भारत ने पहली बार अपने परमाणु हथियारों को स्टॉक से निकालकर ‘लॉन्चर पर तैनात किया’ है. एक अंतरराष्ट्रीय रिपोर्ट में बताया गया है कि भारत ने 12 परमाणु हथियारों को स्टोरेज से निकालकर वेपन सिस्टम पर लगा दिया है. हालांकि, ऐसा क्यों किया गया है कि इसके बारे में साफ-साफ कुछ नहीं बताया गया है.
भारत ने पहली बार परमाणु हथियार बाहर निकाले, तैनाती भी कर दी: रिपोर्ट
SIPRI की 2026 रिपोर्ट के अनुसार, भारत ने पहली बार अपने 12 परमाणु वॉरहेड्स को ऑपरेशनल रूप से तैनात किया है, जबकि कुल परमाणु हथियारों की संख्या बढ़कर 190 हो गई है.


रिपोर्ट का कहना है कि नई दिल्ली ने दशकों में पहली बार परमाणु हथियारों को लेकर अपनी पॉलिसी बदली है. यहां अभी तक न्यूक्लियर वॉरहेड्स को लॉन्चिंग पैड से अलग रखा जाता था, लेकिन अब हालात बदल गए हैं.
क्या है SIPRI की रिपोर्ट में?इंडिया टुडे की रिपोर्ट के अनुसार, दुनिया भर में हथियारों की निगरानी करने वाली संस्था स्टॉकहोम इंटरनेशनल पीस रिसर्च इंस्टीट्यूट (SIPRI) या SIPRI ने सोमवार, 9 जून को अपनी ईयरबुक 2026 पब्लिश की है. इसमें उसने कहा है कि ये पहली बार होगा जब भारत अपने परमाणु हथियारों के एक हिस्से को ऑपरेशन के लिए तैनात दिखाएगा. हालांकि, इसके बाद भी उसके ज्यादातर हथियार अभी भी भंडार में ही रहेंगे.
SIPRI के मुताबिक, भारत ने अपने 12 परमाणु हथियारों को लॉन्चपैड पर लगा दिया है. रिपोर्ट में ये भी बताया गया है कि भारत के एक पड़ोसी देश चीन ने तो अपने 34 परमाणु हथियार तैनात कर रखे हैं. वहीं, दूसरे पड़ोसी पाकिस्तान के बारे में खबर है कि अब तक वहां कोई परमाणु हथियार Deployed नहीं है. यानी सब के सब गोदाम में पड़े हैं.
दरअसल, परमाणु हथियारों को दो तरह से रखा जा सकता है. एक तो वो भंडार में अलग से रखे होते हैं. यानी अपने लॉन्चपैड से अलग रखे गए होते हैं. उन्हें स्टॉकपाइल्ड (Stockpiled) कहा जाता है. इसका मतलब ये होता है कि हथियारों का इस्तेमाल तुरंत नहीं होना है. लेकिन जरूरत पड़ने पर उन्हें भंडार से निकालकर वेपन सिस्टम पर लगाया जा सकता है. इसके उलट, इन हथियारों को तैनात (Deployed) भी किया जा सकता है. इसमें हथियार एक लॉन्च सिस्टम पर लगा दिए जाते हैं और तुरंत इस्तेमाल के लिए तैयार होते हैं.
भारत के पास कितने हथियार?SIPRI की रिपोर्ट में बताया गया है कि दुनिया के पास कुल तकरीबन 12,187 परमाणु हथियार हैं. इनमें से करीब 9 हजार 745 हथियार सेना के भंडार में रखे गए हैं ताकि जरूरत पड़ने पर उनका इस्तेमाल किया जा सके. जबकि, तकरीबन 4012 परमाणु हथियार ऐसे हैं जो पहले से मिसाइलों या विमानों पर तैनात हैं और जरूरत पड़ने पर जल्दी इस्तेमाल किए जा सकते हैं. रिपोर्ट के अनुसार, जनवरी 2026 तक भारत के पास भी परमाणु हथियारों की कुल संख्या बढ़कर 190 हो गई है.
पिछले साल यानी 2025 में दुनिया के दो परमाणु हथियार संपन्न देश भारत और पाकिस्तान की सेनाएं एक-दूसरे के आमने-सामने थीं. इसके बाद रूस-यूक्रेन, ईरान-इजरायल जैसे दुनिया के कई देशों के बीच युद्ध जैसे हालात के बीच भारत को लेकर ये रिपोर्ट सामने आई है. बता दें कि भारत के पास जल, थल और आकाश तीनों ही जगहों पर न्यूक्लियर हथियार तैनात करने और लॉन्च करने का सिस्टम मौजूद है.
तीनों सेनाएं चला सकती हैं परमाणु हथियारभारतीय नौसेना के पास अरिहंत कैटेगरी की सबमरीन्स हैं, जिन पर परमाणु हथियार लगाए जा सकते हैं. इसके अलावा एयरफोर्स के मिराज-2000 और सेपैकेट जगुआर फाइटर जेट्स के अलावा राफेल और Su-30MKI से भी भारत परमाणु हथियार लॉन्च कर सकता है. जमीन पर अग्नि, पृथ्वी, निर्भय, ब्रह्मोस सीरीज की परमाणु क्षमता वाली मिसाइलों की तो पूरी खेप मौजूद है. तीनों सेनाओं के ये सारे सिस्टम परमाणु हथियार चलाने में माहिर हैं.
वीडियो: SVC63 का सबसे बड़ा लीक? वायरल हुई सलमान के एक्शन सीक्वेंस की ब्लूप्रिंट शीट





















