The Lallantop

अखिलेश यादव ने अमेरिका से ट्रेड डील पर मोदी सरकार से संसद में पूछा, '0 बड़ा या 18?'

लोकसभा में बजट पर चर्चा के दौरान बोलते हुए Akhilesh Yadav ने बजट को दिशाहीन बताते हुए कहा कि इसमें गरीबों, दलितों और पिछड़ों के लिए कुछ भी नहीं है. उन्होंने US-India Trade Deal और बजट में उत्तर प्रदेश की उपेक्षा को लेकर केंद्र सरकार को निशाने पर लिया.

Advertisement
post-main-image
अखिलेश यादव ने बजट सत्र पर चर्चा के दौरान सरकार को जमकर घेरा. (अखिलेश यादव)

लोकसभा में बजट पर चर्चा में हिस्सा लेते हुए समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने अमेरिकी ट्रेड डील को लेकर मोदी सरकार पर सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि अमेरिका से डील नहीं, ‘ढील’ हुई है. सपा अध्यक्ष ने टैरिफ रेट पर तंज करते हुए पूछा कि जीरो बड़ा या 18? और अगर यही होना था तो 11 महीने तक इंतजार क्यों किया गया?

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

लोकसभा में अखिलेश यादव ने कहा,

 बजट आने से पहले और बजट आने के बाद पूरे देश में अमेरिका से डील को लेकर हल्ला कराया जा रहा है. बीजेपी ने दावे किए कि हमने दुनिया में कई देशों से फ्री ट्रेड डील कर ली है. उनसे जानना चाहूंगा कि कितने देश बचे हैं, जिनसे फ्री ट्रेड डील नहीं कर पाए हैं. कुछ लोग रुपये को लेकर उम्र पर सवाल उठाते थे, इस डील के बाद रुपया कहां जाएगा. यही डील करनी थी तो पहले ही क्यों नहीं कर ली गई. ये डील नहीं ढील हुई है. देश जानना चाहता है कि 18 बड़ा है या जीरो. बजट पहले बना या पहले डील हुई.

Advertisement

अखिलेश यादव ने बजट को ‘दिशाहीन’ बताते हुए कहा कि इसमें गरीबों, पिछड़े और दलितों के लिए कुछ नहीं है. उन्होंने कहा कि सरकार बजट ला रही है. लेकिन हमारी पर कैपिटा इनकम नहीं बढ़ा पा रही है.

सब कुछ विदेश से आएगा तो किसान क्या उगाएगा?

सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी सरकार ने किसानों की आय दोगुनी करने की बात कही थी, लेकिन इस डील के बाद देश के किसानों का हाल क्या होगा? जब सब कुछ विदेश से ही आएगा तो किसान क्या उगाएगा और क्या बेच पाएगा? अखिलेश यादव ने सदन में पूछा,

Advertisement

 सरकार ने एग्री इंफ्रा, और मंडिया बनाने की बात की थी. लेकिन किसानों को आज भी सरकार MSP की गारंटी नहीं दे पाई. सरकार हर्टिकल्चर क्रॉप्स और दूध उत्पादन के आंकड़े गिनाती है, लेकिन ये बताए कि MSP की गारंटी कब देगी? अगर किसानों को लाभ नहीं मिलेगा तो वो अपना घर कैसे चलाएंगे, बच्चों को कैसे पढ़ाएंगे, बेटियों को विदा कैसे करेंगे.

सोने चांदी के बढ़ते भाव को लेकर सवाल उठाते हुए सपा सुप्रीमों ने कहा,

आज सोने के भाव कहां पहुंच गए? पहले गरीब सोचता था कि बिटिया कि विदाई में सोने का कुछ दे देंगे. यही सरकार चलती रही तो चांदी दूर, लोहे पर पीतल का पानी चढ़ाकर भी वह बेटी की विदाई नहीं कर पाएगा.

बजट में उत्तर प्रदेश की अनदेखी 

अखिलेश यादव ने दावा किया कि बजट में उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य के लिए कोई खास योजना नहीं है, जिससे उत्तर प्रदेश के 25 करोड़ लोगों को मुख्य धारा से जोड़ा जा सके. उन्होंने कहा,

 प्रधानमंत्री यूपी से चुनकर आते हैं. लेकिन भारत सरकार के बजट से वहां कोई भी एक्सप्रेसवे नहीं बन सका है, जो बने भी हैं, उस क्वालिटी के नहीं हैं, जैसे विकसित भारत की क्वालिटी होनी चाहिए.

अखिलेश यादव ने बुलेट ट्रेन को संपन्न राज्यों तक सीमित रखने पर सवाल उठाते हुए कहा कि बुलेट ट्रेन उत्तर प्रदेश, बिहार और बंगाल जैसे राज्यों में क्यों नहीं चलाया जा सकता है. उन्होने वाराणसी के दालमंडी में बुलडोजर एक्शन का मुद्दा उठाते हुए कहा कि जिन लोगों ने वोट नहीं दिया उनके घर तोड़े जा रहे हैं. 

वीडियो: राजधानी: राहुल गांधी के सामने मुस्लिम वोटर्स, अखिलेश यादव का डर क्या?

Advertisement