The Lallantop

'देखो गद्दार दोस्त जा रहा... ', BJP सांसद रवनीत सिंह से बोले राहुल, सोचा न होगा तुरंत मिलेगा ये जवाब!

Rahul Gandhi Ravneet Singh Bittu: राहुल गांधी समेत कई विपक्षी सांसद संसद के गेट पर खड़े होकर प्रदर्शन कर रहे थे. तभी सामने से केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टु गुजरे. फिर उनकी और राहुल गांधी की तीखी नोक-झोंक हुई.

Advertisement
post-main-image
संसद के गेट पर राहुल गांधी और रवनीत बिट्टू के बीच हुई बहस. (Photo: X)

संसद में बजट सत्र के दौरान 4 फरवरी, बुधवार का दिन भी हंगामेदार रहा. विपक्षी सांसदों ने अमेरिका से हुई ट्रेड डील को लेकर विरोध प्रदर्शन और भारी हंगामा किया. इस बीच एक दिलचस्प वाकया भी हुआ, जहां कांग्रेस सांसद राहुल गांधी और केंद्रीय मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू के बीच तीखी नोक-झोंक देखने को मिली. राहुल गांधी ने बिट्टू को गद्दार कहा तो उन्होंने पलटवार करते हुए कांग्रेस नेताओं को देश का दुश्मन कह दिया.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

यह वाकया तब हुआ, जब सदन की कार्यवाही स्थगित होने के बाद विपक्षी नेता संसद के गेट पर प्रदर्शन कर रहे थे. इस प्रदर्शन में राहुल गांधी भी हिस्सा ले रहे थे. तभी वहां से रवनीत सिंह बिट्टू गुजरे. इस पर राहुल ने उनकी ओर इशारा करते हुए उन्हें गद्दार बताया. वह कहते हैं,

देखो, एक गद्दार यहीं से गुज़र रहा है. उसका चेहरा देखो.

Advertisement

इसके बाद राहुल रवनीत से हाथ मिलाने की कोशिश करते हुए अपना हाथ आगे करते हैं और कहते हैं.

हैलो ब्रदर, मेरे गद्दार दोस्त. चिंता मत करो, तुम वापस (कांग्रेस में) आ जाओगे.

बिट्टू ने बताया देश का दुश्मन

इस पर बिट्टू राहुल से हाथ मिलाए बिना ही वहां से जाने लगते हैं. फिर वह राहुल और अन्य विपक्षी नेताओं को देश का दुश्मन कहकर संबोधित करते हैं. कहते हैं कि उनका देश के दुश्मनों से कोई लेना-देना नहीं है.

Advertisement

राहुल और रवनीत सिंह बिट्टू की इस नोक-झोंक का वीडियो भी वायरल हो रहा है. इस घटना के बाद रवनीत बिट्टू ने राहुल गांधी और कांग्रेस सांसदों को सड़क का गुंडा कहा है. उन्होंने घटना पर रिएक्ट करते हुए न्यूज एजेंसी ANI से कहा,

जब मैं अंदर जा रहा था, तो उन्होंने (विपक्षी सांसदों ने) सदन के अंदर भी वही किया. स्पीकर ने उन्हें बाहर भेज दिया. मैं आगे की कार्रवाई के बारे में चर्चा कर रहा हूं. उन्होंने बाहर भी 'सड़क के गुंडे' जैसा व्यवहार किया. गांधी परिवार ने हमेशा सिखों और पगड़ी को निशाना बनाया है. किसी और सांसद ने कुछ नहीं कहा. सभी सस्पेंड सांसद वहीं बैठे थे. हम सब सहकर्मी हैं, जो रोज मिलते हैं. राहुल गांधी विपक्ष के नेता हैं, लेकिन मुझे नहीं पता कि उन्हें क्या हो गया है. उनके मन में क्या व्यक्तिगत गुस्सा है. उन्होंने मुझसे कहा, तुम फिर मेरे पास वापस आओगे. उन्होंने मुझसे हाथ मिलाने की कोशिश की.

बिट्टू ने आगे कहा,

जब तक मैं तुम्हारे साथ (कांग्रेस में) था, मैं तुम्हारे लिए अच्छा था. अब जब मैं बीजेपी में हूं, तो तुम मुझे नापसंद करने लगे हो. लेकिन तुम मेरे लिए ऐसा कैसे कह सकते हो? तुम यह कैसे कह सकते हो कि मैं तुम्हारे पास वापस आऊंगा? जब मैंने उन्हें जवाब दिया...अगर आप वीडियो देखेंगे, तो वह मुझे धक्का-मुक्की तक ले जाना चाहते थे. वेणुगोपाल ने उन्हें रोका. सुखजिंदर सिंह रंधावा ने उन्हें रोका. मेरे सिर पर गुरु की पगड़ी है. मैं पंजाब से हूं. मैं तुम्हारे सामने कैसे झुक सकता हूं? हाथ मिलाए मेरी जूती. उन्होंने मेरे पीछे आने की कोशिश की, लेकिन उनके सांसदों ने उन्हें रोक दिया. आप इसे वीडियो में देख सकते हैं.

इसके बाद रवनीत बिट्टू ने कांग्रेस पर सिखों पर अत्याचार करने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा,

मैंने कहा, तुम इस देश के सबसे बड़े गद्दार हो, सिखों के हत्यारे हो. तुम्हारे गुंडों ने इस देश में हजारों सिखों को मारा. उन्होंने हमारे सबसे पवित्र गुरुद्वारे में तोड़फोड़ की. जब कार्यकर्ता राजीव गांधी के लिए 'शहीद' के नारे लगाते थे, तो वो सरदार बेअंत सिंह को भी 'शहीद-ए-आजम' कहते थे. पंजाब में जो समस्याएं थीं, वहां आतंकवाद था - सिखों को बुलाया गया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई. इसलिए, यह सरदार बेअंत सिंह ही थे, जिन्होंने पंजाब को शांत किया. 

कांग्रेस छोड़ BJP में आए थे

मालूम हो कि रवनीत सिंह बिट्टू कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए हैं. वह तीन बार कांग्रेस से सांसद रह चुके हैं. 2009 में उन्होंने आनंदपुर साहिब से लोकसभा का चुनाव जीता था. इसके बाद वह 2014 और 2019 में भी लुधियाना से जीते थे. हालांकि 2024 के लोकसभा चुनाव से पहले वह कांग्रेस छोड़ भाजपा में शामिल हो गए थे. लुधियाना लोकसभा सीट पर चुनाव में उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. उन्हें पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा वारिंग ने लगभग 20 हजार वोटों से हराया था. हालांकि इसके बावजूद उन्हें मोदी सरकार में मंत्री बनाया गया. उन्हें रेल और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय में राज्य मंत्री बनाया गया है.

यह भी पढ़ें- "ना हलाला होगा, ना तीन तलाक…", सांसद इकरा हसन पर स्वामी राम विशाल की टिप्पणी से छिड़ा विवाद

इधर, संसद में विपक्षी सांसदों का जोरदार हंगामा जारी है. इसके बाद लोकसभा स्पीकर ओम बिड़ला ने सदन की कार्यवाही दो बजे तक के लिए स्थगित कर दी. उन्होंने विपक्ष को संसदीय मर्यादाओं और परंपराओं का पालन करने की भी हिदायत दी. 

वीडियो: राहुल गांधी ने केंद्रीय मंत्री रवनीत बिट्टू को 'गद्दार' कहा, रवनीत ने उन्हें दुश्मन करार दिया

Advertisement