HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) के अचानक इस्तीफे ने शेयर मार्केट में हलचल मचा दी है. उनके इस्तीफे के बाद से HDFC बैंक के शेयरों में भारी गिरावट आई है. अतनु ने न सिर्फ चेयरमैन के पद से इस्तीफा दिया, बल्कि बैंक के कामकाज के तरीके पर सवाल भी उठाए हैं. अब इस पर बैंक के नए अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री ने चुप्पी तोड़ी है.
'HDFC में कोई बड़ी समस्या नहीं, कभी-कभी... ', अतनु चक्रवर्ती के आरोपों पर नए चेयरमैन ने तोड़ी चुप्पी
अतुन चक्रवर्ती ने न सिर्फ HDFC Bank के चेयरमैन पद से इस्तीफा दिया, बल्कि बैंक के कामकाज के तरीके पर सवाल भी उठाए. अब इस पर बैंक के नए अंतरिम चेयरमैन केकी मिस्त्री ने चुप्पी तोड़ी है.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, गुरुवार, 19 मार्च को नए चेयरमैन केकी मिस्त्री ने निवेशकों से फोन पर बात की और उन्हें भरोसा दिलाने की कोशिश की. मिस्त्री ने कहा कि बैंक में ‘कोई बड़ी समस्या नहीं’ है. उन्होंने कहा कि इस्तीफे की कोई बड़ी वजह नहीं है और बोर्ड के स्तर पर किसी भी बड़ी समस्या को लेकर कोई चर्चा नहीं हुई थी.
अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने केकी मिस्त्री को अंतरिम चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दी है. मिस्त्री ने कहा,
“RBI ने इस नियुक्ति को इतनी जल्दी मंजूरी दे दी, यह दिखाता है कि बैंक में जो कुछ भी हो रहा है, उस पर उन्हें पूरा भरोसा है.”
केकी मिस्त्री ने अंदरूनी मतभेदों को लेकर चल रही अटकलों पर भी बात की. मिस्त्री ने कहा कि बैंक के अंदर सत्ता के लिए कोई संघर्ष नहीं है. उन्होंने कहा कि छोटी-मोटी बातों पर मतभेद कभी-कभी हो जाते हैं. उन्होंने कहा कि बोर्ड को अतनु चक्रवर्ती से उनके इस्तीफे में बताई गई वजहों के बारे में डिटेल में जानकारी नहीं मिली है.
वहीं, HDFC बैंक के CEO शशिधर जगदीशन ने भी शेयरहोल्डर्स को भरोसा दिलाते हुए कहा कि बैंक लोगों का भरोसा बनाए रखने के लिए लगातार काम करता रहेगा. मिस्त्री ने यह साफ कर दिया कि इस इस्तीफे का बैंक के वित्तीय प्रदर्शन या कामकाज से कोई लेना-देना नहीं है.
ये भी पढ़ें: HDFC बैंक में गड़बड़ चल रही? चेयरमैन ने इस्तीफे में जो लिखा, बड़े सवाल उठ गए
HDFC ने 18 मार्च को बताया कि अतनु चक्रवर्ती ने पार्ट-टाइम चेयरमैन के पद से इस्तीफा दे दिया है. अतनु ने अपने इस्तीफे में लिखा,
“पिछले दो सालों में मैंने बैंक के अंदर कुछ ऐसी घटनाएं और तौर-तरीके देखे हैं, जो मेरे निजी मूल्यों और नैतिकता से मेल नहीं खाते हैं.”
इस घटनाक्रम के बाद HDFC बैंक के यूएस-लिस्टेड शेयर लगभग 7% गिर गए. खबर लिखे जाने तक बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज में बैंक के शेयर करीब 5% गिर गए हैं.
वीडियो: खर्चा-पानी: IDFC फर्स्ट बैंक केस की परतें खुलीं, 24 घंटे में 556 करोड़ रुपये हुए रिकवर




















