'माएरी' और 'कभी आना तू मेरी गली' जैसे गानों के लिए मशहूर गायक पलाश सेन ने शाहरुख़ ख़ान के स्कूल के किस्से सुनाए हैं. पलाश हाल ही में 'द लल्लनटॉप' के ख़ास शो 'गेस्ट इन द न्यूज़रूम' में आए थे. इस दौरान उन्होंने अपने गाने भी सुनाए. साथ ही शाहरुख़ से जुड़ी कई दिलचस्प चीज़ें भी बताई.
"शाहरुख को नाचना-गाना नहीं आता था फिर भी..."- बचपन के दोस्त ने बताया किस्सा
स्कूल में क्या करते थे शाहरुख.
.webp?width=360)

पलाश और शाहरुख़ एक ही स्कूल में पढ़े हैं. दोनों दिल्ली के कोलंबस स्कूल के स्टुडेंट्स हैं. पलाश ने अपने स्कूल और शाहरुख़ पर बात करते हुए कहा -
कोलंबस से सबसे मशहूर स्टुडेंट शाहरुख़ हैं. हमारे स्कूल से बहुत अच्छे-अच्छे लोग पासआउट किए हैं. बहुत सारे इंडस्ट्रलिस्ट्स, ऐसे लोग हैं जिन्होंने जिंदगी में बहुत अच्छी-अच्छी चीज़ें (की हैं)... सरकार में कई ने काम किया है. शाहरुख़ भी वहीं से है. मैं आपको बताना चाहता हूं कि शाहरुख़ अगर किसी और भी फील्ड में जाता, तो भी उसको इतनी ही सक्सेस मिलती. शाहरुख़ जैसे इंटेलिजेंट बहुत कम ही लोगों से मिला हूं मैं. हम दोनों एक ही उम्र के हैं, जबकि वो स्कूल में एक साल मुझसे जूनियर था. वो इसलिए क्योंकि वो एक साल बाद आया था. शाहरुख़ सबसे बड़ा नाम है, पर कोलंबस से पास करने वाला हर कोई अपनी फील्ड में अच्छा करता है.
पलाश ने आगे एक किस्सा सुनाया, जिसमें शाहरुख़ स्टेज पर एक्ट कर रहे थे, और पलाश पीछे से गाना गा रहे थे.
हम क्लास 10 में थे. तब हमने एक म्यूज़िकल किया था, जिसका नाम था 'द विज़'. वो 'विजर्ड ऑफ ऑज़' पर आधारित था. आप सबने शायद देखा हो. उसमें शाहरुख़ विज़ थें और मैं टिन मैन था. उसको (शाहरुख़) गाना नहीं आता. तब नाचना भी नहीं आता था. अब तो वो दोनों कर रहे हैं और कमाल कर रहे हैं! जब शाहरुख़ का गाना आता था, तब मुझे भागकर (स्टेज के) विंग्स में जाना होता था, और मैं प्लेबैक करता था, और वो लिपसिंक करते थे.
शाहरुख़ ने उस वक्त पलाश को एक ख़ास बात भी कही थी.
उस दौर में मुझे सब लोग पॉली कहकर बुलाते थे. शाहरुख़ ने मुझसे कहा था, पॉली, देख लियो, एक दिन तू मेरे लिए फिल्मों में गा रहा होगा और मैं लिपसिंक करूंगा. उनके बारे में एक ख़ास बात ये भी है कि उन्हें हमेशा पता था, कि उन्हें सिनेमा ही करनी है.
इस इंटरव्यू में पलाश ने राहुल गांधी पर भी बात की है. ये पूरा इंटरव्यू आप द लल्लनटॉप के यूट्यूब चैनल पर देख सकते हैं.
वीडियो: गेस्ट इन द न्यूजरूम: पलाश सेन ने सुनाए शाहरुख खान और केके से दोस्ती के किस्से






















