Salman Khan की फिल्म Kisi Ka Bhai Kisi Ki Jaan अपने पहले दिन बॉक्स ऑफिस पर मज़बूत इम्पैक्ट क्रिएट नहीं कर पाई. ट्रेड ऐनलिस्ट तरण आदर्श ने बताया कि फिल्म पहले दिन 15.81 करोड़ रुपए की कमाई ही कर पाई. तरण ने बताया कि साल 2011 से 2019 के बीच ईद पर रिलीज़ हुई सलमान की फिल्मों में KKBKKJ को सबसे कमज़ोर ओपनिंग मिली.
सलमान की KKBKKJ ने पहले दिन उनकी फ्लॉप फिल्मों से भी कम कमाई की
बताया जा रहा है कि फिल्म की कमाई को दूसरे दिन बड़ा जम्प मिल सकता है.


बताया जा रहा है कि KKBKKJ को मल्टीप्लेक्स की तुलना में मास सर्किट्स में अच्छा रिस्पॉन्स मिला है. फिल्म के फर्स्ट डे कलेक्शन का एक बड़ा हिस्सा राजस्थान, उत्तरप्रदेश और आंध्रप्रदेश के सिंगल स्क्रीन सिनेमाघरों से आया है. सुपरस्टार्स की फिल्मों ने हमेशा सिंगल स्क्रीन ऑडियंस के बीच तगड़ा रिस्पॉन्स पाया है. ‘किसी का भाई किसी की जान’ के केस में भी ऐसा ही होता दिख रहा है. हाल ही में खबर भी आई थी कि मुंबई का चित्रा सिनेमा ‘किसी का भाई किसी की जान’ की वजह से फिर से खुल गया है. 70 साल पुराने इस सिनेमाहॉल को साल 2019 में बंद कर दिया गया था.
बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट ने ही दावा किया कि सलमान की फिल्म को मास सर्किट में बेहतर रिस्पॉन्स मिला है. वहीं बॉक्स ऑफिस इंडिया की एक रिपोर्ट का कहना है कि हैदराबाद के अलावा किसी मेट्रो सिटी में फिल्म को अच्छा फुटफॉल नहीं मिला. फुटफॉल यानी फिल्म की कितनी टिकट बिकी. हालांकि इसे कैल्कुलेट करने का कोई फिक्स तरीका नहीं. सलमान ने इस फिल्म से वेंकटेश और जगपति बाबू जैसे एक्टर्स को जोड़ा था. उसका फायदा फिल्म को तेलुगु बेल्ट में मिल रहा है. लेकिन सलमान की लॉयल हिंदी भाषी ऑडियंस ही फिल्म को पसंद नहीं कर रही है. ट्रेड वेबसाइट Sacnilk के मुताबिक हिंदी बेल्ट में फिल्म को सिर्फ 15.33% आक्युपेंसी मिली.
ईद पर सलमान खान की फिल्मों का रौला रहा है. उनकी कम चलने वाली फिल्मों ने भी ईद पर अच्छी ओपनिंग पाई हैं. ‘किसी का भाई...’ ये भी नहीं कर सकी. इससे पहली उनकी आखिरी ईद रिलीज़ थी 2019 में आई ‘भारत’. फिल्म ने अपने पहले दिन 42.30 करोड़ रुपए की कमाई की थी. ‘ट्यूबलाइट’ को भी पसंद नहीं किया गया था. मगर उस फिल्म ने भी पहले दिन 21.15 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. ये आंकड़ा भी ‘किसी का भाई किसी की जान’ से ज़्यादा ही है.
KKBKKJ से पहले सलमान की लीड रोल में आखिरी फिल्म थी ‘दबंग 3’. जो साल 2019 में आई थी. उसके बाद आई ‘राधे’ सीधा ओटीटी पर आई. रही बात ‘अंतिम’ की तो वहान सलमान ने एक्स्टेंडेड कैमियो किया था. ऐसे में करीब चार साल बाद ‘किसी का भाई..’ से उनकी लीड रोल में वापसी हो रही थी. लेकिन फिल्म अपने पहले दिन इस हाइप को भुना नहीं पाई. हालांकि बॉलीवुड हंगामा की एक रिपोर्ट का कहना है कि फिल्म को अपने दूसरे और तीसरे दिन बड़ा जम्प मिलने की उम्मीद है. दोनों दिन छुट्टियां हैं. ऐसे में बताया जा रहा है कि ईद मनाने के बाद लोग फिल्म देखने जाएंगे. तो ऐसे में कमाई को उछाल मिल सकता है.
वीडियो: सलमान खान की किसी का भाई किसी की जान उनकी पिछली फिल्मों का ये रिकॉर्ड तोड़ पाएगी?





















