The Lallantop

'विक्की डोनर' से पहले आयुष्मान ने क्यों रिजेक्ट की थी पांच फिल्में?

आयुष्मान की ये फिल्म सुपरहिट हुई थी.

Advertisement
post-main-image
आयुष्मान खुराना ने 'विक्की डोनर' फिल्म से ही बॉलीवुड में अपना डेब्यू किया था.
आयुष्मान खुराना. एक्टर हैं और सिंगर भी. कई सुपरहिट फिल्में दे चुके हैं. नेशनल अवॉर्ड भी मिल चुका है. कई खूबसूरत गानें भी गा चुके हैं. एक टीवी रिएलिटी शो से बड़े पर्दे तक की उनकी जर्नी शानदार रही है. आयुष्मान की इसी लाइफ के बारे में आज हम आपको कुछ इंट्रस्टिंग किस्से बताएंगे. ये किस्से कुछ पुराने हैं. उनके स्कूल के समय के और कुछ उनकी स्ट्रगल भरी लाइफ के. दरअसल हाल ही में इंडिया टुडे मैग्ज़ीन के 45 साल पूरे हुए हैं और इसी उपलक्ष्य में 45 प्रभावशाली लोगों से उनकी लाइफ के बारे में बातें की गई हैं. आयुष्मान उन्हीं में से एक हैं. # आयुष्मान के टीचर ने कहा था , 'सिर्फ नाच गा ही सकते हो' आयुष्मान ने बताया कि वो सेंट जॉन्स हाई स्कूल, चंडीगढ़ के को-कैरिकुलर कैप्टन थे. क्लास 8वीं की बात है, जब स्कूल का एनुअल फंक्शन होने वाला था. इसी की प्रैक्टिस के लिए उन्होंने टीचर से तीन बच्चों को अपने साथ ले जाने की परमिशन मांगी थी. आयुष्मान ने बताया,
''उस वक्त मेरे टीचर ने मुझसे कहा था, 'आयुष्मान तुम सिर्फ नाच-गा ही सकते हो, ज़िंदगी में कुछ कर नहीं सकते', ये सुनकर मैं बहुत रोया था और टेंशन में पतला भी हो गया था.''
आयुष्मान के दिल पर टीचर की ये बात लग गई. इतनी लगी कि आर्ट्स में दिलचस्पी होने के बाद भी उन्होंने 11वीं क्लास में साइंस लिया. ताकि आगे मेडिकल की पढ़ाई कर सकें. उन्होंने कर्नाटक के एक डेन्टिस्टरी कॉलेज में सीट भी निकाल ली थी. मगर बाद में उन्होंने डीएवी कॉलेज में एडमिशन ले लिया. साल 2004 में आयुष्मान खुराना को उनका स्टारडम मिला, जब उन्होंने टीवी के पॉपुलर शो 'रोडीज़' का सेकेंड सीज़न जीत लिया. बस फिर क्या बोरिया-बिस्तर समेट कर एक्टर बनने वो मुंबई चले आए. आयुष्मान ने बताया,
''मैं टीवी के एक डेली सोप, 'एक थी राजकुमारी' में काम करता था. मगर वहां भी मेरा लीड किरदार नहीं था, मैं ये सोचकर परेशान था कि अगर मैं दिखूंगा ही नहीं, तो मैं अपना करियर कैसे बनाऊंगा.''
इसके बाद उन्होंने शो छोड़कर एमटीवी में बतौर एंकर काम करना शुरू कर दिया. बाद में उन्हें उनकी पहली फिल्म 'विक्की डोनर' ऑफर हुई. आयुष्मान खुराना का मानना है कि अगर आप फिल्म इंडस्ट्री में आउटसाइडर हैं, तो अपनी पहली फिल्म को सेलेक्ट करने के लिए आपको कई बार सोचना चाहिए. आयुष्मान ने बताया कि 'विक्की डोनर' से पहले उन्होंने पांच फिल्मों को रिजेक्ट किया था. बाद में उनकी डेब्यू फिल्म सुपरहिट साबित हुई. इसके लिए उन्हें बहुत सारे अवॉर्ड्स भी दिए गए. आज आयुष्मान को उनकी फिल्मों की चॉइस के लिए जाना जाता है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement
Advertisement
Advertisement
Advertisement