Pakistani फिल्म The Legend of Maula Jatt ने कमाई के मामले में एक और रिकॉर्ड बना दिया है. इस फिल्म ने पाकिस्तानी बॉक्स ऑफिस पर 100 करोड़ रुपए का आंकड़ा पार कर लिया है. ऐसा करने वाली ये पहली पाकिस्तानी फिल्म बन गई है. इसके अलावा फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 10 मिलियन डॉलर के पार जा चुका है. इसकी जानकारी 2 जनवरी को 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' के ऑफिशियल इंस्टाग्राम हैंडल पर दी गई.
'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' ने पाकिस्तानी सिनेमा इतिहास के सभी रिकॉर्ड्स को तहस-नहस कर डाला
इस फिल्म ने न सिर्फ पाकिस्तान, बल्कि दुनियाभर में कमाई का नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया है.
.webp?width=360)

'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' 13 अक्टूबर, 2022 को पाकिस्तान समेत दुनियाभर में रिलीज़ हुई थी. नवंबर में फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 100 करोड़ रुपए के पार पहुंच गया. ऐसा करने वाली वो पाकिस्तानी सिनेमा इतिहास की पहली फिल्म बनी. 2 जनवरी को 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' ने सिर्फ पाकिस्तान में 100 करोड़ रुपए पार कर लिए. जो कि वहां की इंडस्ट्री के लिए बहुत बड़ी रकम है. अब इस फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 227.23 करोड़ (पाकिस्तानी) रुपए हो चुका है.
लंबे समय से 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' को इंडिया में रिलीज़ करने की चर्चा चल रही है. पहले पता चला कि ये फिल्म 23 दिसंबर को भारतीय सिनेमाघरों में उतरेगी. फिर ये तारीख आगे खिसकाकर 30 दिसंबर कर दी गई. इस तारीख पर फिल्म की रिलीज़ तकरीबन तय हो चुकी थी. मगर ऐन वक्त पर भारतीय सेंसर बोर्ड ने फिल्म की इंडिया रिलीज़ के लिए दिया हुआ अप्रूवल वापस ले लिया. हालांकि इसके पीछे वजह साफ नहीं हो पाई. इसकी वजह से फिल्म को भारत में रिलीज़ करने की सारी प्लानिंग लटक गई है. किसी को नहीं पता कि ये फिल्म इंडिया में कब आएगी.
अगर 'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' इंडिया में रिलीज़ होती है, तो वो ऐसा करने वाली चौथी पाकिस्तानी फिल्म बन जाएगी. इससे पहले 2008 में आई 'रामचंद पाकिस्तानी' नाम की फिल्म को इंडिया में रिलीज़ किया था. इस फिल्म में नंदिता दास ने भी काम किया था. इसके अलावा पाकिस्तानी फिल्म 'खुदा के लिए' भी भारतीय सिनेमाघरों में रिलीज़ की जा चुकी है. पाकिस्तान में ये फिल्म 10 जुलाई, 2007 को रिलीज़ हुई थी. जबकि इंडिया में इसे 4 अप्रैल, 2008 को रिलीज़ किया जा सका.
आतिफ असलम, हुमैमा मलिक और माहिरा खान स्टारर 'बोल' वो आखिरी पाकिस्तानी फिल्म थी, जिसे इंडिया में रिलीज़ किया गया था. 24 जून, 2011 को पाकिस्तान में रिलीज़ हुई ये फिल्म, इंडियन थिएटर्स में 31 अगस्त को लगी थी. फिल्म का गाना 'होना था प्यार' बड़ा पॉपुलर हुआ था.
'द लेजेंड ऑफ मौला जट्ट' में फवाद खान और हमज़ा अली अब्बासी के साथ हुमैमा मलिक और माहिरा खान ने लीड रोल्स किए हैं. ये 1979 में आई पाकिस्तानी फिल्म 'मौला जट्ट' की रीमेक है. इसे बिलाल लशारी ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: पाकिस्तानी फिल्म 'द लैजेंड ऑफ मौला जट्ट' ने दुनियाभर में उड़ा दिया गर्दा!


















