देश के सबसे बड़े प्राइवेट बैंकों में से एक HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने बैंक के कामकाज के तरीके पर भी सवाल उठाए हैं. अपने इस्तीफे में चक्रवर्ती ने लिखा कि बैंक के तौर-तरीके उनके मूल्यों से मेल नहीं खाते हैं. उन्होंने इस बारे में और ज्यादा विस्तार से कुछ नहीं बताया.
HDFC बैंक में गड़बड़ चल रही? चेयरमैन ने इस्तीफे में जो लिखा, बड़े सवाल उठ गए
HDFC बैंक के पार्ट-टाइम चेयरमैन अतनु चक्रवर्ती (Atanu Chakraborty) ने इस्तीफा दे दिया है. उन्होंने अपने इस्तीफे में लिखा कि HDFC Bank के तौर-तरीके उनके मूल्यों से मेल नहीं खाते हैं.


इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक, अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के बाद रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया (RBI) ने केकी मिस्त्री को अंतरिम पार्ट-टाइम चेयरमैन नियुक्त करने की मंजूरी दी है, जो 19 मार्च से तीन महीने के लिए प्रभावी होगी. HDFC बैंक के साथ विलय से पहले, मिस्त्री HDFC लिमिटेड के वाइस-चेयरमैन थे.
भारतीय रिजर्व बैंक ने अप्रैल 2021 में तीन साल के लिए अतनु चक्रवर्ती की पार्ट-टाइम चेयरमैन के तौर पर नियुक्ति को मंजूरी दी थी. मई 2024 में उन्हें फिर से नियुक्त किया गया और उनका कार्यकाल 4 मई 2027 तक बढ़ाया गया. HDFC ने बुधवार, 18 मार्च को बताया कि चक्रवर्ती ने इस्तीफा दे दिया है. अतनु चक्रवर्ती ने अपने इस्तीफे में लिखा,
“पिछले दो सालों में मैंने बैंक के अंदर कुछ ऐसी घटनाएं और तौर-तरीके देखे हैं, जो मेरे निजी मूल्यों और नैतिकता से मेल नहीं खाते हैं.”
बताया जा रहा है कि कुछ समय से बैंक के कामकाज को लेकर बोर्ड में मतभेद चल रहा था. चक्रवर्ती गुजरात कैडर के 1985 बैच के IAS अधिकारी हैं. अप्रैल 2020 में वे आर्थिक मामलों के विभाग के सचिव पद से रिटायर हुए थे. इससे पहले, उन्होंने वित्त मंत्रालय के तहत आने वाले निवेश और सार्वजनिक संपत्ति प्रबंधन विभाग (DIPAM) के सचिव के तौर पर भी काम किया था.
ये भी पढ़ें: सरकार के एक फैसले ने इस बैंक के शेयर 'धड़ाम' कर दिए
HDFC बैंक 12.97 लाख करोड़ रुपये के मार्केट कैपिटलाइजेशन के साथ दूसरा सबसे बड़ा बैंक है. रॉयटर्स के मुताबिक, इस घटनाक्रम के बाद HDFC बैंक के यूएस-लिस्टेड शेयर लगभग 7% गिर गए. खबर लिखे जाने तक मुंबई में बैंक के शेयर करीब 5% गिर गए हैं. बैंक ने अतनु चक्रवर्ती के इस्तीफे के कारणों के बारे में और जानकारी नहीं दी है.
वीडियो: खर्चा-पानी: IDFC फर्स्ट बैंक केस की परतें खुलीं, 24 घंटे में 556 करोड़ रुपये हुए रिकवर











.webp?width=275)


.webp?width=275)




