दिल्ली पुलिस ने सागरपुर थाने के अंदर का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस ऑफिसर (SHO) के खिलाफ एक्शन लिया है. वायरल वीडियो में SHO एक महिला को वकील की मदद लेने से रोकते और वकीलों के बारे में अपमानजनक टिप्पणी करते सुनाई दिए थे.
सागरपुर पुलिस स्टेशन पर गिरी गाज, शिकायत लेकर आई लड़की को धमकाया था
बार एसोसिएशन्स की चेतावनी के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. डिप्टी कमिश्नर (साउथ वेस्ट) अमित गोयल ने मामले में एक्शन लेते हुए SHO सागरपुर और एक महिला SI को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि एक महिला SI को सस्पेंड कर दिया है.


वीडियो में पुलिस वाले एक वकील को थाने में घुसने से रोकने की कोशिश करते भी नजर आ रहे थे. वीडियो वायरल होने के बाद 5 फरवरी की दोपहर बड़ी संख्या में वकील सागरपुर थाने के परिसर में पहुंचे और दिल्ली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की. प्रदर्शन कर रहे वकीलों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की और कार्रवाई नहीं करने पर 6 फरवरी को बड़ी संख्या में सागरपुर थाने पहुंच कर प्रदर्शन करने का ऐलान किया.
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक, डिस्ट्रिक्ट कोर्ट बार एसोसिएशन्स की समन्वय समिति ने एक सर्कुलर जारी करके बताया था कि पुलिस को यह संदेश देना जरूरी है कि इस तरह का आचरण किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा. इसके लिए 6 फरवरी को दोपहर 2.50 बजे से सागरपुर थाने के बाहर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा.
बार एसोसिएशन्स की चेतावनी के बाद दिल्ली पुलिस ने मामले में कार्रवाई शुरू कर दी है. डिप्टी कमिश्नर (साउथ वेस्ट) अमित गोयल ने मामले में एक्शन लेते हुए SHO सागरपुर और एक महिला SI को लाइन हाजिर कर दिया, जबकि एक महिला SI को सस्पेंड कर दिया है. डिप्टी कमिश्नर ने सभी पुलिसकर्मियों के खिलाफ विजिलेंस जांच के आदेश भी दिए हैं. उन्होंने सभी पुलिस थानों के लिए भी निर्देश जारी किया कि कर्मचारियों को इसके बारे में जागरूक किया जाए ताकि फिर से ऐसी घटनाएं न हो.
सागरपुर पुलिस थाने के कर्मचारियों के खिलाफ हुई कार्रवाई के बाद वकीलों ने 6 फरवरी को होने वाला विरोध प्रदर्शन समाप्त करने का फैसला किया. पुलिस वालों के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई के बाद वकीलों की समन्वय समिति ने एक और सर्कुलर जारी किया. इसमें बताया गया कि पुलिस अधिकारियों ने पटियाला हाउस में समन्वय समिति के सदस्यों के साथ बैठक की. और उन्होंने पूरी घटना की विजिलेंस जांच का आदेश देकर त्वरित कार्रवाई की है.
वीडियो: नोएडा में कार का पीछा कर फ्लाइंग किस करने वाले को पुलिस ने क्या सजा दी?






















