The Lallantop

सैफ पर हमला: 'जिंदगी तहस-नहस, नौकरी नहीं, शादी टूटी…' दुर्ग के ‘संदिग्ध’ के बयान के बाद बवाल

Saif ali khan stabbing controversy: सैफ अली खान पर हमले के संदिग्ध बताए गए आकाश कनौजिया का कहना है कि वो सैफ अली खान की बिल्डिंग के बाहर खड़ा होकर नौकरी की तलाश करने का सोच रहे हैं. सैफ पर हमले के मामले में और किन बयानों ने बखेड़ा खड़ा किया?

Advertisement
post-main-image
सैफ अली खान पर हमले के बाद कई बयानों ने लोगों का ध्यान खींचा. (फ़ोटो- PTI/ANI/सोशल मीडिया)

सैफ अली खान पर हमले के शक में दुर्ग से हिरासत में लिये गए संदिग्ध आकाश कनौजिया का ताज़ा बयान सुर्खियों में है. उसका कहना है कि पुलिस कार्रवाई के बाद उसकी ज़िंदगी पूरी तरह से अस्त-व्यस्त हो गया है, उसके पास कोई नौकरी नहीं है. उसकी होने वाली दुल्हन ने उसे ठुकरा दिया है और इससे उसके परिवार को बदनामी का सामना करना पड़ रहा है. आकाश कनौजिया के बयान के बाद मामला विवाद की तरफ़ बढ़ गया है (Saif stabbing controversy).

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

ऐसा ही विवाद कई और बयानों से हुआ. इन्हीं विवादों पर बात करेंगे. पहले, तब संदिग्ध के तौर पर गिरफ़्तार किए गए आकाश कनौजिया के ताज़ा बयान के बारे में जान लेते हैं.

आकाश कनौजिया ने और क्या कहा?

मुंबई पुलिस से मिली ख़बर के बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने 18 जनवरी को दुर्ग स्टेशन पर आकाश को हिरासत में लिया था. मुंबई लोकमान्य तिलक टर्मिनस-कोलकाता शालीमार ज्ञानेश्वरी एक्सप्रेस से. बाद में आरोपी की गिरफ़्तारी के बाद उसे छोड़ दिया गया. पता चला कि वो एक ड्राइवर है. अब आकाश कनौजिया ने न्यूज़ एजेंसी PTI के साथ बातचीत में कहा,

Advertisement

जब मीडिया ने मेरी तस्वीरें दिखानी शुरू कीं और दावा किया कि मैं इस मामले में मुख्य संदिग्ध हूं, तो मेरा परिवार चौंक गया. उनकी आंखों में आंसू आ गए. मुंबई पुलिस की एक ग़लती ने मेरी ज़िंदगी बर्बाद कर दी. मैं अपनी होने वाली दुल्हन से मिलने जा रहा था, तभी मुझे दुर्ग में हिरासत में लिया गया और फिर रायपुर ले जाया गया. वहां पहुंची मुंबई पुलिस की टीम ने मेरे साथ मारपीट भी की. लेकिन छूटने के बाद मेरी से ज़िंदगी में उथल-पुथल शुरू हो गई.

उसने दावा किया,

मैंने जब उन्हें कॉल किया, जिनके यहां मैं काम करता था, तो उन्होंने मुझे काम पर न आने के लिए कहा. उन्होंने मेरी बात सुनने से मना कर दिया. वहीं, मेरी दादी ने मुझे बताया कि मेरी बनने वाली दुल्हन के परिवार ने मेरी हिरासत के बाद शादी की बातचीत को आगे बढ़ाने से मना कर दिया है.

Advertisement
durg
सैफ पर हमले के संदिग्ध बताए गए आकाश कनौजिया.

तब संदिग्ध बताए गए आकाश कनौजिया ने आगे कहा कि अब वो सैफ अली खान की बिल्डिंग के बाहर खड़ा होकर नौकरी की तलाश करने का सोच रहे हैं. क्योंकि उनके साथ जो हुआ, ‘उसकी वजह से आकाश ने अपना सब कुछ खो दिया’. उन्होंने आगे कहा, ‘अच्छा हुआ कुछ घंटों के भीतर शरीफुल को पकड़ लिया गया. नहीं तो, कौन जाने, मुझे ही इस मामले में आरोपी बना दिया गया होता. अब मुझे न्याय चाहिए.’

Saif Ali Khan Medical Claim विवाद
बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान के इलाज के लिए मिले हेल्थ इंश्योरेंस क्लेम को लेकर भी लगातार सवाल उठ रहे हैं. 26 जनवरी को एसोसिएशन ऑफ़ मेडिकल कंसल्टेंट्स (AMC) ने भारतीय इंश्योरेंस रेगुलेटरी और डेवलमेंट अथॉरटी (IRDAI) को लेटर लिखा. जिसमें सेलिब्रिटीज़ को ‘अतिरिक्त तरजीह’ देने का आरोप लगाया गया. 

बताया जाता है कि बांद्रा के लीलावती अस्पताल में सैफ के लिए 25 लाख रुपये के कैशलेस ट्रीटमेंट क्लेम को तुरंत मंज़ूरी दे दी गई थी. इसी को लेकर सवाल उठाए गए. AMC ने IRDAI को लिखे लेटर में व्यवस्था में निष्पक्षता, भारत के हेल्थ इंश्योरेंस सेेक्टर में ‘दो-स्तरीय प्रणाली’ समेत कई मुद्दों पर तीखे सवाल पूछे गए. वहीं, मुंबई के डॉ. प्रशांत मिश्रा ने क्लेम की रकम को लेकर बीमा कंपनी पर सवाल उठाए.

