The Lallantop

वायरल वीडियो वाले BSF जवान की पत्नी की कोरोना से मौत, मुश्किल से मिला था बेड

मध्य प्रदेश के रीवा का मामला.

Advertisement
post-main-image
BSF जवान बीते दिनों अपनी कोरोना संक्रमित पत्नी के इलाज के लिए करीब 8 घंटे भटकता रहा. मगर उसे कहीं बेड नहीं मिला. काफी कोशिश के बाद बेड मिला लेकिन पत्नी का इलाज के दौरान निधन हो गया.
कोरोना के मामले बद से बदतर होते जा रहे हैं. आम से लेकर खास तक को बेड नहीं मिला रहा है. लोग हॉस्पिटल के बाहर दम तोड़ रहे हैं. ऐसा ही एक मामला सामने आया है रीवा से. BSF जवान बीते दिनों अपनी कोरोना संक्रमित पत्नी के इलाज के लिए करीब 8 घंटे भटकता रहा. मगर उसे कहीं बेड नहीं मिला. मीडिया ने जब खबरें चलाई तो SGM हॉस्पिटल में किसी तरह बेड की व्यवस्था हुई. लेकिन 24 अप्रैल की शाम उसकी पत्नी ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था. इसमें BSF जवान विनोद तिवारी रो-रो कर बता रहे थे कि उन्हें उनकी पत्नी के लिए कहीं बेड नहीं मिल रहा. रोते-बिलखते हुए उन्होंने बताया कि कई निजी अस्पतालों के चक्कर भी काटे, मगर बेड की व्यवस्था नहीं हुई. उनका ये वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ. वो अपनी कार में बैठे थे और उनकी पत्नी बगल वाली सीट पर लेटी हुई थीं. इसके बाद सोशल मीडिया पर खबरें चलने लगी. लोगों ने BSF को टैग किया. बाद में वो संजय गांधी अस्पताल पहुंचे. वहां भी बड़ी मुश्किल से उनकी पत्नी को बेड मिला. विनोद तिवारी की पत्नी ने 24 अप्रैल को दम तोड़ दिया. विनोद ने खुद अपनी पत्नी के निधन की बात बताई. उन्होंने कहा कि उनका 13 साल का एक बेटा है और 8 साल की बेटी है. दोनों बच्चों को पता भी नहीं की उनकी मां अब इस दुनिया में नहीं रहीं. विनोद की पत्नी का अंतिम संस्कार कोरोना प्रोटोकॉल को ध्यान में रखकर किया जाएगा. उनके शव को अंतिम दर्शन के लिए घर पर भी नहीं लाया जा सकता. विनोद तिवारी बॉर्डर सिक्योरिटी फोर्स त्रिपुरा में 3 बटालियन में तैनात हैं. वे चार दिनों की छुट्टी पर रीवा आए थे. बीते मंगलवार उनकी वाइफ श्यामवती तिवारी की अचानक तबियत खराब हो गई. जिला अस्पताल में उनकी जांच करवाई गई तो उनकी कोविड रिपोर्ट पॉज़िटिव आई. श्यामवती को सांस लेने में तकलीफ थी और उनके सीने में काफी दर्द भी था. देश के कई राज्यों में बेड की कमी के कारण लोगों को ऐसी ही स्थिति से गुज़रना पड़ रहा है. लंबी कतारों और इंतज़ार के बाद भी हॉस्पिटल में कोरोना मरीज़ों के लिए कोई जगह नहीं मिल रही. ऑक्सीजन की कमी के कारण भी बहुत से लोगों को अपनी जान गंवानी पड़ रही है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement