बिहार के मधेपुरा जिले में एक व्यक्ति की पत्नी मायके गई. बुलाने पर वापस नहीं आई. इसी पर वो नाराज हुआ. फिर उसने कथित रूप से अपने प्राइवेट पार्ट को ही काट लिया. विश्वास नहीं होगा लेकिन ऐसा सच में हुआ है. घटना मधेपुरा के रजनी नयानगर की है. 25 साल के कृष्णा बासुकी को मधेपुरा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराना पड़ा. अस्पताल के डॉक्टर ने बताया कि उसकी हालत फिलहाल ठीक है.
पत्नी मायके चली गई, पति ने नाराज़ होकर प्राइवेट पार्ट काट लिया
परिवार के लोग पहुंचे तो कमरा खून से लथपथ था.


आज तक से जुड़े मुरारी सिंह की रिपोर्ट के मुताबिक घटना 20 जनवरी की रात की है. कृष्णा बासुकी पंजाब के मंडी में रहकर काम करता है. दो महीने पहले वो घर आया था. तब से घर पर ही रह रहा था. कृष्णा की तीन बेटी और एक बेटा है. परिवार के एक सदस्य कैलाश ने बताया कि कृष्णा की पत्नी अनिता दिन में मायके चली गई थी. खोजने लगा तो नहीं मिली. रात करीब 8 बजे के करीब उन्होंने अपने प्राइवेट पार्ट को काट लिया. उसका किसी से कोई झगड़ा नहीं हुआ था.
निगरानी में रखा जाएगा- डॉक्टरपरिवार के लोगों ने देखा कि उसके कमरे में खून ही खून था. पहले कृष्णा को मुरलीगंज के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) में भर्ती कराया. चूंकि हालत गंभीर थी इसलिए डॉक्टरों ने उसे मधेपुरा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया. अस्पताल के एक डॉक्टर ने बताया कि चूंकि उसने प्राइवेट पार्ट को नुकसान पहुंचाया है, इसलिए उसे कुछ दिन निगरानी में रखा जाएगा. डॉक्टर ने कहा कि फिलहाल वो खतरे से बाहर है.
आसपास के कुछ लोगों ने बताया कि कृष्णा मानसिक रूप से स्वस्थ नहीं है. हालांकि डॉक्टरों ने इसकी पुष्टि नहीं की है.
बिहार में इसी तरह का एक मामला कई साल पहले भी आया था. ये मामला 'पुत्र मोह' का था. सितंबर 2014 में सीवान जिले में एक व्यक्ति ने खुद का प्राइवेट पार्ट काट लिया था. खोजवा गांव के रहने वाले व्यक्ति को दो बेटी थी. कतर में रहकर काम करता था. जब छुट्टी पर घर आया तो लड़की पैदा होने के कारण पत्नी से झगड़ा करता था. एक दिन पत्नी से बहस होने के बाद उसने ऐसा कदम उठा लिया.
वीडियो: दी लल्लनटॉप शो: बिहार के मंत्री ने रामचरित मानस पर कितना सही, कितना गलत कहा, पकड़ा गया


