कार्डियक सर्जन डॉ. प्रशांत मिश्रा का कहना था कि इंश्योरेंस कंपनी की ओर जितने अमाउंट का अप्रूवल एक्टर को मिला है, उतना किसी दूसरे आम पॉलिसी होल्डर को शायद ही मिले. उन्होंने अपनी बात रखते हुए कहा कि मिडिल क्लास पॉलिसी होल्डर को 5 लाख से ज्यादा के क्लेम के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ती है.

फिटनेस पर सवाल

लीलावती अस्पताल के डॉक्टरों ने बताया था कि सैफ अली खान के शरीर में 6 घाव लगे थे. शरीर में चाकू का एक हिस्सा भी फंसा, जिसे ऑपरेशन के बाद निकाला गया. लेकिन जब 21 जनवरी को सैफ अस्पताल से डिस्चार्ज हुए, शिवसेना (शिंदे) पार्टी के नेता संजय निरुपम का बयान आया. जिसमें सैफ के फिटनेस पर सवाल उठाए गए. 21 जनवरी को संजय निरुपम ने X पर लिखा,

डॉक्टरों ने बताया कि सैफ की पीठ में 2.5 इंच अंदर तक चाकू घुसा था. संभवत: अंदर ही फंसा था. लगातार 6 घंटे ऑपरेशन चला. ये सब 16 जनवरी की बात है. (ये वीडियो) 21 जनवरी का है. अस्पताल से निकलते ही इतना फिट? सिर्फ 5 दिन में? कमाल है!

ऐसी ही बात महाराष्ट्र सरकार में मंत्री नितेश राणे ने भी की थी. उन्होंने सैफ के अस्पताल से डिस्चार्ज होने पर हैरानी जताई और सैफ पर हुए हमले पर सवाल उठाए. नितेश बोले,

सैफ पर वाकई चाकू से हमला किया गया है या उन्होंने सिर्फ़ एक्टिंग की? सैफ के घर में घुसे बांग्लादेशी पहले वे मुंबई के बंदरगाह पर ठहरते थे, अब वे घर में घुस रहे हैं. हो सकता है वो सैफ को लेने आए हों.

Urvashi Rautela का ‘सेल्फ़ ऑबसेशन’

सैफ पर हमले के 1 दिन बाद एक्ट्रेस उर्वर्शी रौतेला का बयान आया. उर्वशी ने कहा,

ये घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. 'डाकू महाराज' के 100 करोड़ के सक्सेस के बाद मेरी मां ने मुझे लग्जरी घड़ी गिफ्ट की. मेरे पिता ने मुझे हीरे की मिनी वॉच गिफ्ट की. हम कॉन्फिडेंट नहीं फील करेंगे. कुछ भी ऐसे बाहर पहन नहीं सकेंगे. असुरक्षा महसूस होगी कि कभी भी कोई हमपर अटैक कर सकता है. तो ये बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है.

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए उर्वर्शी के बयान को बहुत असंवेदनशील कहा गया. उर्वशी को उनके इस बयान के लिए भयंकर ट्रोलिंग सहनी पड़ी. फिर जब बात बढ़ी, तो उर्वशी ने पहले इंस्टाग्राम पर अपने बयान को लेकर माफी मांगी. लेकिन उसके बाद अपने पोस्ट को डिलीट कर दिया. इस पोस्ट में बताया गया,

डियर सैफ अली खान सर. मैं बहुत अफसोस और माफी के साथ ये मैसेज लिख रही हूं. आप जिस स्थिती का सामना कर रहे हैं, उससे मैं पूरी तरह अंजान थी. मैं समझ नहीं पाई कि आप किसी चीज़ से गुज़र रहे हैं. मेरी इतनी असंवेदनशीलता के लिए मेरी माफी स्वीकार कीजिए. अब जब मुझे आपके केस की गहराई समझ आई है तो मैं आपके साथ हूं.

urvarshi statement
उर्वशी का डीलिट किया गया पोस्ट.

Nana Patole ने ये कहा था

ये मामला सैफ पर हुए हमले के मामले में मुंबई पुलिस की जांच पर सवाल उठाने से जुड़ा है. कांग्रेस  नेता नाना पटोले ने इस बात पर संदेह जताया कि क्या गिरफ़्तार किया गया व्यक्ति वही व्यक्ति है, जो घटना के CCTV कैमरे की फ़ुटेज में कैद हुआ. उन्होंने जांच की विश्वसनीयता पर सवाल उठाए और महाराष्ट्र के मंत्री नितेश राणे की सैफ पर की गई टिप्पणी का हवाला देया. नाना पटोले ने PTI से कहा था,

कानून-व्यवस्था की स्थिति में हिंदू-मुस्लिम एंगल बढ़ाने के बजाय, पुलिस को असली अपराधी को पकड़ना चाहिए. CCTV कैमरे में कैद हुए व्यक्ति और (सैफ हमले के मामले में) गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के बारे में ऐसी खबरें हैं कि वे एक ही व्यक्ति नहीं हैं. इससे पहले पुलिस ने कुछ हमशक्लों को हिरासत में लिया था और उन्हें छोड़ दिया था.

ये आरोप तब सामने आए थे, जब गिरफ्तार आरोपी मोहम्मद शरीफुल इस्लाम शहजाद के पिता ने कहा था कि CCTV कैमरे की फ़ुटेज में दिख रहा व्यक्ति उनका बेटा नहीं हो सकता.

वीडियो: सैफ अली खान के परिवार की 15 हजार की प्रॉपर्टी पर सरकार कर सकती है कब्जा?

Advertisement