The Lallantop

क्रेन से बिजली का खंभा लगा रहे थे, सड़क से गुजरती गाड़ी पर गिर गया, सपा नेता की मौके पर मौत

घटना रविवार, 15 फरवरी की दोपहर अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में हुई. जो सपा नेता के घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है.

Advertisement
post-main-image
हाईमास्ट पोल गिरने से सपा नेता की मौत. (फोटो- इंडिया टुडे)
author-image
सुनील कुमार यादव

उत्तर प्रदेश के प्रतापगढ़ में एक हाईमास्ट पोल (लाइट वाला पोल) के चपेट में आने से समाजवादी पार्टी के पूर्व प्रत्याशी लालबहादुर यादव की मौत हो गई. हादसा उस समय हुआ, जब सपा नेता अपनी क्रेटा कार से शहर की ओर जा रहे थे. चलती कार पर खंभा गिरने से गाड़ी पूरी तरह उसकी चपेट में आ गई. ये सारी घटना पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई. प्रशासन अब इस मामले में सुरक्षा और लापरवाही के आरोपों की जांच कर रहा है.

Advertisement

घटना रविवार, 15 फरवरी की दोपहर प्रतापगढ़ के अंतू थाना क्षेत्र के बाबूगंज बाजार में हुई. यह दिवंगत सपा नेता के घर से मात्र 500 मीटर की दूरी पर है. इंडिया टुडे से जुड़े सुनील कुमार यादव की रिपोर्ट के मुताबिक, हादसे के दौरान वह अपनी कार में बैठकर बाजार से होते हुए शहर की ओर जा रहे थे. इसी दौरान पास के भारत पेट्रोलियम पेट्रोल पंप के सामने हाईमास्ट लाइट (ऊंचे खंभे पर लगी स्ट्रीट लाइट) को लगाने का काम चल रहा था. लगभग 65 फुट ऊंचे पोल को वर्कर क्रेन से लगा रहे थे, जिसका वजन करीब 40 कुंतल बताया जा रहा है.

इसी दौरान अचानक क्रेन का पट्टा टूट गया और भारी पोल लाल बहादुर की कार पर जा गिरा. हादसे में वो बुरी तरह घायल हो गए. सूचना पाकर घटनास्थाल पर पहुंची अंतू थाने की पुलिस ने सपा नेता को स्थानीय लोगों की मदद से गाड़ी से बाहर निकाला और तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर पहुंचाया. यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया. इसके बाद पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया. घटना की पुष्टि करते हुए प्रतापगढ़ के CO शिव नारायण बैस ने कहा,

Advertisement

15 फरवरी को थाना अंतू इलाके के बाबूगंज में भारत पेट्रोल पंप पर पोल लगाते हुए हाइड्रा का बेल्ट टूट गया. इससे खंभा सड़क से गुजर रही कार पर गिर गया. कार के मालिक इसमें गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें CHC सड़वा चंद्रिका में मृत घोषित किया गया. स्थानीय पुलिस मामले में कार्रवाई कर रही है.

हादसे का वीडियो पेट्रोल पंप के पास लगे सीसीटीवी में कैद हो गया. इसमें हाईमास्ट पोल को कार पर गिरते हुए देखा जा सकता है. वीडियो में सपा नेता कार से तेजी से जाते दिखते हैं. तभी अचानक हाईमास्ट पोल कार की ड्राइविंग सीट की ओर गिर गई. इससे गाड़ी भी क्षतिग्रस्त हो गई.

यह भी पढ़ें: 'तृषा के घर से बाहर आओ, तभी कुछ हो सकता है', विजय थलपति पर BJP नेता के इस बयान पर बवाल

Advertisement

बता दें कि मृतक लालबहादुर यादव सपा के स्थानीय नेता थे. वह अंतू नगर पंचायत से दो बार चुनाव भी लड़ चुके थे. हालांकि, दोनों ही बार उन्हें हार का सामना करना पड़ा था. 48 वर्षीय सपा नेता पेशे से ठेकेदार भी थे. जो लोक निर्माण विभाग (PWD) से जुड़े कामों को करते थे.

आज तक से बात करते हुए मृतक नेता के परिजनों ने बताया कि लालबहादुर यादव तीन भाइयों और एक बहन में सबसे बड़े थे. उनकी चार बेटियां और एक बेटा भी है.

वीडियो: Valentine Day पर कथित बजरंग दल वाले लाठी लेकर कहां घुस गए?

Advertisement