The Lallantop

सड़क पर पुलिसवाले को चाकू गोदकर हत्या करने वाला मुस्लिम नहीं है, सुदर्शन न्यूज़ ने झूठ फैलाया

दावा है कि ASI शंभु दयाल के हत्या का आरोपी मोहम्मद अनीश है.

Advertisement
post-main-image
सुदर्शन न्यूज़ ने घटना को जिहाद से जोड़ दिया.
दावा

8 जनवरी को दिल्ली पुलिस ने अपने आधिकारिक ट्विटर अकाउंट से एक ट्वीट किया. ट्वीट में दिल्ली पुलिस ने लिखा, 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

बीती 4 जनवरी को मायापुरी थाने में तैनात ASI शंभु दयाल एक स्नैचर को पकड़ने के दौरान चाकू से हमला किये जाने से गंभीर रूप से घायल हो गए थे. BLK हॉस्पिटल में इलाज के दौरान आज वे शहीद हो गए. हमें अपने इस बहादुर अधिकारी के साहस और कर्तव्यनिष्ठा पर गर्व है. उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि.

इस बीच सोशल मीडिया पर घटना का एक CCTV वीडियो भी तैरना लगा. वीडियो में ASI शंभु दयाल पर हमलावर द्वारा हमला करते हुए साफ-साफ देखा जा सकता है. 
घटना के बारे में जानकारी देते हुए सुदर्शन न्यूज़ चैनल ने इसे जिहाद से जोड़ दिया. सुदर्शन न्यूज़ ने चैनल पर ऑन एयर की गए वीडियो को ट्विटर पर शेयर किया और कैप्शन लिखा, (आर्काइव)

Advertisement

राजधानी दिल्ली के मायापुरी में अब पुलिस भी असुरक्षित... चाकुओं से की गई योद्धा की निर्मम हत्या, जिहादियों की भेंट चढ़े ASI शंभु दयाल

सुदर्शन न्यूज़ के ट्वीट का स्क्रीनशॉट.

वीडियो में घटना के बारे में जानकारी देते हुए सुदर्शन न्यूज़ की एंकर कहती हैं कि 'दिल्ली पुलिस के ASI शंभु दयाल की जिहादी मोहम्मद अनीश ने हत्या की.'

सुदर्शन न्यूज़ से जुड़े खुद को पत्रकार बताने वाले सागर कुमार ने भी आरोपी को जिहादी मोहम्मद अनीश बताया. (आर्काइव)

Advertisement

इनके अलावा विश्व हिन्दू परिषद के राष्ट्रीय प्रवक्ता विनोद बंसल ने ट्वीट कर लिखा, (आर्काइव)

झपट मार जिहादी अनीस ने किया दिल्ली के एएसआई शंभू दयाल पर जानलेवा हमला, गंभीर रूप से घायल. अब लगता है दिल्ली में पुलिस में सुरक्षित नहीं..!!

पड़ताल

'दी लल्लनटॉप' की पड़ताल में हत्या के आरोपी से जुड़े वायरल दावे गलत साबित हुए. आरोपी का नाम मोहम्मद अनीश नहीं बल्कि अनीश राज है. 
घटना के बारे में सर्च करने पर हमें इंडियन एक्सप्रेस में 9 जनवरी, 2023 को पब्लिश हुई रिपोर्ट मिली. रिपोर्ट में दिल्ली पुलिस के अधिकारी का बयान भी शामिल है. बयान के मुताबिक, 

'ASI शंभु दयाल से एक महिला ने चाकू दिखाकर कथित तौर पर मोबाइल फोन छीनने की शिकायत के लिए संपर्क किया था. इसके बाद दयाल शिकायतकर्ता को आरोपी की पहचान करने के लिए स्पॉट पर ले गए थे. महिला ने उस व्यक्ति की पहचान की तो ASI ने आरोपी मायापुरी निवासी अनीश राज (24) को पकड़ लिया. जब दयाल अनीश को थाने ले जा रहे थे, तब उसने एक चाकू निकाला और हमला कर दिया. दयाल के सीने, पेट, गर्दन और यहां तक ​​कि उनकी पीठ पर भी चोटें आईं, क्योंकि उन्हें कई बार चाकू मारा गया था.'

रिपोर्ट में आगे बताया गया है कि 4 जनवरी की शाम हुई इस घटना के बाद शंभु दयाल को BLK अस्पताल में भर्ती कराया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई. 
घटना के बारे में गलत और भ्रामक सूचनाओं का खंडन करते हुए दिल्ली पुलिस ने ट्वीट कर लिखा,

ASI शंभु दयाल की हत्या करने वाले आरोपी का नाम अनीश राज, पुत्र -प्रह्लाद राज है. यह एक अपराधी है. मोबाइल फोन चोरी के आरोप में पकड़ने के दौरान इसने ASI पर चाकू से हमला किया था. मामला सांप्रदायिक नहीं है. सोशल मीडिया में कुछ हैंडल्स द्वारा गलत व भ्रामक जानकारी दी जा रही है.

परिवार को 1 करोड़ का मुआवजा

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने शंभु दयाल को 1 करोड़ की मदद देने की घोषणा की है. केजरीवाल ने ट्वीट कर लिखा, 

जनता की रक्षा करते हुए ASI शंभु जी ने अपनी जान तक की परवाह नहीं की. वे शहीद हो गये. हमें उन पर गर्व है. 
उनकी जान की कोई क़ीमत नहीं पर उनके सम्मान में हम उनके परिवार को एक करोड़ रुपये की सम्मान राशि देंगे.

नतीजा

हमारी पड़ताल में घटना को लेकर किए जा रहे सांप्रदायिक दावे गलत साबित हुए. आरोपी का नाम अनीश राज है न कि मोहम्मद अनीश. मामले को लेकर दिल्ली पुलिस ने भी ट्वीट कर अफवाहों का खंडन किया है.

पड़ताल की वॉट्सऐप हेल्पलाइन से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें. 

ट्विटर और फेसबुक पर फॉलो करने के लिए ट्विटर लिंक और फेसबुक लिंक पर क्लिक करें.

वीडियो: जोशीमठ की तरह कर्णप्रयाग में भी लोग घर छोड़ भाग रहे, लल्लनटॉप ने जाना क्या है वजह?

Advertisement