The Lallantop

राम मंदिर चढ़ावा: चैट से 2 करोड़ की चोरी का सुराग मिला, पैसों के लिए आपस में भिड़े थे आरोपी

Ayodhya Ram Mandir row: जांच में सामने आया कि आरोपियों ने नए फोन खरीदे थे और पुराने फोन के चैट्स डिलीट कर दिए थे. लेकिन पुलिस ने अब डिलीट हुए चैट्स रिकवर कर लिए हैं. कुल 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित चोरी की जानकारी मिली है.

Advertisement
post-main-image
चढ़ावा चोरी के आरोपियों की डिलीट चैट को रिकवर किया गया. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से डिलीट किए गए डेटा को रिकवर कर 2 करोड़ रुपये से अधिक की कथित चोरी के नए सुराग जुटाए हैं।
  • पुलिस को शक था कि आरोपियों ने फोन बदलकर डिजिटल सबूत मिटा दिए हैं, जिसके कारण साइबर सेल की मदद से एक साल पुराने चैट्स रिकवर किए गए, जिनसे चोरी और विवाद की जानकारी मिली।
  • पुलिस अब चैट्स में लिखी रकम और बैंक ट्रांज़ैक्शन की टाइमलाइन की जांच कर रही है तथा 5 जुलाई को आरोपियों से पूछताछ के लिए अयोध्या जिला जेल में पूछताछ शुरू की जाएगी।
author-image
संतोष शर्मा

अयोध्या के राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में पुलिस को नए सुराग मिले हैं. पुलिस ने आरोपियों के मोबाइल से डिलीट किया हुआ डेटा रिकवर कर लिया है. इसमें एक साल पुराने चैट्स भी सामने निकलकर आए हैं. सूत्रों के मुताबिक, रिकवर किए हुए मोबाइल डेटा से 2 करोड़ रुपये से ज़्यादा की कथित चोरी के सुराग मिले हैं. इस रकम के बंटवारे को लेकर भी एक विवाद सामने आया है. 

Advertisement

इंडिया टुडे से जुड़े संतोष शर्मा की रिपोर्ट के मुताबिक, अयोध्या पुलिस ने सभी आरोपियों के फोन को टैप किया था. सूत्रों ने बताया है कि साइबर सेल की मदद से एक साल पुराने चैट्स तक रिकवर किए गए हैं. पुलिस को पहले से शक था कि आरोपियों ने अपने फोन बदल दिए हैं. पुराने फोन का डेटा डिलीट कर दिया है. इसलिए ये कार्रवाई की गई. 

जांच में क्या सामने आया? 

सूत्रों की गली से पता चला है कि बरामद किए गए चैट्स में राम मंदिर चढ़ावा चोरी के मुख्य आरोपी अनुकल्प मिश्रा और लवकुश मिश्रा आपस में पैसों के लिए लड़ रहे थे. चैट्स के मुताबिक, फरवरी 2026 में अनुकल्प, लवकुश मिश्रा पर आरोप लगा रहा था कि उसने ज़्यादा पैसे अपने पास रख लिए और उसे पूरा हिस्सा नहीं दिया.

Advertisement

पुलिस सभी डिजिटल रिकॉर्ड का मिलान करके केस की पूरी कुंडली खंगालने में लगी है. रिकवर डेटा से कुल 2 करोड़ रुपये से ज्यादा की कथित चोरी का पता चला. जांच में ये भी सामने आया कि आरोपियों ने नए फोन खरीद लिए थे, ताकि डिजिटल सबूत मिटाए जा सकें.

पुलिस ने अविनाश शुक्ल और अनुकल्प मिश्रा के नए फोन का डेटा भी बरामद कर लिया है. अब पुलिस चैट्स में लिखी रकम और बैंक खातों में हुए ट्रांज़ैक्शन की टाइमलाइन पता करने में जुटी है. इससे पता चलेगा कि चोरी की रकम कहां और कैसे ट्रांसफर की गई.   

ये भी पढ़ें: पूछताछ में खुली राम मंदिर चढ़ावा चोरी की कहानी, अब दान की सुरक्षा के लिए चाक-चौबंद इंतजाम

Advertisement
जेल में पूछताछ

कोर्ट के आदेश पर पुलिस आज यानी 5 जुलाई को चढ़ावा चोरी के आरोपियों से पूछताछ करने के लिए अयोध्या जिला जेल पहुंची है. केस के जांच अधिकारी आशुतोष त्रिपाठी आरोपियों से पूछताछ करेंगे. रिपोर्ट के मुताबिक, आज लवकुश मिश्रा, अनुकल्प मिश्रा, मनीष यादव, रामशंकर यादव उर्फ़ टिन्नू यादव और करुणेश पांडे से पूछताछ होगी. बताया गया कि पहले आरोपियों से अलग-अलग पूछताछ होगी, फिर एक साथ उनसे सवाल-जवाब किए जाएंगे.

वीडियो: चंदा चोरी के आरोपों बीच अयोध्या राम मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था में बदलाव

Advertisement