ऑफ स्टंप के बाहर अमित मिश्रा की फ्लैटर बॉल. बल्लेबाज बॉल के नीचे आया और लॉन्ग ऑन के ऊपर उड़ा दिया. 6 रन. फिर क्रीज से उसने अपने डोलों की तरफ इशारा किया, जैसे कह रहा हो कि मैंने सारी ताकत यहां बटोर रखी है. कैमरा मुंबई इंडियंस के डगआउट की तरफ. कोच रिकी पॉन्टिंग की तिरछी हंसी.दो शानदार लेगस्पिनर. अमित मिश्रा और इमरान ताहिर. एक 'महाअनुभवी' खब्बू पेसर, ज़हीर खान. लेफ्ट आर्म स्पिनर अलबत्ता नया था, शाहबाज़ नदीम.
रविवार रात आईपीएल के एक मैच में एक लड़का इन सबको धो रहा था. सब चकित थे. लेकिन डग-आउट में उसके छोटे भाई हार्दिक पांड्या के चेहरे पर एक सुस्त मुस्कान थी. वह बिना अतिरिक्त उत्साह दिखाए ताली बजा रहा था. जैसे कह रहा हो, मुझे पहले से पता था कि मेरा भाई क्या कर सकता है.
क्रुणाल पांड्या ने रविवार रात गैस्पैदरा फाड़ दिया. 37 बॉल पर 86 रन कूटे. चौके मारे 7. छ्क्के मारे 6. इस पारी की बदौलत मुंबई ने दिल्ली को 206 रन का टारगेट दिया और 80 रन से जीत हासिल की.
"attachment_19551" align="alignnone" width="801"

क्रुणाल, हार्दिक. Photo: BCCI
शुरुआती दिनों में दोनों भाई 400-500 रुपये कमाने के लिए पास के गांव में क्रिकेट खेलने जाते थे. क्रुणाल ने बताया, 'गांव का नाम था पालेज.' हर मैच के 400-500 रुपये मिल जाते थे. क्रुणाल के मुताबिक, वो दिन नहीं होते तो आज के दिन भी नहीं होते.
2
भाई से 20 गुना महंगे बिके क्रुणाल
2015 IPL की नीलामी पांड्या परिवार के लिए खुशियां लाई. हार्दिक पांड्या को मुंबई इंडियंस ने उनके बेस प्राइज 10 लाख रुपये में खरीदा. तब तक क्रुणाल के हुनर से ज्यादा लोग वाकिफ नहीं थे. फिर भी मुंबई ने उन्हें हार्दिक के मुकाबले 20 गुना ज्यादा कीमत में खरीदा. यानी 2 करोड़ रुपये.उस दिन क्रुणाल 10:30 बजे प्रैक्टिस पर निकले और 3:30 बजे घर लौटे थे. तब तक उन्हें खरीदा नहीं गया था. घर पर सब लोग साथ बैठे थे. जब उनका नाम आया और बोली बढ़ती गई तो यह हैरानी भरी खुशी का मौका था. क्रुणाल कहते हैं, मैं तो खुशी से चिल्ला रहा था.
3
छुटके से 9 दिन बाद किया डेब्यू
क्रुणाल हार्दिक से दो साल बड़े हैं, लेकिन T20 डेब्यू हार्दिक का पहले हुआ. हार्दिक ने 17 मार्च 2013 को मुंबई के खिलाफ पहला डोमेस्टिक T20 मैच खेला. बैटिंग नहीं आई. 3 ओवर गेंदबाजी की, 22 रन दिए. कोई विकेट नहीं मिला.क्रुणाल का डोमेस्टिक T20 डेब्यू इसके 9 दिन बाद हुआ. 26 मार्च 2013, बंगाल के खिलाफ. 2 ओवर फेंके, 15 रन दिए. 11 बॉल में 12 रन बनाकर आउट हो गए.

फ्लाइट में भाई के कंधे पर सो गए हार्दिक. Photo: BCCI
दोनों भाई घरेलू क्रिकेट में बड़ौदा की टीम से खेलते थे. इत्तेफाक है कि टीम इंडिया के भाइयों की दूसरी जोड़ी इरफान पठान-यूसुफ पठान भी इसी टीम से ताल्लुक रखती है. अगर क्रुणाल कभी इंटरनेशनल टीम में चुने जाते हैं तो दो भाइयों की जोड़ी देने का गौरव बड़ौदा के पास होगा. क्रुणाल अपने छोटे भाई के कॉन्फिडेंस और मेहनत के मुरीद हैं और कहते हैं कि उससे बहुत कुछ सीखता रहता हूं.
4
IPL से पहले एक साल तक मैदान से दूर थे क्रुणाल
IPL में चुने जाने से पहले क्रुणाल करीब एक साल तक क्रिकेट के मैदान से दूर थे. साहिर मुश्ताक अली ट्रॉफी में सौराष्ट्र के खिलाफ उन्होंने आखिरी मैच खेला था. इसकी वजह उनके कंधे की चोट थी. जिसकी उन्हें सर्जरी करानी पड़ी थी.5
हरफनमौला परफॉर्मेंस
क्रुणाल लेफ्ट हैंड अटैकिंग बैट्समैन और लेफ्ट आर्म स्पिनर हैं. उन्होंने सिर्फ 26 T20 और 4 लिस्ट A मैच खेले हैं. 26 T20 मैचों में उन्होंने 400 रन बनाए हैं और दिल्ली के खिलाफ 86 रन की पारी उनका निजी बेस्ट स्कोर है. बीसमबीस मैचों में उनका स्ट्राइक रेट 165 का रहा है. गेंद से भी उनकी परफॉर्मेंस काबिले-गौर रही है. 22 विकेट लिए हैं, 21.22 के ऐवरेज से. इकॉनमी 6.41. बेस्ट बोलिंग फिगर है 25 रन देकर 3 विकेट.
क्रुणाल. Photo: BCCI
क्रुणाल पांड्या ने अपनी इनिंग में बॉटम हैंड और ताकत का बढ़िया इस्तेमाल किया. जो शॉट टाइम नहीं हुए, वे भी बाउंड्री पार गए. T-20 क्रिकेट में और चाहिए भी क्या होता है. एक इनिंग्स के बेस पर टीम इंडिया में किसी की जगह के बारे में बात करना थोड़ी जल्दबाजी होगी. लेकिन IPL में ऐसी एकाध पारी और खेल दें तो क्रुणाल को नजरअंदाज करना मुश्किल होगा.



















