The Lallantop

दिल्ली चुनाव से पहले AAP को बड़ा झटका, एक ही दिन में सात विधायकों ने छोड़ी पार्टी

AAP 7 MLAs quit Party: अरविंद केजरीवाल के सात विधायकों ने इस्तीफा दे दिया है, इन्होंने AAP को भी छोड़ दिया है. इन सभी को इस चुनाव में AAP से टिकट नहीं मिला था. अब अचानक इन्होंने पार्टी छोड़ने की क्या वजह बताई है?

Advertisement
post-main-image
दिल्ली चुनाव से पहले हुई ये घटना AAP के लिए बड़ा झटका मानी जा रही है | फाइल फोटो: आजतक

दिल्ली विधानसभा चुनाव से 5 दिन पहले आम आदमी पार्टी के सात मौजूदा विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा दे दिया है. इनमें त्रिलोकपुरी विधायक रोहित महरौलिया, जनकपुरी विधायक राजेश ऋषि, कस्तूरबा नगर विधायक मदनलाल, पालम विधायक भावना गौड़, महरौली विधायक नरेश यादव, आदर्श नगर सीट से पवन शर्मा और बिजवासन सीट से विधायक बीएस जून का नाम शामिल है. आइए जानते हैं कि इन सभी ने अचानक पार्टी छोड़ने का क्या कारण बताया है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

AAP ने इस चुनाव में 17 मौजूदा विधायकों का टिकट काटा था. जिनमें पार्टी छोड़ने वाले ये सात विधायक भी शामिल हैं. इन सभी ने विधानसभा चुनाव में टिकट न मिलने और भ्रष्टाचार को इस्तीफे की वजह बताया है. महरौली से दो बार के पार्टी विधायक नरेश यादव ने कहा,

‘मैंने आम आदमी पार्टी ईमानदारी की राजनीति के लिए जॉइन की थी, लेकिन आज कहीं भी ईमानदारी नजर नहीं आ रही है. मैंने महरौली विधानसभा सीट पर पिछले 10 साल से लगातार 100 फीसदी से ज्यादा ईमानदारी से काम किया है. महरौली के लोग जानते हैं कि मैंने ईमानदारी की राजनीति, अच्छे व्यवहार की राजनीति और काम की राजनीति की है… लेकिन आज आम आदमी पार्टी पूरी तरह से करप्शन में लिप्त है.’ 

Advertisement

नरेश यादव ने आगे कहा, 

‘महरौली के बहुत से लोगों से मैंने इस बारे में चर्चा की, सभी ने यही कहा कि मुझे इस पार्टी को छोड़ देना चाहिए, क्योंकि ये पार्टी अब भ्रष्टाचार में लिप्त हो चुकी है. इन्होंने लोगों के साथ धोखा किया है… आम आदमी पार्टी में कुछ ही लोग ईमानदारी की राजनीति करने वाले बचे हैं. सिर्फ उनसे मेरी दोस्ती रहेगी…’

दिल्ली के त्रिलोकपुरी से AAP के विधायक रोहित मेहरौलिया ने इस्तीफा देते हुए X पर ट्वीट किया है. उन्होंने लिखा,

Advertisement

‘जिन्हें बाबासाहब आंबेडकर की केवल फोटो चाहिए, उनके विचार नहीं. ऐसे मौका-परस्त और बनावटी लोगों से आज से मेरा नाता ख़त्म. मैं आम आदमी पार्टी की प्राथमिक सदस्यता सहित सभी पदों से इस्तीफा देता हूं.’

दिल्ली के जनकपुरी से विधायक राजेश ऋषि ने इस्तीफा देते हुए X पर लिखा,

‘आम आदमी पार्टी भ्रष्टाचार मुक्त शासन, पारदर्शिता और जवाबदेही के सिद्धांतों पर आधारित थी. पार्टी से मैंने इन मूल्यों से एक महत्वपूर्ण दूरी देखी है… पार्टी करप्शन और भाई-भतीजावाद का एक कटोरा बन गई है, जो लोग अखंडता के संरक्षक होने वाले थे, वे इसके सबसे बड़े उल्लंघनकर्ता बन गए हैं, मैं अब एक ऐसे संगठन का हिस्सा नहीं बन सकता जिसने अपनी नैतिक दिशा को खो दिया है.’

पालम विधायक भावना गौड़ ने अपना इस्तीफा देते हुए कहा कि उनका AAP से विश्वास पूरी तरह से खत्म हो चुका है, इसलिए वो पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दे रही हैं.

दिल्ली में 5 फरवरी को सभी 70 सीटों पर वोट डाले जाएंगे. 8 फरवरी को नतीजे घोषित होंगे. राजधानी की 70 विधानसभा सीटों के लिए कुल 699 उम्मीदवार मैदान में हैं. दिल्ली विधानसभा का मौजूदा कार्यकाल 23 फरवरी को खत्म हो रहा है.

वीडियो: दिल्ली चुनाव: राहुल गांधी ने अरविंद केजरीवाल को पुराने दिनों की याद दिला दी!

Advertisement