पश्चिम बंगाल के मुर्शिदाबाद जिले में रामनवमी के जुलूस के दौरान दो समुदायों के बीच झड़प हो गई. इस दौरान दोनों ओर से पत्थरबाजी और तोड़फोड़ की गई. एक समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि उनके जुलूस पर पत्थर फेंके गए जबकि दूसरे पक्ष का दावा है कि रैली के दौरान भड़काऊ टिप्पणियां की गईं. बवाल के बाद इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है. फिलहाल, हालात पर काबू पा लिया गया है.
मुर्शिदाबाद में रामनवमी के दिन हिंसक झड़प, जमकर चले ईंट-पत्थर, क्यों भड़का विवाद?
Murshidabad Clash: एक समुदाय के लोगों ने आरोप लगाया कि उनके जुलूस पर पत्थर फेंके गए, जबकि दूसरे समुदाय के लोगों का दावा है कि रैली के दौरान भड़काऊ टिप्पणियां की गईं.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, एक स्थानीय पुलिस अधिकारी ने बताया कि हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी. स्थानीय लोगों से शांति बनाए रखने की अपील की गई है. पूरे इलाके में पुलिस सुरक्षा बढ़ा दी गई है. इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, 27 मार्च को मुर्शिदाबाद जिले के जंगीपुर इलाके में भी कई जगहों पर पत्थरबाजी, तोड़फोड़ और आगजनी की घटनाएं सामने आई थीं. पुलिस ने बताया कि इलाके में निषेधाज्ञा (Prohibitory Orders) लागू कर दी गई है.
पुलिस के मुताबिक, ये घटना तब हुई जब दोपहर करीब 3 बजे रघुनाथगंज थाना इलाके के जंगीपुर नगर पालिका में जुलूस निकाला जा रहा था. इसी दौरान कुछ लोगों ने तेज आवाज में बज रहे म्यूजिक पर आपत्ति जताई. पुलिस ने बताया कि इसे लेकर दोनों पक्षों में कहासुनी हुई और जल्दी ही हालात तनावपूर्ण हो गए. दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंके और प्रॉपर्टीज को नुकसान पहुंचाया. एक सूत्र ने बताया कि कथित तौर पर इस बवाल में शामिल करीब एक दर्जन लोगों को हिरासत में लिया गया है. एक पुलिस अधिकारी ने कहा,
हालात पर काबू पाने के लिए बड़ी संख्या में सुरक्षाबलों को तैनात किया गया था. केंद्रीय बल प्रभावित इलाकों में रूट मार्च कर रहे हैं और कड़ी निगरानी रख रहे हैं. अब हालात काबू में हैं. गश्त जारी है. हम हालात पर बारीकी से नज़र रख रहे हैं और हिंसा में शामिल लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करेंगे.
ये भी पढ़ें: रामनवमी के दिन शुरू हुई हिंसा आखिर रुक क्यों नहीं रही है?
बीजेपी ने साधा निशाना
इस घटना पर विपक्षी पार्टी BJP की तरफ से तीखी प्रतिक्रिया सामने आई है. पार्टी नेता धनंजय घोष ने आरोप लगाया कि इस हिंसा की पहले से ही साजिश रची गई थी. उन्होंने कहा,
ये बवाल एक साजिश का नतीजा थी. उन लोगों को कड़ी सजा मिले, जो इस घटना के जिम्मेदार हैं. जिन लोगों ने जुलूस पर पत्थर फेंके और हमारे (बीजेपी) कार्यकर्ताओं को पीटा. यह सब एक प्लान किया हुआ मामला था.”
इसी दिन पुरुलिया के पारा में भी इसी तरह की एक घटना सामने आई. पुरुलिया के पुलिस अधीक्षक (SP) वैभव तिवारी ने बताया कि कुछ लोग रामनवमी के जुलूस में शामिल होने के लिए एक गाड़ी से जा रहे थे. तभी कथित तौर पर दूसरे समुदाय के कुछ लोगों ने गाड़ी में तोड़फोड़ की. इस घटना में ड्राइवर घायल हो गया, जिसके बाद हालात तनावपूर्ण हो गए. दोनों समुदायों के लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए. बाद में सुरक्षाबलों और पुलिस की टीम ने मौके पर पहुंचकर हालात पर काबू पा लिया.
वीडियो: रामनवमी पर कानपुर में क्या हुआ था? वायरल वीडियो में उपद्रवियों को उत्पात मचाते देखा गया



















