दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ( Delhi Cm Arvind Kejriwal ) को जमानत मिल गई है. 16 मार्च को केजरीवाल दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए. बार-बार ED का समन मिलने के बाद वो एजेंसी के सामने पेश नहीं हो रहे थे. जिसपर ED मामले को लेकर कोर्ट पहुंची थी. अब इसी को लेकर अरविंद केजरीवाल कोर्ट पहुंचे थे.
अरविंद केजरीवाल को बड़ी राहत, कोर्ट में हाजिर होने पर मिल गई जमानत, मामला क्या है?
दिल्ली शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग (Delhi liquor Scam case) को लेकर ED ने केजरीवाल को समन भेजे थे. अब इस पर केजरीवाल को कोर्ट क्यों जाना पड़ा? क्या-क्या हुआ?

आजतक से जुड़े पंकज जैन और अमित भारद्वाज की रिपोर्ट के मुताबिक 16 मार्च की सुबह अरविंद केजरीवाल दिल्ली के राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए. इस दौरान उनकी तरफ से दो वकील रमेश गुप्ता और राजीव मोहन ने कोर्ट में दलीलें दीं. सुनवाई के दौरान केजरीवाल को 15,000 रुपए के जमानती बॉन्ड और एक लाख रुपए के निजी मुचलके पर जमनात दे दी गई.
AAP ने क्या कहा?आम आदमी पार्टी के लीगल हेड संजीव कुमार ने बताया,
'अदालत ने अरविंद केजरीवाल को मामले पर पेश होने के लिए कहा था. पिछली सुनवाई में केजरीवाल वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश हुए थे. जिसके बाद उन्हें कोर्ट में फिजिकली पेश होने के के लिए कहा गया था. आज केजरीवाल कोर्ट में पहुंचे थे और उन्हें जमानत मिल गई'
उन्होंने आगे बताया कि ED के समन को लेकर उनका रुख साफ है. उनका कहना है कि समन कानून के मुताबिक नहीं है. इस पर अदालत ही फैसला करेगी. उन्हें अदालत के फैसले पर पूरा भरोसा है.
क्या है मामला?दिल्ली के कथित शराब घोटाले में मनी लॉन्ड्रिंग को लेकर ED ने केजरीवाल को 8 समन भेजे थे. जिस पर केजरीवाल ED के सामने पेश नहीं हुए. इसे लेकर ED ने 3 और 6 मार्च को शिकायत दर्ज करवाई थी. अरविंद केजरीवाल के खिलाफ IPC की धारा 174 (सरकारी समन की तामील ना करना) के तहत मामला दर्ज किया गया था. मामले पर अरविंद केजरीवाल एक सुनवाई के दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े थे. इस दौरान उन्होंने खुद अदालत को 16 मार्च को कोर्ट में पेश होने का आश्वासन दिया था. उनका कहना था कि दिल्ली विधानसभा में बजट सत्र के चलते वो पेश नहीं हो पाए थे.
ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल, मनीष सिसोदिया को बड़ी राहत, मुख्य सचिव से मारपीट के मामले में कोर्ट ने बरी किया
अरविंद केजरीवाल की पेशी के दौरान कोर्ट परिसर की सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई थी. इस दौरान दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने कोर्ट के आसपास के कई रूट बदल दिए थे.












