The Lallantop

सलमान खान को मिली Y+ सिक्योरिटी, अक्षय कुमार और अनुपम खेर की भी सुरक्षा बढ़ाई गई

स्टेट इंटेलीजेंस डिपार्टमेंट ने रिस्क का मुआयना किया. उसके आधार पर ही सलमान समेत अन्य सेलेब्रिटीज़ की सुरक्षा चाक-चौबंद की गई.

Advertisement
post-main-image
आर्म्स एक्ट केस की सुनवाई के लिए जोधपुर कोर्ट पहुंचते सलमान खान.

Salman Khan को मिलीं जान से मारने की धमकियों के बीच उनकी सिक्योरिटी अपग्रेड कर दी गई है. महाराष्ट्र सरकार ने सलमान को Y+ कैटेगरी का सिक्योरिटी कवर दिया है. अब तक सलमान को सिर्फ मुंबई पुलिस से सिक्योरिटी मिली हुई थी. मगर खतरे को देखते हुए सरकार को वो काफी नहीं लगा. सलमान खान के अलावा अक्षय कुमार और अनुपम खेर जैसे एक्टर्स की भी सिक्योरिटी बढ़ाई गई है.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

मिड डे में छपी एक रिपोर्ट के मुताबिक सलमान खान को Y+ श्रेणी की सिक्योरिटी दी गई है. स्टेट इंटेलीजेंस डिपार्टमेंट ने रिस्क का मुआयना किया. उसके आधार पर ही सलमान समेत अन्य सेलेब्रिटीज़ की सुरक्षा को चाक-चौबंद किया गया. वैसे तो Y+ कैटेगरी की सिक्योरिटी डिटेल में 39 लोग शामिल होते हैं. इसमें दो से चार कमांडो और पुलिसवाले होते हैं. मगर इस रिपोर्ट में दावा किया गया है कि सलमान के आसपास हमेशा चार लोग उनकी सुरक्षा के लिए मौजूद रहेंगे. सलमान के अलावा महाराष्ट्र के पूर्व मुख्यमंत्री देवेंद्र फड़नवीस की पत्नी अमृता फड़नवीस को भी Y+ सिक्योरिटी दी गई है.

बीते दिनों लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने सलमान खान को जान से मारने की धमकी दी थी. सलमान के पिता सलीम खान तक एक चिट्ठी पहुंची थी. इसमें कहा गया था कि सलमान की हालत सिद्धू मूसेवाला जैसी कर दी जाएगी. पंजाबी सिंगर सिद्धू मूसेवाला की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी. इसके पीछे लॉरेंस बिश्नोई गैंग का हाथ बताया जाता है. खैर, सलमान को धमकी मिलने के बाद मुंबई, पंजाब और दिल्ली पुलिस ने इस मामले की जांच शुरू की. इसमें उन्हें पता लगा कि लॉरेंस बिश्नोई और गोल्डी बरार दो बार सलमान को मारने की कोशिश कर चुके हैं. हालांकि वो इसमें नाकाम रहे. इन्हीं वजहों से सलमान की सुरक्षा में इजाफा किया गया है.

Advertisement

अक्षय कुमार और अनुपम खेर को X कैटेगरी की सिक्योरिटी दी गई है. अक्षय कुमार की सुरक्षा सोशल मीडिया पर मिली धमकियों की वजह से बढ़ाई गई है. जबकि अनुपम खेर की सिक्योरिटी टाइट करने का फैसला उनकी फिल्म 'द कश्मीर फाइल्स' की रिलीज़ के बाद लिया गया. अक्षय और अनुपम की सुरक्षा में 3-3 लोग लगाए गए हैं. जो अलग-अलग शिफ्ट में काम करेंगे.  

हालांकि रिपोर्ट्स के मुताबिक इन फिल्म स्टार्स को जो सिक्योरिटी मुहैया करवाई गई है, उसका खर्च वो लोग खुद उठाएंगे. सरकार नहीं.

Advertisement
Advertisement