The Lallantop

BJP MP के काफिले की 'गाड़ियों' की टक्कर से बच्चे की मौत, पिता बोला- 'सांसद रुके तक नहीं'

घर का इकलौता बेटा था अभिषेक. पिता ने कहा- 'सांसद रुकते तो बेटे की जान बच सकती थी.'

Advertisement
post-main-image
सांसद हरीश द्विवेदी और घटना का CCTV फुटेज (फोटो- आज तक)

उत्तर प्रदेश (uttar pradesh) के बस्ती जिले में बीजेपी सांसद के काफिले की गाड़ियों से टकराकर एक बच्चे की मौत हो गई. बताया गया सांसद के काफिले में शामिल दो SUV बच्चों को टक्कर मारकर निकल गईं. घटना उस वक्त हुई जब बच्चा स्कूल से घर लौट रहा था.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक मामला बस्ती जिले के बडेबन इलाके का है. यहां शनिवार, 26 नवंबर को बीजेपी सांसद हरीश द्विवेदी का काफिला गुजर रहा था. उसी दौरान SUV की टक्कर से अभिषेक नाम के बच्चे की मौत हो गई. वो कक्षा दो में पढ़ता था. घटना के समय स्कूल से घर लौट रहा था. अखबार ने बताया कि घर से करीब 200 मीटर की दूरी पर अभिषेक को SUV ने टक्कर मार दी. इसकी जानकारी मिलते ही अभिषेक के पिता शत्रुघ्न राजभर ने शहर के कोतवाली थाने में दो सफेद रंग की टोयोटा फॉर्च्यूनर के खिलाफ FIR दर्ज कराई.

बस्ती के एसपी आशीष श्रीवास्तव ने अखबार को बताया कि मामले को लेकर कोतवाली थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई है. आशीष के मुताबिक अभिषेक 38 वर्षीय शत्रुघ्न राजभर मजबूरी करते हैं. उनके चार बच्चे हैं. अभिषेक उनका इकलौता बेटा था.

Advertisement

मामले को लेकर बस्ती सीओ आलोक प्रसाद ने बताया,

“मृतक के परिवार ने आरोप लगाया है कि दुर्घटना एक फॉर्च्यूनर से हुई है जिसमें एक जनप्रतिनिधि मौजूद था. हम गाड़ी के ड्राइवर और गाड़ी को ढूंढने का प्रयास कर रहे हैं.”

वहीं अभिषेक के चाचा प्रदीप कुमार राजभर ने पुलिस पर विधायक के खिलाफ कार्रवाई न करने का आरोप लगाया है. उन्होंने कहा,

Advertisement

“हमने पुलिस को घटनास्थल के पास लगे एक सीसीटीवी कैमरे की फुटेज दी है. फुटेज में साफ दिख रहा है कि कुछ लोग बड़ी आवाज सुन कर भागे हैं. एक दूसरी फुटेज में आवाज उस वक्त सुनाई दी जब एक सफेद फॉर्च्यूनर घटनास्थल से गुजरी थी.”

प्रदीप ने आगे कहा,

“एक अन्य फुटेज में, जो कि घटनास्थल से एक किलोमीटर दूर का है, सांसद हरीश द्विवेदी और उनके साथी फॉर्च्यूनर का निरीक्षण करते हुए दिख रहे हैं. SUV का बंपर क्षतिग्रस्त हो गया. हम सांसद के रवैये को देखकर हैरान हैं, जिन्होंने अपनी गाड़ी से टक्कर लगने के बाद रुकने की कोशिश भी नहीं की. मैंने उन पर कार्रवाई के लिए पुलिस को सभी फुटेज उपलब्ध करा दिए हैं.”

प्रदीप ने आगे जानकारी दी कि स्थानीय लोगों ने उन्हें बताया कि सांसद हरीश द्विवेदी की दो फॉर्च्यूनर कार ने लड़के को टक्कर मारी थी. कहा कि अगर सांसद मौके पर रुक जाते और लड़के को समय पर अस्पताल पहुंचा देते तो उसकी जान बचाई जा सकती थी.

सांसद ने क्या कहा?

घटना को लेकर सांसद हरीश की सफाई भी सामने आई है. उन्होंने इंडियन एक्सप्रेस को बताया,

“मैं जिस गाड़ी से जा रहा था उससे कोई भी हादसा नहीं हुआ. मेरी गाड़ी आगे चल रही थी. मेरे पीछे और भी गाड़ियां आ रही थीं लेकिन मुझे नहीं पता कि हादसा कैसे हुआ. मृतक के परिवार के साथ मेरी सहानुभूति है और हम उन्हें हर संभव मदद मुहैया करा रहे हैं. मैंने पुलिस से ड्राइवर और शामिल गाड़ी का जल्द पता लगाने की बात कही है.” 

हरीश द्विवेदी बीजेपी युवा मोर्चा के पूर्व अध्यक्ष हैं. उन्होंने बस्ती से साल 2014 में अपना पहला लोकसभा (lok sabha) चुनाव जीता था. उन्होंने कहा है कि अगर दुर्घटना उनकी गाड़ी से हुई होती तो वो भागते नहीं. इस घटना पर पुलिस ने IPC धारा 303-ए और 279 के तहत मामला दर्ज कर लिया है. लेकिन अभी तक किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है.

वीडियो- आफताब पर तलवार से हमला किया, पुलिस को बंदूक निकालनी पड़ गई

Advertisement