The Lallantop

खाना खाने से पहले हाथ धोते हैं, लेकिन ऐसे नहीं धोते तो दिक्कत हो सकती है

एक बात बताइए. खाना खाने से पहले क्या आप अपने हाथ धोते हैं? हमेशा धोते हैं? आप में से बहुत सारे लोग बोलेंगे, नहीं. लेकिन, खाना खाने से पहले यही हाथ धोना आपको कई बीमारियों से बचा सकता है. हाथ धोना भले ही बहुत छोटी सी बात लगती हो. लेकिन, ये आदत है बड़े काम की.

Advertisement
post-main-image
कुछ भी खाने से पहले हाथ ज़रूर धोएं

आपने टीवी पर वो वाला ऐड देखा है, जिसमें एक बच्चा बहुत देर तक हाथ धोता रहता है? ये देखकर दूसरा बच्चा उसका मज़ाक उड़ाते हुए कहता है, "अरे! बंटी तेरा साबुन स्लो है क्या?" ये एक साबुन का ऐड है. आपने टीवी पर साबुन और हैंडवॉश के कई ऐड्स देखे होंगे. हर ऐड में बताया जाता है कि हाथ धोना आपकी सेहत के लिए कितना ज़रूरी है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

पर अब आप एक बात बताइए. खाना खाने से पहले क्या आप अपने हाथ धोते हैं? हमेशा धोते हैं? आप में से बहुत सारे लोग बोलेंगे, नहीं. लेकिन, खाना खाने से पहले यही हाथ धोना आपको कई बीमारियों से बचा सकता है. हाथ धोना भले ही बहुत छोटी सी बात लगती हो. लेकिन, ये आदत है बड़े काम की.

डॉक्टर से जानिए कि बिना हाथ धोए खाना खाने से क्या नुकसान होता है. हाथ धोकर खाना खाने से किन बीमारियों से बचा जा सकता है. और, हाथ धोने का सही तरीका क्या है. 

Advertisement

बिना हाथ धोए खाना खाने के नुकसान?

ये हमें बताया डॉक्टर अमिताभ पार्ती ने.

dr amitabh parti
डॉ. अमिताभ पार्ती, सीनियर डायरेक्टर, फोर्टिस हॉस्पिटल, गुरुग्राम

बिना हाथ धोए खाना खाने से हाथ पर मौजूद कीटाणु शरीर में चले जाते हैं. इससे पानी से होने वाली बीमारियां होने का डर रहता है. हैजा, टायफॉइड और हेपेटाइटिस जैसे इन्फेक्शन हो सकते हैं. आंख और स्किन की कुछ बीमारियां, कोविड-19, फ्लू और सांस से जुड़ी बीमारियां होने का रिस्क भी रहता है. इसलिए, ज़रूरी है कि हाथ धोकर खाना खाया जाए.

हाथ धोने से किन बीमारियों से बचाव होता है?

खाना खाने से पहले हाथ धोने से पीलिया, टायफॉइड, हैजा, ई.कोलाई इंफेक्शन, गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल इंफेक्शन, लेप्टोस्पायरोसिस, फ्लू और कोविड से बचा जा सकता है. आजकल बहुत सारे मरीज़ों की जान एंटीबायोटिक रेज़िस्टेंस से जा रही है. ऐसे में हेल्थकेयर वर्कर्स और मरीज़ों की देखभाल करने वालों के लिए हाथ धोना बहुत ज़रूरी है. हाथ धोने से न केवल बीमारियों से बचाव होता है, बल्कि एंटीमाइक्रोबियल रेजिस्टेंस होने की संभावना भी कम हो जाती है. 

Advertisement

दरअसल, एंटीमाइक्रोबियल रेज़िस्टेंस होने पर, जब हम किसी बैक्टीरिया या वायरस को मारने वाली दवा खाते हैं. तो वो असर ही नहीं करती. फिर इंफेक्शन या बीमारी ठीक होने के बजाय बढ़ जाती है.

handwash
कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोने चाहिए
हाथ धोने का सही तरीका

सेंटर फॉर डिज़ीज़ कंट्रोल की गाइडलाइंस के मुताबिक, कम से कम 20 सेकंड तक हाथ धोने चाहिए. पहले दोनों हाथों को पानी से गीला करें और उनमें साबुन लगाएं. इसके बाद दोनों हाथों की हथेलियों को आपस में रगड़ें. फिर एक हाथ से दूसरे हाथ का पिछला हिस्सा और दूसरे हाथ से पहले हाथ का पिछला हिस्सा साफ करें. उंगलियों के बीच के मैल को हटाकर दोनों अंगूठों को साफ करें. इसके बाद नाखूनों को साफ करके अपने हाथ साफ पानी से धो लें. फिर टिशू से हाथ सुखाएं और टिशू से ही नल बंद करें. 20 सेकंड में हाथ पूरी तरह साफ हो जाते हैं.

(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से जरूर पूछें. ‘दी लल्लनटॉप ’आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)

वीडियो: सेहतः मेनोपॉज़ के बाद भी खून आ रहा तो इस कैंसर का रिस्क हो सकता है!

Advertisement