क्या दृश्य होता है वो जब आप तीज-त्यौहार पर सफाई करने के लिए रैक और अलमारियां खिसकाते हैं, और दर्शन हो उठते हैं नन्हे नन्हे रौशनी पा कर बिलबिलाते कॉकरोच के बच्चों के. पुराने दरवाजों की दरारों से ले कर किचन की नालियों तक, कॉकरोच एक ऐसा जीव है जो घर के किसी भी कोने से बड़े ही अनपेक्षित तरीके से निकल कर आपको चौंका सकता है. फिर अगर आप मजबूत दिल के हैं तो चप्पल उठा के उसकी बलि चढ़ा देंगे. और अगर कमज़ोर हैं अगले 3 घरों तक खबर जायेगी कि आज आपके यहां कुछ घटा है. पर इससे डरने से पहले आप जान लें इसके बारें में कुछ ख़ास बातें: 1. कीड़ों का एक खानदान होता है ब्लैटोडे या ब्लैटेरिया. इसी खानदान से आते हैं कॉकरोच. दीमक कॉकरोच की बहन होती है. मतलब दोनों एक ही खानदान से आते हैं. 2. कॉकरोच 4,500 तरह के होते हैं. जिनमें से लगभग 30 तरह के कॉकरोच ऐसे हैं जो इंसानों के साथ रहना पसंद करते हैं. यानी घरों में पाए जा सकते हैं. 3. कॉकरोच शब्द आया स्पैनिश शब्द कुकाराचा से. कुका का मतलब एक नन्हा कीड़ा. सबसे पहले स्पेन में दीमक को कॉकरोच बुलाया गया. फिर केवल उड़ने वालेकॉकरोच को मेक्सिको में कॉकरोच कहा गया. फिर अमरीकी ने कॉकरोच को कॉकरोच कहना शुरू किया और तब से यही नाम पॉपुलर हो गया. 4. कॉकरोच हॉस्टल में रहने वाले, रात की 2 बजे वाली भूख से लाचार उस स्टूडेंट की तरह होते हैं जो घास से लेकर बीफ़ तक सब कुछ खा सकता है. ये सभी सड़ी-गली चीज़ें, कूड़ा-कचरा, बाल, किताबें, सब खा सकते हैं. पर अगर बात शौक की करें, तो इन्हें मीठा, गोश्त, और स्टार्च वाली चीज़ें पसंद होती हैं. ये बिना खाए महीनों जी सकते हैं ये और पानी के बिना एक हफ्ते तक. 5. कॉकरोच अपनी पॉटी के साथ केमिकल छोड़ते हैं. इन केमिकल्स से लेडी कॉकरोच सेक्स के लिए किसी जेंटलमैन को इनवाईट करती है. कुछ केमिकल्स यार दोस्तों को 'भाई खाना इधर छुपा है' वाला सिग्नल देने के लिए होते हैं. 6. कॉकरोच की आंख में एक नहीं, दो नहीं, हज़ार से भी ज्यादा लेंस होते हैं. इसलिए कॉकरोच एक साथ कई चीज़ें देख सकता है. 7. इनकी टांगें बहुत सेंसिटिव होती हैं. और इन्हीं टांगों पे होते हैं छोटे छोटे कांटे नुमा रोयें. ये रोयें कॉकरोचों को रेत या पथरीली जैसी मुश्किल सतहों पर चलने में मदद करते हैं. 8. ये नॉक्टर्नल यानी रात में चिल आउट करने वाले लोग होते हैं ये. उजाले से इन्हें विशेष घिन होती है. पर एशियन कॉकरोच इकलौता कॉकरोच होता है जिसे उजाले से प्रेम होता है. रात के अंधेरे में ये नाईट लैंप और टीवी स्क्रीन से चिपक लेते हैं. 9. कॉकरोच के पेट के नीचे दो सेंसर लगे होते हैं जिन्हें कहते हैं सर्की. हवा में होने वाली हलचल से इन्हें पास आये शिकारी का पता चल जाता है और ये तेज़ी में कट लेते हैं. 10. दुनिया का सबसे बड़ा और भारी कॉकरोच होता है ऑस्ट्रेलियन जायंट बरोइंग कॉकरोच. ये साढ़े तीन इंच लंबा होता है. यानी आपके कंप्यूटर के माउस जितना बड़ा हो सकता है. 11. फ्लोरिडा में पाया जाने वाला एक कॉकरोच चिड़ियों की तरह चहचहा सकता है 12. ये अपने शरीर की सतह पर बने छोटे छोटे छेदों से सांस लेता है. यानी सांस लेने के लिए कॉकरोच को धड़ से ऊपर के हिस्से की ज़रूरत नहीं. अगर आप कॉकरोच का सर काट दें तो कुछ दिनों बाद वो पानी की सप्लाई कटने से मर सकता है, पर सांस न लेने के कारण नहीं. 13. ग्रीनहाउस नाम की कॉकरोच को बच्चे पैदा करने के लिए नर की ज़रुरत नहीं पड़ती. ये पार्थोजेनेसिस से बच्चे पैदा करती है. यानी बिना फर्टिलाइजेशन के इनके अंडों से बच्चे निकलते हैं जो इनके क्लोन जैसे होते हैं.
चिड़ियों की तरह चहचहा सकता है कॉकरोच
कॉकरोचों के बारे में दस फैक्ट्स.
Advertisement

फोटो - thelallantop
Add Lallantop as a Trusted Source

Advertisement
Advertisement
Advertisement


















