The Lallantop

पुलिस ने छिनैतों को पकड़ा, छिनैत कैमरा देख मूंछ पर ताव देने लगे

संतकबीरनगर में एक महिला की चेन झपटने के आरोप में गिरफ्तार दो बदमाश पुलिस की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मूंछों पर ताव देते नजर आए. वायरल वीडियो में दोनों आरोपी बेखौफ अंदाज में दिखाई दिए.

Advertisement
post-main-image
पुलिस के सामने मूंछों पर ताव देते झपटमार. (फोटो- india today)

‘रस्सी जल जाए पर अकड़ न जाए.’ काम है छिनैती करना और मूंछों पर ताव ऐसे दे रहे, जैसे बक्सर की जंग जीतकर आए हों. उत्तर प्रदेश के संतकबीरनगर में पुलिस ने ऐसे ही दो चेन झपटमारों को गिरफ्तार किया है. आरोप है कि एक महिला से पानी मांगने के बहाने उसके गले की चेन झपट ली. पुलिस ने पूछा कि चेन कहां है? आरोपियों ने जवाब दिया कि उसे तो 25 हजार में बेच दिया. पुलिस ने दोनों के खिलाफ केस दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

गिरफ्तारी के बाद प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस मीडिया को इसकी जानकारी दे रही थी. वहीं पीछे खड़े स्नेचर जुल्फें सवार रहे थे. अपने किए पर पछतावा तो छोड़िए. ऐसा लगता था, जैसे उन्हें इस पर गर्व हो. न तो पुलिस का खौफ था. न अपने किए पर शर्म. 

प्रेस ब्रीफिंग खत्म हुई और पुलिस उन्हें ले जाने लगी तो उनमें से एक मूंछ पर आए चार बालों को ऐंठकर ताव दिखाने लगा. उसके पीछे दूसरे ने भी वही हेकड़ी दिखाई. उसने भी अपनी मूंछें ऐसे ऐंठीं, जैसे पहलवानी में गोल्ड मेडल लेकर आ रहे हों. इसका वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है. 

Advertisement
क्या है मामला?

मामला 23 मई का है. संतकबीरनगर के गांव अछिया में एक महिला के साथ छिनैती हुई. उसने बताया कि आरोपी दो लड़के थे. उन्होंने उससे पानी मांगा. फिर मौका पाकर उसकी चेन खींचकर भाग निकले. महिला ने थाने में शिकायत दर्ज कराई. इसके बाद संतकबीरनगर पुलिस ने झपटमारों को पकड़ने के लिए एक टीम बनाई और जाल बिछाकर दोनों को धर दबोचा. उनकी पहचान गोरखपुर के रहने वाले मोहम्मद कामिल उर्फ अली और मोहम्मद अहमद उर्फ नाटे के रूप में हुई है.

जांच में पता चला कि दोनों आरोपियों की पुरानी क्रिमिनल हिस्ट्री है. उनमें से एक पर हत्या और गैंगस्टर ऐक्ट के केस दर्ज हैं. गिरफ्तारी के दौरान पुलिस को आरोपियों के पास से 2 किलो गांजा, एक बाइक, 4 फोन, 10 हजार कैश, लाल मिर्च पाउडर, पर्स और सिम कार्ड मिले हैं. गांजा मिलने पर उनके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत भी केस दर्ज किया गया है. 

पुलिस की जिस टीम ने दोनों को दबोचा है, उन पर भी Fनाम की बारिश हुई है. कामयाबी से खुश होकर एसपी संदीप कुमार मीना ने टीम को 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है.

Advertisement

वीडियो: सूर्या मर्डर केस के आरोपी असद के बारे में पड़ोसियों का खुलासा, 'गलत टाइप का...'

Advertisement