कनाडा के पीएम ने कुछ समय पहले कहा था कि देश में कोरोना वैक्सीन लगाने में देरी होगी, इसे लेकर विपक्षी दलों के निशाने पर भी रहे थे.(फोटो - इंडिया टुडे)
ब्रिटेन में 8 दिसंबर मंगलवार से कोरोना की वैक्सीन लगाने का काम शुरु कर दिया गया. इसी बीच, कनाडा ने भी अपने यहां वैक्सीनेशन की शुरूआत करने की बात कही है. कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो ने कहा है कि यह काम अगले हफ्ते से किया जा सकता है. कनाडाई पीएम हाल ही में भारत में किसान आंदोलन को लेकर अपने बयान को लेकर चर्चा में रहे थे. उनके इस बयान पर भारत सरकार ने आपत्ति भी जताई थी.
वैक्सीन के अप्रूवल की कवायद तेज कनाडा के प्रधानमंत्री ने बताया कहा कि अमेरिका की कंपनी फ़ाइज़र और जर्मनी की बायोएनटेक कंपनी द्वारा तैयार की गयी कोरोना वैक्सीन की ढाई लाख डोज़ दिसंबर में ही कनाडा पहुंच जाएंगी. वैक्सीन के अप्रूवल के बारे में जानकारी देते हुए उन्होंने कहा कि 10 दिसंबर तक कनाडा का सरकारी स्वास्थ्य विभाग, हेल्थ कनाडा इस वैक्सीन के अप्रूवल की प्रक्रिया पूरी कर लेगा.
बता दें कि ट्रूडो कोरोना वैक्सीन को लेकर दिए एक बयान की वजह से कनाडा की विपक्षी पार्टियों के निशाने पर आ गए थे. उन्होंने कहा था कि वैक्सीन लेने वालों में कनाडाई आगे नहीं होंगे, क्योंकि वैक्सीन की शुरूआती डोज़ उन देशों के नागरिकों को लगेंगी, जहां वैक्सीन बन रही हैं. उनका कहना था कि कनाडा में वैक्सीन के बड़े पैमाने पर उत्पादन की सुविधा नहीं है. इसके बाद, सोमवार 7 दिसंबर को जस्टिन ट्रूडो ने जल्द ही वैक्सीन लगाने का काम शुरु होने की बात कही. उन्होंने कहा है कि फ़ाइज़र और बायोएनटेक के अलावा कनाडा 6 और वैक्सीन बनाने वाली कंपनियों से करार कर चुका है. सबसे पहले वैक्सीन बुज़ुर्गों और लम्बे समय तक केयर-होम्स में काम करने वाले लोगों को लगाई जायेगी.
आबादी से 4 गुना वैक्सीन मंगवाईं
एक रिपोर्ट में कहा गया कि कनाडा ने अपनी आबादी के चार गुना वैक्सीन का ऑर्डर दे दिया है. इनमें मॉडर्ना से 4 करोड़ डोज, फाइजर से करीब ढाई लाख डोज शामिल हैं. ब्लूमबर्ग वैक्सीन ट्रैकर के मुताबिक, यूके ने अपनी आबादी की 295 प्रतिशत और ऑस्ट्रेलिया ने 269 फीसदी वैक्सीन का ऑर्डर दिया है.
पहले UK, अब कनाडा
कनाडा से पहले फाइजर और बायोएनटेक कंपनी द्वारा तैयार वैक्सीन को UK में अप्रूवल मिल चुका है. ब्रिटिश स्वास्थ्य मंत्री मैट हैन्कॉक ने बताया कि वैक्सीन की पहली 8 लाख डोज अगले हफ्ते उपलब्ध हो जाएंगी. मंगलवार से ब्रिटेन में टीकाकरण शुरु कर दिया गया. पहली वैक्सीन 90 साल की एक महिला को लगाई गई.
किसान आंदोलन वाले बयान पर घिरे थे
कनाडा के प्रधानमंत्री ट्रूडो ने हाल में भारत में चल रहे किसान आंदोलन पर चिंता जताई थी, जिसे लेकर भारत में काफी आलोचना हुई थी. उन्होंने कहा था,
"भारत से किसानों के आंदोलन के बारे में खबर आ रही है. स्थिति चिंताजनक है. सच्चाई ये है कि आप भी अपने दोस्तों और परिवारों को लेकर फिक्रमंद हैं. मैं याद दिलाना चाहता हूं कि कनाडा ने हमेशा शांतिपूर्ण तरीके से विरोध प्रदर्शन के अधिकार का समर्थन किया है."
भारतीय विदेश मंत्रालय ने ट्रूडो के इस बयान को गैरज़रूरी बताते हुए कहा था कि सियासत के लिए कूटनीतिक बयानों का सहारा नहीं लिया जाना चाहिए.