बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर पांच लोगों ने गैंगरेप किया. पीड़िता से पूछताछ में सामने आया कि उनके प्राइवेट पार्ट में बंदूक की गोली, पत्थर और लकड़ी डाली गई थी. महिला का आरोप है कि केस दर्ज होने के बावजूद कोई कार्रवाई नहीं की गई. अब DIG शैलेश कुमार ने चकिया थानाध्यक्ष राजीव रंजन को तत्काल रूप से निलंबित कर दिया है. उनका कहना है कि पुलिसकर्मी ने मामले में लापरवाही बरती थी.
बेगूसराय गैंगरेप मामले में थानाध्यक्ष सस्पेंड, आरोपियों ने प्राइवेट पार्ट में कारतूस और लकड़ी डाली थी
बिहार के बेगूसराय जिले में एक महिला के साथ कथित तौर पर गैंगरेप हुआ. महिला ने बताया कि उनके प्राइवेट पार्ट में बंदूक की गोली, पत्थर और लकड़ी डाली गई थी. उन्होंने पुलिस पर भी लापरवाही का आरोप लगाया, जिसके बाद DIG ने कार्रवाई करते हुए थाना अध्यक्ष को निलंबित कर दिया है.


आजतक से जुड़े सौरभ कुमार की रिपोर्ट के मुताबिक, घटना 11 जून की रात को घटी. महिला का कहना है कि वो शौच करने घर से बाहर गई थीं. तभी कुछ लोगों ने उनपर हमला कर दिया. अगली सुबह पीड़िता को सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया. फिर उन्हें घर भेज दिया गया. लेकिन दर्द से आराम न मिलने पर उन्हें दोबारा 17 जून को एडमिट कराया गया. रिपोर्ट के मुताबिक अल्ट्रासाउंड के बाद डॉक्टरों ने महिला के पेट से कारतूस, पत्थर और लकड़ी का टुकड़ा मिलने की पुष्टि की है.
महिला का दावा है कि उन्होंने घटना के दिन पुलिस को सूचना दी थी. लेकिन पुलिस ने उन्हें अस्पताल भेज दिया. उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस ने मामला दर्ज किया लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की.
इस केस में लगातार पुलिस पर लापरवाही का आरोप लग रहा था. DIG बेगूसराय खगड़िया रेंज शैलेश कुमार ने बताया,
‘इस सन्दर्भ में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है. महिला की दोबारा मेडिकल जांच हुई है. मैं और एसपी घटनास्थल का निरीक्षण कर रहे हैं और एक स्पेशल जांच टीम बनाई गई है. जल्द ही आरोपियों को पकड़ लिया जाएगा. थाना अध्यक्ष की लापरवाही सामने आई है तो उन्हें निलंबित कर दिया गया है. मेडिकल जांच की रिपोर्ट आना अभी बाकी है.’
DIG ने सदर अस्पताल जाकर महिला से बात की है. इससे पहले DSP आनंद कुमार पांडेय ने बताया था कि महिला का बयान सच लग रहा है.
ये भी पढ़ें: बिहार में पति को घर में बंद कर पत्नी से गैंगरेप, प्राइवेट पार्ट से बुलेट, पत्थर और लकड़ी निकली
महिला ने क्या बताया?रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने बताया कि वे रात 11:30 बजे बाहर गई थीं. तभी बदमाशों ने उनपर हमला किया. उनके पति का रूम बाहर से बंद कर दिया और उनका मुंह दबा दिया. महिला ने शोर मचाने की कोशिश की तो बदमाशों ने मारा और वहां से उठाकर एक अंधेरी जगह ले गए. यहां पांचों ने बारी-बारी से दुष्कर्म किया. महिला छोड़ देने की गुहार लगाती रहीं तो उन लोगों ने शरीर पर ब्लेड मार दिया, मारपीट भी की. इसके बाद बदमाशों ने उन्हें घर में ही फेंक दिया.
वीडियो: बिहार के बेगूसराय में घर के बाहर महिला से गैंगरेप, पुलिस ने क्या एक्शन लिया?



















