
वायरल पोस्ट में बताई जा रही दवाई
क्या है वायरल पोस्ट में?
फेसबुक पर गुलाम-ए-ख्वाजा नाम के एक शख्स ने एक पोस्ट शेयर किया है. जिसमें स्क्रीनशॉट है एक व्हाट्सैप स्टोरी का. इसमें यूनीहर्ब नाम की कंपनी की एक दवाई का फोटो है. दवाई का नाम है यूनी-स्टो. साथ ही एक और स्टोरी का स्क्रीनशॉट है जिसमें इस दवाई का गुणगान किया गया है. इसमें लिखा है -"सिर्फ 4 घंटों में पथरी निकालने वाली दवा जो लेने के चार घंटे में असर शुरू कर देती है आपका फॉरवर्ड किसी की मदद कर सकता है और मरीज ऑपरेशन से बच सकता है"

वायरल हो रहा पोस्ट
असलियत क्या है?
हमनें सर्च किया यूनीहर्ब्स कंपनी का नाम. इस नाम की 2 कंपनियां मिलीं. एक देसी और एक अमेरिकन. अमेरिका वाली यूनीहर्ब्स जड़ी-बूटी तो बेचती है. पर ये जड़ी-बूटियां चाइनीज़ हैं. पर इसका लोगो वायरल पोस्ट वाली कंपनी के लोगो से मेल नहीं खाता. दूसरी कंपनी है यूनीहर्ब्स इंडिया जो इंसानों के लिए नहीं बल्की जानवरों के लिए दवाइयां और सप्लीमेंट बनाती है.
यूनीहर्ब नाम सर्च करने पर दिखने वाली कंपनियों का, पोस्ट में दी गई कंपनी से कोई लेना देना नहीं है
साथ ही पोस्ट करने वाले महाशय ने न तो दवा का कम्पोजीशन बताया न कीमत और न ही यह बताया कि ये दवा मिलेगी कहां.

पोस्ट पर दवा का पता ठिकाना पूछते लोग
मतलब कंपनी या दवा का तो अता-पता है नहीं. पर हमने फिर भी दावे को जांचने के लिए अपोलो हॉस्पिटल के डॉ. अजीत सक्सेना को फोन घुमाया. डॉक्टर साहब ने समझाया कि ये पथरी या स्टोन का बनना या निकल जाना इतनी सीधी सी बात भी नहीं है. ये किस तरह की है, शरीर में कहां है, कितनी रफ़ या स्मूद है, इस पर निर्भर करेगा कि इलाज कैसे होगा. और इस तरह का दावा बेबुनियाद है.
कैसे होती है पथरी और कैसे होता है इसका इलाज?
पथरी या स्टोन किडनी में मिनरल सॉल्ट जमा हो जाने से होता है. ये स्टोन्स कई तरह के होते हैं जैसे कैल्शियम स्टोन, यूरिक एसिड स्टोन, सिस्टाईन स्टोन आदि. इलाज भी इन कैटेगरीज पर निर्भर करता है. जैसे एसिड स्टोन निकालने के लिए अलकलाइन दवाइयां कारगर होती हैं. स्मूद स्टोन हायड्रोथेरेपी से निकल सकता है. पर आप बड़े-बड़े शब्दों में न फसें बस ये समझ लें कि इतनी नाना प्रकार की पथरियों के लिए एक दवा नहीं हो सकती. और 4 घंटों में असर दिखाने वाली बात भी सरासर झूठ है.तो कभी ऐसी परेशानी में फसें तो इन फ़र्ज़ी झांसों में न आएं. डॉक्टर के पास जाएं और दवाइयां सिर्फ और सिर्फ डॉक्टर की सलाह से लें.Fact Check
















.webp?width=275)





