दिल्ली में स्वतंत्रता दिवस (Independence Day) के मौके पर झंडा फहराए जाने को लेकर संशय बरकरार है. दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) ने आतिशी मार्लेना (Atishi Marlena) को 15 अगस्त के दिन झंडा फहराने की परमिशन नहीं दी है. छत्रसाल स्टेडियम में होने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की तरफ से आतिशी का नाम प्रस्तावित किया गया था.
आतिशी को नहीं मिली परमिशन, अब कौन फहराएगा 15 अगस्त को दिल्ली में झंडा?
Independence Day के मौके पर झंडा फहराए जाने को लेकर संशय बरकरार है. GAD ने Atishi Marlena को 15 अगस्त के दिन झंडा फहराने की परमिशन नहीं दी है.


इंडिया टुडे से जुड़े कुमार कुणाल की रिपोर्ट के मुताबिक GAD मंत्री गोपाल राय ने 12 अगस्त को विभाग को निर्देश दिया कि आतिशी के लिए ध्वज फहराने की व्यवस्था की जाए. गोपाल राय के निर्देश का जवाब देते हुए दिल्ली सरकार के जनरल एडमिनिस्ट्रेशन डिपार्टमेंट (GAD) ने इस प्रस्ताव को खारिज करते समय नियमों का हवाला दिया. GAD के अतिरिक्त मुख्य सचिव नवीन कुमार चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के निर्देश कानूनी रूप से अवैध हैं. नवीन कुमार के मुताबिक स्वीकार नहीं किया जा सकता, क्योंकि जेल नियमों के अनुसार इसकी इजाजत नहीं है.
ये भी पढ़ें: अरविंद केजरीवाल को झटका, जमानत याचिका तो खारिज हुई ही, CBI एक्शन पर भी राहत नहीं मिली
दरअसल, अरविंद केजरीवाल शराब घोटाला मामले में जेल में बंद हैं. उन्होंने स्वतंत्रता दिवस को झंडा फहराने के संबंध में 6 अगस्त को उपराज्यपाल को पत्र लिखा था. उन्होंने पत्र के माध्यम से बताया था कि स्वतंत्रता दिवस के मौके पर 15 अगस्त को मंत्री आतिशी सिंह में झंडा फहराएंगी. इस मामले को लेकर जब दिल्ली उपराज्यपाल वी के सक्सेना से पूछा गया कि अब दिल्ली में झंडा कौन फहराएगा? जिसका जवाब देते हुए उपराज्यपाल ने कहा, "धन्यवाद."
दरअसल, दिल्ली में हर साल स्वतंत्रता दिवस के मौके पर छत्रसाल स्टेडियम में कार्यक्रम आयोजित किया जाता है, जिसमें मुख्यमंत्री झंडा फहराते हैं. लेकिन इस बार मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल जेल में हैं. ऐसे में अब ये मुश्किल आन पड़ी है. रिपोर्ट के मुताबिक ऐसी अटकलें लगाई जा रही है कि उपराज्यपाल या फिर दिल्ली के चीफ सेक्रेटरी 15 अगस्त को झंडा फहरा सकते हैं. इसके लिए संभावनाएं तलाशी जा रही हैं.
साल 1993 के बाद से ये पहला मौका होगा जब दिल्ली में कोई मुख्यमंत्री 15 अगस्त या 26 जनवरी के मौके पर झंडा फहराते हुए नजर नहीं आएंगे. स्वतंत्रता दिवस में महज दो दिन का समय बचा हुआ है, ऐसे में देखना दिलचस्प होगा कि छत्रसाल स्टेडियम में झंडा कौन फहराता है.
वीडियो: सुप्रीम कोर्ट से अरविंद केजरीवाल को राहत, ED को झटका























