The Lallantop

महिला BDO को ऑफिस में घुसकर पीटा, बीजेपी नेता का काम करने से मना कर दिया था

Odisha BJP Leader Attacked BDO: बीजेपी नेता कथित तौर पर महिला अधिकारी पर कुछ काम करने का दबाव डाल रहे थे. जिस पर अधिकारी ने कहा कि वह 'सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करेंगी'. आरोप है कि इस बात से नाराज बीजेपी नेता ने महिला BDO पर लैपटॉप से हमला कर दिया.

Advertisement
post-main-image
बीजेपी नेता ललित बेहरा ने महिला बीडीओ पर किया हमला. (फोटो- सोशल मीडिया)

ओडिशा में एक महिला खंड विकास अधिकारी (BDO) पर कथित तौर पर एक भाजपा नेता ने हमला कर दिया. बताया जा रहा है कि महिला अधिकारी ने नेता के 'निर्देशों का पालन नहीं' किया था, जिससे नेता नाराज था. इस मामले में जिला अधिकारी ने जांच के आदेश दे दिए हैं.

Advertisement

पीड़ित महिला BDO तिलोत्तमा प्रुस्ती केंद्रपारा जिले के राजनगर ब्लॉक में नियुक्त हैं. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना शुक्रवार, 2 जनवरी की बताई जा रही है. उस दिन ललित कुमार बेहरा नाम के बीजेपी नेता कुछ समर्थकों के साथ राजनगर स्थित महिला अधिकारी के ऑफिस में घुस गए.

कथित तौर पर बीजेपी नेता महिला अधिकारी पर कुछ काम करने का दबाव डाल रहे थे. जिस पर महिला अधिकारी ने कहा कि वह 'सरकारी दिशानिर्देशों का पालन करेंगी'. इस बात से नाराज बीजेपी नेता ने महिला BDO पर लैपटॉप से हमला कर दिया. यह पूरी घटना BDO ऑफिस रूम में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई.

Advertisement

पुलिस ने बताया कि इस मामले में अभी तक कोई FIR दर्ज नहीं कराई गई है. द प्रिंट की रिपोर्ट के मुताबिक, केंद्रपाड़ा के DM रघुराम आर अय्यर ने घटना की प्रशासनिक जांच के आदेश दिए हैं. उन्होंने बताया कि महिला अधिकारी ने उन्हें लिखित शिकायत के जरिए मामले की जानकारी दी है. साथ ही सब-कलेक्टर इस मामले की जांच कर रहे हैं. उन्होंने आगे बताया कि शिकायत करने वाली महिला अधिकारी ने आरोप लगाया है कि भाजपा नेता बेहरा ने ड्यूटी के दौरान उन पर हमला करने की कोशिश की है.

DM ने आगे बताया कि सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है. किसी भी अधिकारी के साथ इस तरह की घटना दुर्भाग्यपूर्ण है. प्रशासन ने इसे गंभीरता से लिया है. साथ ही भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए कड़े कदम उठाए जाएंगे.

वहीं महिला BDO के साथ हुए इस हमले के विरोध में BDO ऑफिस के कर्मचारियों ने काम बंद कर दिया है. विपक्षी पार्टियां बीजेडी और कांग्रेस ने इस घटना की निंदा की है.

Advertisement

ओडिशा प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष भक्त चरण दास ने सोशल मीडिया पोस्ट में कहा,

'राजनगर ब्लॉक ऑफिस में भाजपा नेता ललित बेहरा और उनके समर्थकों द्वारा एक महिला BDO पर किए गए हमले ने भाजपा की धमकी भरी राजनीति को उजागर कर दिया है.'

वहीं, बीजेडी प्रवक्ता लेनिन मोहंती ने कहा,

'हम भाजपा नेता ललित बेहरा के नेतृत्व में 30 गुंडों की भीड़ द्वारा राजनगर की महिला बीडीओ पर किए गए बर्बर हमले की कड़ी निंदा करते हैं.'

इस मामले में आरोपी बीजेपी नेता ललित बेहरा की ओर से कोई बयान नहीं आया है.

वीडियो: दुनियादारी: ट्रंप ने बताया वेनेजुएला पर अमेरिका का 'कब्जा' कब तक रहेगा?

Advertisement