The Lallantop

'प्रणाम क्यों नहीं किए?' कहकर कांग्रेस नेता के बेटे ने लड़के को बुरी तरह पीट दिया!

कांग्रेस नेता बोले- 'ये उनकी छवि खराब करने की साजिश है.'

Advertisement
post-main-image
एक वीडियो भी सामने आया है, जो इस घटना का बताया जा रहा है. (फोटो: वीडियो स्क्रीनशॉट)

झारखंड के धनबाद में एक कांग्रेस नेता के बेटे पर एक नाबालिग लड़के की पिटाई का आरोप है. कहा जा रहा है कि लड़के को इसलिए पीटा गया क्योंकि उसने कांग्रेस नेता के बेटे को प्रणाम नहीं किया था. ये आरोप कांग्रेस नेता रणविजय सिंह के बेटे रणवीर सिंह पर लगाया गया है. इंडिया टुडे के सत्यजीत कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक कांग्रेस नेता रणविजय सिंह ने अपने बेटे पर लगे आरोपों से इनकार किया है. वहीं पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एक वीडियो भी सामने आया है, जो इस घटना का बताया जा रहा है. वीडियो में कई लोग किसी को पीटते दिख रहे हैं और गाली देते हुए कह रहे हैं, 'प्रणाम काहे नहीं किया'. कहा जा रहा है कि वीडियो में कांग्रेस नेता के बेटे रणवीर सिंह और उनके साथ के लोग लड़के की पिटाई कर रहे हैं. ये घटना तीन दिन पहले की बताई जा रही है. धनबाद के कोयला नगर की.

पीड़ित लड़के ने क्या बताया?

स्कूल में पढ़ने वाले पीड़ित लड़के ने कांग्रेस नेता के बेटे पर आरोप लगाते हुए कहा,

Advertisement

"मैं अपनी कोचिंग से निकल कर कोयला नगर शॉपिंग कॉम्प्लेक्स गया था. मैं अपने दोस्त के साथ खड़ा था, तभी 6-7 गाड़ियां आईं. रणवीर सिंह की गाड़ी थी. 20-25 लोग निकले. उन लोगों ने मुझे पकड़ कर कहा कि प्रणाम क्यों नहीं किए? मैंने बोला नहीं करूंगा. बस उन लोगों ने मुझे मारना शुरू कर दिया. बोला कि हमको मन कर रहा है तुमको मारने का. फिर मुझे मारते-मारते गाड़ी में बैठाया. गाड़ी में भी मारा."

पीड़ित लड़के का कहना है कि उसके बाद वो लोग उसे एक चाय की दुकान पर ले गए. वहां भी उसे मारा गया. उसे पिस्तौल की बट और लाठियों से पीटा गया, लात मारी गई. फिर उसे जबरदस्ती कांग्रेस नेता के बेटे के पैरों पर गिराया गया. लड़के ने बताया कि फोन करके उसके पिता को धमकी दी गई कि उन लोगों ने उनके बेटे को उठा लिया है. पीड़ित लड़के का कहना है कि उसका कांग्रेस नेता के बेटे से कोई विवाद नहीं हुआ था, उनकी कोई जान-पहचान नहीं थी.

वहीं पीड़ित के पिता ने बताया कि उनके पास फोन आने के बाद उन्होंने तुरंत कांग्रेस रणविजय सिंह को फोन किया था. घटना की जानकारी दी थी. पीड़ित के पिता के मुताबिक कांग्रेन नेता ने उनसे कहा था कि वो इस पर बाद में बात करेंगे.

Advertisement
क्या बोले कांग्रेस नेता?

आरोपी रणवीर के पिता और कांग्रेस नेता रणविजय सिंह ने अपने बेटे पर लगे सभी आरोपों से इनकार किया है. उन्होंने कहा कि ये उनकी छवि खराब करने की साजिश है. उनके बढ़ते राजनीतिक ग्राफ से उनके विरोधी चिंतित हैं. उन्होंने पुलिस से वीडियो की सत्यता की जांच करने की भी अपील की है. उन्होंने कहा कि वीडियो में उनके बेटे का चेहरा नजर नहीं आ रहा है.

धनबाद के SSP (सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस) संजीव कुमार ने कहा है कि कोई भी कानून से बड़ा नहीं है. कानून अपना काम करेगा. आरोपी के खिलाफ FIR दर्ज कर ली गई है. मामले की जांच जारी है.

वीडियो: 'थप्पड़ खाएगा...', लखनऊ ट्रैफिक पुलिस ने कार उठाई, जज का बेटा दबंगई दिखाकर हड़काने पहुंच गया

Advertisement