दिल्ली के कई स्कूलों को बम से उड़ाने की फर्जी धमकी देने वाले नाबालिग को दिल्ली पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस ने बताया कि बच्चे का परिवार एक NGO के संपर्क में था (Juvenile arrested bomb threats Delhi schools). मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक ये NGO अफजल गुरु की फांसी का विरोध कर रहा था. पुलिस के हवाले से बताया गया है कि ये NGO पार्टी विशेष से जुड़ा है. इसी के बाद भाजपा ने आम आदमी पार्टी पर दिल्ली में माहौल और कानून व्यवस्था को ‘बिगाड़ने’ के आरोप लगाए हैं.
दिल्ली स्कूल बम धमकी: आरोपी की गिरफ्तारी के बाद BJP ने लगाया AAP पर संगीन आरोप
पुलिस अधिकारी ने बताया कि नाबालिग शुरू से ही मेल भेज रहा था. उन्होंने बताया कि कम से कम 7 ऐसे उदाहरण हैं जहां पुलिस ये कह सकती हैं कि उसने ही ये ईमेल भेजे थे. ये भी कहा कि आरोपी का परिवार एक NGO से जुड़ा है जो अफजल गुरु की फांसी के खिलाफ था.


दिल्ली के स्कूलों में आई बम की धमकियों पर भाजपा सांसद सुधांशु त्रिवेदी ने मीडिया को बताया,
"दिल्ली के विभिन्न स्कूलों को भेजी गई धमकियां एक नाबालिग द्वारा भेजी गई थीं. जांच के बाद पता चला कि उनके माता-पिता और अभिभावक कुछ किसी NGO से जुड़े हुए हैं, जो अफजल गुरु की फांसी का विरोध करने जैसी गतिविधियों में शामिल रहा है. अगर एक नाबालिग खुद से ऐसा कर रहा है, तो उसे किस तरह की शिक्षा मिल रही है? या वो सिर्फ एक मोहरा है और उसके माता-पिता और NGO अपने राजनीतिक लाभ के लिए दिल्ली में माहौल और कानून व्यवस्था को बिगाड़ने की कोशिश कर रहे हैं?"
पुलिस इस मामले में अब इस एंगल पर जांच कर रही है कि इस बच्चे के पीछे कोई और तो नहीं जो ऐसे मेल करवा रहा है. दिल्ली के स्पेशल सीपी लॉ एंड ऑर्डर मधुप तिवारी ने कहा,
"स्कूलों को लगातार बम की धमकी के ईमेल मिल रहे थे. इसकी शुरुआत 14 फरवरी से हुई थी. इसलिए हमने इसकी गहन जांच की. लेकिन VPN आदि के इस्तेमाल के कारण, कोई सुराग पाना आसान नहीं था. हमें 8 जनवरी को आए ईमेल के बारे में एक टेक्निकल जानकारी मिली. हम नाबालिग तक पहुंचे और पाया कि उसने ही ये मेल भेजा था.”
मधुप तिवारी ने आगे बताया,
“हमें राष्ट्र-विरोधी वाले एंगल पर भी संदेह था. जब हमने जांच की और नाबालिग के परिवार की प्रोफाइलिंग की, तो हमने पाया कि उसके माता-पिता में से कोई एक ऐसे संगठन से जुड़ा है, जिसका एक NGO से गहरा संबंध है. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार ये पता चला है कि NGO का एक विशेष राजनीतिक दल से गहरा संबंध है. ये कई मुद्दों पर उस राजनीतिक दल का समर्थन करता है और अफजल गुरु की फांसी की वैधता पर भी सवाल उठाता है.”
पुलिस अधिकारी ने कहा कि ये केवल प्रारंभिक जांच है. आगे की जांच अभी बाकी है. नाबालिग शुरू से ही मेल भेज रहा था. उन्होंने बताया कि कम से कम 7 ऐसे उदाहरण हैं जिनमें पुलिस कह सकती है कि उसने ही ये ईमेल भेजे थे.
पुलिस को नाबालिग पर ये संदेह है कि उसी ने पिछले एक साल में 400 से अधिक ऐसे धमकी भरे ईमेल भेजे हैं. एनडीटीवी की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस ने 10 जनवरी को संदिग्ध छात्र को हिरासत में लिया था. उसने पूछताछ में बताया कि वो एग्जाम नहीं देना चाहता था, इसलिए उसने ईमेल भेजा. स्कूलों को शक न हो, इसलिए उसने अपने स्कूल के साथ-साथ दिल्ली के 23 स्कूलों को ईमेल में टैग किया था.
किन-किन स्कूलों को मिली बम धमकी?-13 दिसंबर को पश्चिम विहार के भटनागर इंटरनेशनल स्कूल, श्री निवास पुरी के कैम्ब्रिज स्कूल, DPS अमर कॉलोनी, डिफेंस कॉलोनी के साउथ दिल्ली पब्लिक स्कूल, सफदरजंग के दिल्ली पुलिस पब्लिक स्कूल और रोहिणी के वेंकटेश्वर ग्लोबल स्कूल में बम की धमकी मिली. जांच के लिए टीम पहुंची लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं पाया गया.
-9 दिसंबर को 44 स्कूलों में बम की धमकी भेजी गई. मेल भेजकर 30 हजार डॉलर की मांग की गई. इनमें मदर मैरी स्कूल, ब्रिटिश स्कूल, सलवान पब्लिक स्कूल, कैम्ब्रिज स्कूल शामिल थे. हालांकि, तलाशी में कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला है.
- 8 जनवरी 2025 को भी कुछ स्कूलों को फर्जी धमकियां दी गई थीं. इसमें दिल्ली के वसंत विहार और आरके पुरम के DPS, ब्लू बेल्स और टेगोर इंटरनेशनल स्कूल शामिल थे. धमकी के बाद इन स्कूलों में चेकिंग की गई, लेकिन कुछ भी संदिग्ध नहीं मिला.
- 1 जनवरी 2025 को सेंट्रल रिजर्व पुलिस फोर्स (CRPF) के दिल्ली स्थित दो और हैदराबाद में एक स्कूल को बम से उड़ाने की धमकी मिली. ये धमकी तीनों स्कूलों के मैनेजमेंट को ईमेल के जरिए भेजी गई थी. जांच में कुछ नहीं मिला था.
- इसके अलावा दिसंबर में तमिलनाडु के कोयंबटूर के चिन्नावेदमपट्टी और सरवनमपट्टी के दो प्राइवेट स्कूलों को भी बम की धमकियां मिलीं. जांच में ये धमकियां फर्जी पाई गईं.
वीडियो: दिल्ली में स्कूलों को मिली बम की धमकी, ईमेल भेजकर मांगी 25 लाख की फिरौती













.webp?width=275)
.webp?width=275)
.webp?width=120)

.webp?width=120)
.webp?width=120)


