इंटरमिटेंट फास्टिंग. कीटो डाइट. OMAD डाइट. डैश डाइट. आजकल सोशल मीडिया पर इन डाइट्स के बहुत चर्चे हैं. सेलेब्रिटीज़ और इन्फ्लुएंसर्स इनकी मदद से वज़न घटा रहे हैं. सबको देखा-देखी आप भी डाइट करना शुरू करते हैं. लेकिन, आपका वज़न नहीं घटा. वो जस का तस बना हुआ है.
इतनी डाइट की, फिर भी नहीं घटा वजन? ये गलतियां कर रहे आप
कैलोरीज़ और फैट ज़्यादा लेने से वज़न घटाने में मुश्किल होती है. डाइट में प्रोटीन की कमी से भी ऐसा होता है.


ऐसा क्यों? ये जानिए डॉक्टर से. समझिए कोई भी डाइट आप पर असर क्यों नहीं कर रही. आप डाइट से वज़न क्यों नहीं घटा पा रहे. और, अगर वज़न नहीं घट रहा तो क्या करें.
डाइट आप पर असर क्यों नहीं कर रही?
ये हमें बताया डॉक्टर आस्था शर्मा ने.

हर इंसान का मेटाबॉलिज्म अलग होता है. उम्र के हिसाब से भी डाइट अलग असर करती है. जेनेटिक कारणों से भी ऐसा हो सकता है. जैसे अगर परिवार में थायरॉइड, PCOS या इंसुलिन रेजिस्टेंस की हिस्ट्री है. फिजिकल एक्टिविटी की कमी से भी डाइट असर नहीं करती. क्योंकि, डाइट अकेले असर नहीं करती, एक्सरसाइज़ करना भी ज़रूरी है. डाइट ठीक तरह न फॉलो करना भी एक बड़ा कारण है. इन कारणों के चलते कुछ डाइट दूसरों पर असर करती हैं, लेकिन आप पर नहीं.
डाइट से वज़न क्यों नहीं घटा पा रहे?
कैलोरीज़ और फैट ज़्यादा लेने से वज़न घटाने में मुश्किल होती है. डाइट में प्रोटीन की कमी से भी ऐसा होता है. एक्सरसाइज़ न करना, नींद पूरी न होना भी कारण हैं. स्ट्रेस की वजह से भी वज़न घटाने में मुश्किल आती है. इसलिए कारण पहचानना ज़रूरी है.

अगर वज़न नहीं घट रहा तो क्या करें?
वज़न घटाना है तो एक पर्सनलाइज्ड डाइट प्लान बनाना ज़रूरी है. रोज़ कम से कम 45 मिनट तेज़ी से वॉक करें. जंक फ़ूड और प्रिजर्वेटिव्स डली खाने की चीज़ों से दूरी बना लें. अगर ये सब करने के बाद भी वज़न नहीं घट पा रहा, तो डॉक्टर से मिलकर टेस्ट करवाइए. डाइटिशियन से पर्सनलाइज्ड डाइट प्लान बनवाइए. डाइट प्लान को लगातार फॉलो करिए. डाइट जादू नहीं है. ये एक प्रोसेस है.
(यहां बताई गई बातें, इलाज के तरीके और खुराक की जो सलाह दी जाती है, वो विशेषज्ञों के अनुभव पर आधारित है. किसी भी सलाह को अमल में लाने से पहले अपने डॉक्टर से ज़रूर पूछें. दी लल्लनटॉप आपको अपने आप दवाइयां लेने की सलाह नहीं देता.)
वीडियो: सेहत: सीधे स्किन पर लगा सकते हैं परफ्यूम या डिओडोरेंट?




















