
मैं 27 अप्रैल से इस साल के आईपीएल से ब्रेक ले रहा हूं. मेरा परिवार इस वक्त कोरोना के खिलाफ लड़ाई लड़ रहा है और मैं उनका साथ देना चाहता हूं. मैं उम्मीद करता हूं कि सब कुछ सही रहे तो वापस आकर खेलने की कोशिश करूंगा. शुक्रिया.
अश्विन की रिक्वेस्ट को लेकर टीम दिल्ली कैपिटल्स ने उन्हें पूरी तरह से सपोर्ट करने की बात कही है.
कितने लोगों को वैक्सीन लगी?
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक़ अब तक 11 करोड़ 92 लाख से अधिक आबादी को वैक्सीन की पहली डोज़ दी जा चुकी है. वैक्सीन की दूसरी डोज़ अब तक करीब 2.26 करोड़ लोगों को लगी है. डेटा 26 अप्रैल सुबह 7 बजे तक का है.