The Lallantop

'जेल से छूटा तो शुगर डैडी को भी मारूंगा', पत्नी को मारने वाले आरोपी की खुली धमकी

Guwahati husband killed wife: असम के गुवाहटी में रिया तालुकदार की हत्या का आरोप उनके पति रामानुज गोस्वामी पर लगा है. उसने पुलिस के सामने खुद सरेंडर किया था. जिसके बाद उसे पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया.

Advertisement
post-main-image
आरोपी पति को 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेजा गया है. (फोटो-इंडिया टुडे)

Quick AI HighlightsClick here to view more

  • असम के गुवाहाटी में आरोपी रामानुजन ने अपनी पत्नी रिया तालुकदार की हत्या कर उसका सिर काटकर फ्रिज में रखा और 7 सितंबर को पुलिस के सामने आत्मसमर्पण किया।
  • हत्या से पहले पति-पत्नी के बीच 3 से 4 सितंबर की रात तक लगातार बहस हुई, जिससे यह संभव है कि विवाद हत्या का मुख्य कारण था।
  • पुलिस ने आरोपी को 7 दिन की कस्टडी में भेज दिया है और शुगर डैडी की पहचान तथा आरोपी के दावों की सत्यता जांच रही है।

असम के गुवाहाटी में पत्नी का सिर काटकर फ्रिज में रखने वाले आरोपी रामानुजन को अपने किए पर कोई पछतावा नहीं है. उसने कहा कि उसे पत्नी की हत्या करने का कोई पछतावा नहीं है और वह इस पर माफी भी नहीं मांगेगा. आरोपी ने धमकी भी दी कि जेल की सजा पूरी करने के बाद वह पत्नी के ‘शुगर डैडी’ को भी मार डालेगा. ये सारी बातें उसने मंगलवार, 8 सितंबर को गुवाहाटी में अदालत जाते समय कहीं.

Advertisement

रामानुजन ने 7 सितंबर को पुलिस के सामने खुद को सरेंडर किया था और अपनी 25 साल की पत्नी रिया तालुकदार को मार डालने का जुर्म कबूला था. टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, जब पुलिस उसे अदालत ले जा रही थी, तब मीडिया के सामने असमिया भाषा में उसने फिर कबूल किया कि उसने ही अपनी पत्नी की हत्या की थी और जेल से छूटने के बाद वह उसकी पत्नी के ‘शुगर डैडी’ को जरूर मारेगा. 

'मुझे कोई पछतावा नहीं'

पत्रकार बार-बार रामानुजन से सवाल पूछते रहे कि उस व्यक्ति की क्या पहचान है? वह कौन है? इन सवालों से वह नाराज हो गया और मीडियाकर्मियों के साथ बदतमीजी की. बाद में उसने पत्रकारों से कहा,

Advertisement

मुझे कोई पछतावा नहीं है और न ही मैं कोई माफी मांगूंगा.

अब पुलिस आरोपी से पूछताछ कर रही है. उसके दावों की सच्चाई पता की जा रही है. आरोपी ने जिसे शुगर डैडी कहकर मारने की धमकी दी है, उसकी पहचान भी पुलिस की जांच का हिस्सा बन सकती है. पुलिस ये भी पता लगाएगी कि आरोपी ने शुगर डैडी वाली बात क्यों कही? फिलहाल, उसे 7 दिन की पुलिस कस्टडी में भेज दिया गया है. 

पिछले साल सितंबर में हुई थी शादी

रिपोर्ट के मुताबिक, रिया और रामानुजन की शादी को 22 सितंबर के दिन एक साल होने वाला था. रामानुजन एक कैब ड्राइवर था. वहीं रिया गुवाहाटी के फैंसी बाजार के AC मार्केट इलाके में एक बुटीक में काम करती थी. दोनों शादी के बाद बसिष्ठपुर इलाके के एक अपार्टमेंट में साथ रह रहे थे.

Advertisement

ये भी पढ़ें: उंगलियां काटीं, कटा सिर रखा फ्रिज में, शादी के 6 महीने बाद पति ने पत्नी को मार डाला

रविवार, 6 सितंबर को पड़ोसियों ने पुलिस को फ्लैट से लगातार आ रही बदबू की जानकारी दी थी. निवासियों ने यह भी बताया कि उन्होंने कपल को दो दिनों से नहीं देखा था. उनके मोबाइल फोन भी बंद जा रहे थे. जब पुलिस घर का ताला तोड़कर अंदर गई तो उन्हें रिया का कटा हुआ सिर फ्रिज में मिला. उसी दिन रामानुजन ने पुलिस के सामने आकर खुद जुर्म कबूल कर लिया. पुलिस ने बताया कि हत्या कथित तौर पर 3 सितंबर को दोनों के बीच हुई बहस के बाद हुई. यह बहस अगले दिन तड़के तक चली थी. पुलिस ने मर्डर में कथित तौर पर इस्तेमाल किया गया 'दाओ' (एक तरह का बड़ा चाकू या गंडासा) घर से बरामद किया है. 

वीडियो: सत्य निकेतन घटनास्थल पर फायर ब्रिगेड की देरी के आरोप, चीफ फायर ऑफिसर क्या बोले?

Advertisement