राजस्थान सरकार के एक मंत्री का अधिकारियों को फटकारते हुए वीडियो वायरल हो रहा है. बताया जा रहा है कि सरकारी मेडिकल कॉलेज बनाने के दौरान घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही थी. इससे मंत्री जी ऐसा भड़के कि अधिकारियों को ‘चोर और लुटेरा’ बता दिया. गुस्से में ये भी कह दिया कि ‘चोर-लुटेरे पूरे देश को खा गए’.
सरकारी कॉलेज का कंस्ट्रक्शन देख भड़के मंत्री, अधिकारियों को मुंह पर 'चोर-लुटेरा' कह दिया
राजस्थान के सवाई माधोपुर में बन रहे मेडिकल कॉलेज के घटिया निर्माण पर कृषि मंत्री किरोड़ी लाल मीणा अफसरों पर भड़क गए. उन्हें चोर-लुटेरा बता दिया.
.webp?width=360)

मंत्री का ये रूप देखकर अफसरों को सांप सूंघ गया. वो चुपचाप उनके पास खड़े रहे और एक शब्द नहीं बोले. मंत्री ने उन्हें चेतावनी दी कि वो ये सब बर्दाश्त नहीं करेंगे. आला अफसरों को निर्देश भी दिया कि वो काम की ठीक से निगरानी करें क्योंकि कॉलेज का निर्माण उन्हें ‘टिकाऊ’ और बेहतरीन चाहिए.
चलिए पूरा मामला विस्तार से बताते हैं.
राजस्थान के कृषि मंत्री हैं डॉ. किरोड़ी लाल मीणा. सवाई माधोपुर में वह केंद्रीय बजट को लेकर प्रेसवार्ता करने गए थे. इसके बाद कलेक्ट्रेट सभागार में उन्होंने अधिकारियों की मीटिंग ली और सरकारी योजनाओं का फीडबैक लिया. फिर जनसुनवाई कर लोगों की समस्याएं सुनने लगे. किसी ने बताया कि जिला मुख्यालय के ठिगला में जो राजकीय आयुर्विज्ञान महाविद्यालय यानी मेडिकल कॉलेज बन रहा है, उसमें कमियां हैं. घटिया सामग्री इस्तेमाल की जा रही है.
किरोड़ी लाल मीणा तुरंत काफिला लेकर काम देखने के लिए मौके पर पहुंच गए. उन्होंने अधिकारियों के सामने ही कुछ ईंट-पत्थर हटवाकर निर्माण कार्य देखा. प्लास्टर में उन्हें न तो सीमेंट मिला और न बजरी मिली. बने हुए हिस्से की तराई भी ठीक से नहीं की जा रही थी. ये सब देखकर मंत्री का पारा चढ़ गया. उन्होंने मौके पर मौजूद आरएसआरडीसी के अधिकारियों को जमकर खरीखोटी सुनाई और कहा,
आप लोगो को शर्म नहीं आती. चोरों-लुटेरों… पूरे देश को खा गए.
राज्य के कृषि मंत्री का पारा चढ़ा देख अधिकारी सन्न रह गए. उनसे कोई जवाब देते नहीं बना. किरोड़ी लाल मीणा ने आगे कहा कि इस तरह के काम को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नही करेंगे. सरकार पैसा दे रही है तो काम भी टिकाऊ और अच्छा होना चाहिए. उन्होंने कॉलेज के निर्माण की निरंतर मॉनिटरिंग के निर्देश उच्च अधिकारियों को दिए.
इंडिया टुडे से जुड़े सुनील जोशी की रिपोर्ट के अनुसार, किरोड़ी लाल मीणा की नाराजगी को देख मौके पर मौजूद उनके समर्थक भी आक्रोशित हो गए. उन्होंने आरएसआरडीसी के प्रॉजेक्ट डायरेक्टर राकेश दीक्षित, सहायक अभियंता सुमित मिश्रा और प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत चौहान के साथ कथित तौर पर मारपीट कर ली. हालांकि, इसे लेकर किसी ने थाने में शिकायत दर्ज नही कराई है.
राकेश दीक्षित ने बताया कि कृषि मंत्री के समर्थकों ने उनके और सहायक अभियंता सुमित मिश्रा के अलावा प्रोजेक्ट मैनेजर नवनीत चौहान के साथ भी धक्कामुक्की और मारपीट की. आरोप लगाया कि कॉलेज के प्राचार्य बुद्धिप्रकाश मीणा ने किरोड़ी लाल मीणा के समर्थकों को इसके लिए उकसाया था. उन्होंने मारपीट की घटना के बारे में उच्च अधिकारियों को बताया है.
हालांकि मारपीट की इस घटना का कोई वीडियो-फोटो सामने नहीं आया है. न तो थाने में इसकी कोई शिकायत ही दर्ज हुई है.
वीडियो: यूपी पुलिस पर सीएम योगी आदित्यनाथ का बयान, जीरो-टॉलरेंस पर क्या बोले?











.webp?width=275)


.webp?width=275)

.webp?width=120)

.webp?width=120)

