The Lallantop

सैफ पर हमले को लेकर अरविंद केजरीवाल ने लॉरेंस बिश्नोई की ओर इशारा किया, पुलिस ने क्या बताया?

Attack on Saif Ali Khan: अरविंद केजरीवाल ने कहा कि गुजरात की जेल में बैठा एक गैंगस्टर निडर होकर काम कर रहा है. ऐसा लगता है कि उसे संरक्षण दिया जा रहा है.

Advertisement
post-main-image
एक्टर सैफ अली खान पर 15 और 16 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे चाकू से हमला किया गया. (फोटो- PTI)

बॉलीवुड एक्टर सैफ अली खान पर चाकू से किए गए हमले के बाद से कई तरह की थ्योरीज़ सामने आई हैं (Saif Ali Khan Attacked). मामले में बॉलीवुड से जुड़े लोगों से लेकर पॉलिटिशियन्स तक के बयान सामने आए. अब इस मामले के बहाने राजनीति भी शुरू हो गई है. दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने भाजपा पर देश के लोगों की सुरक्षा ना कर पाने का आरोप लगाया है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

इंडिया टुडे की रिपोर्ट के मुताबिक आम आदमी पार्टी (AAP) के मुखिया अरविंद केजरीवाल ने इस हमले के सिलसिले में बिना नाम लिए गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई की ओर इशारा कर दिया. उन्होंने कहा,

"गुजरात की जेल में बैठा एक गैंगस्टर निडर होकर काम कर रहा है. ऐसा लगता है कि उसे संरक्षण दिया जा रहा है."

Advertisement

बता दें कि लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की साबरमती जेल में बंद है. कई बार दावा किया गया है कि वो जेल में रहते हुए भी अपनी पूरी गैंग को ऑपरेट करता है. हालांकि अरविंद केजरीवाल ने कोई वजह नहीं बताई कि उन्होंने सैफ पर हुए हमले के बाद लॉरेंस की तरफ इशारा क्यों किया.

कुछ रिपोर्ट्स में भी दावा किया गया कि अभिनेता सैफ अली खान पर उनके घर पर हुए हमले के पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ हो सकता है. टाइम्स ऑफ इंडिया में छपी रिपोर्ट के मुताबिक मुंबई पुलिस ने इस एंगल को खारिज कर दिया है. पुलिस ने कहा कि सैफ अली खान के घर पर हुई घटना चोरी की कोशिश थी. पुलिस ने कहा कि ये पूरी तरह से चोरी का मामला था और आरोपी की पहचान कर ली गई है.

इस घटना ने सेलिब्रिटीज की सुरक्षा को लेकर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं. अरविंद केजरीवाल ने इस पर कहा,

Advertisement

"ये चिंता का बात है कि इतने बड़े एक्टर जो इतने सुरक्षित स्थान पर रहते हैं, उनके घर में हमला किया जाता है. ये राज्य और केंद्र सरकार पर सवाल उठाता है. इससे पहले सलमान खान पर हमला हुआ, बाबा सिद्दीकी की हत्या हुई. अगर सरकार इतने बड़े सेलिब्रिटीज़ को सुरक्षा नहीं दे सकती तो आम लोगों का क्या होगा? डबल इंजन की सरकार न तो सुशासन दे पा रही है और न ही लोगों को सुरक्षा दे पा रही है."

केजरीवाल ने ये भी कहा कि भाजपा भारत-बांग्लादेश सीमा की सुरक्षा करने में भी असमर्थ है. वो बोले,

"अगर वो ऐसा करने में सक्षम नहीं हैं, तो उन्हें इस्तीफ़ा दे देना चाहिए. मैं केंद्र सरकार से गंदी राजनीति बंद करने और सुरक्षा प्रदान करने की दिशा में काम करने की अपील करता हूं."

इससे पहले केजरीवाल ने ट्वीट कर कहा था कि वो सैफ अली खान पर हमले के बारे में सुनकर स्तब्ध हैं.

खतरे से बाहर हैं सैफ

बता दें कि एक्टर सैफ अली खान पर 15 और 16 जनवरी की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे चाकू से हमला किया गया. हमला उस समय हुआ जब वो मुंबई में अपने बांद्रा स्थित घर पर थे. रिपोर्ट्स के मुताबिक सैफ पर हमला बच्चों के कमरे के अंदर हुआ. माना जा रहा है कि हमलावर बच्चों के कमरे में घुसने की कोशिश कर रहा था. 

पुलिस ये पता लगा रही है कि आखिर हमलावर उनके घर में घुसा कैसे? यह भी पता लगाया जा रहा है कि हमलावर बाहर से आया था या पहले से ही इमारत के अंदर काम कर रहा था. शुरुआती जांच में पता चला है कि गार्ड ने किसी को घर में घुसते नहीं देखा.

इंडिया टुडे के साहिल जोशी के इनपुट के मुताबिक हमले के कारण सैफ को करीब छह चोटें आई हैं. इनमें से एक रीढ़ के पास है. इस चोट को गहरी चोट बताया गया है. हालांकि सैफ की टीम ने एक बयान में बताया है कि बॉलीवुड स्टार ‘खतरे से बाहर हैं’. 

दी हिंदू की रिपोर्ट के मुताबिक बयान में कहा गया,

"सैफ अली खान सर्जरी से बाहर आ गए हैं और अब खतरे से बाहर हैं. वो फिलहाल रिकवर कर रहे हैं और डॉक्टर उनकी मॉनिटरिंग कर रहे हैं."

हमले के बाद सैफ को उनके बेटे इब्राहिम अली खान और उनके परिवार के एक अन्य सदस्य सुबह करीब 3:30 बजे लीलावती अस्पताल ले गए थे. मुंबई पुलिस ने इस मामले की जांच के लिए 10 टीमों का गठन कर दिया है.

वीडियो: सैफ अली खान पर चाकू से हमला, बांद्रा के घर और पटौदी पैलेस की पूरी कहानी!

Advertisement