The Lallantop

बंगाली एक्टर राहुल बैनर्जी की समंदर में डूबने से मौत

पुलिस की जांच के मुताबिक राहुल शूटिंग करते हुए ही समंदर में डूबे. मगर राहुल के को-एक्टर का कहना है कि मौत शूटिंग के दौरान नहीं हुई.

Advertisement
post-main-image
राहुल बैनर्जी ओडिशा के तलसरी समुद्र तट पर टीवी शो ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग कर रहे थे.

Bengali Actor Rahul Banerjee की मौत कैसे हुई? 2 April को Ramayana Glimpse में Ranbir Kapoor और Yash के अलावा किन एक्टर्स की झलक देखने को मिलेगी? Salman Khan ने X पर Vamshi Paidipally वाली अपनी Action Thriller SVC63 के बारे में क्या अपडेट दिया है? सिनेमा से जुड़ी ऐसी ही और ख़बरों के लिए नीचे स्क्रॉल करें:

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

# 2 अप्रैल को 'रामायण' के 5 मुख्य पात्रों का लुक रिवील होगा

हनुमान जयंती के उपलक्ष्य में 2 अप्रैल को 'रामायण' की नई झलक दिखाई जाएगी. अब तक ये स्पष्ट नहीं था कि ये कोई टीज़र होगा, या फिर पोस्टर्स. मगर पिंकविला के मुताबिक ये अनाउंसमेंट वीडियो होगा, जिसमें फिल्म के पांच प्रमुख पात्रों के लुक रिवील किए जाएंगे. राम-सीता के रूप में रणबीर कपूर और साई पल्लवी, रावण के पात्र में यश, लक्ष्मण के चरित्र में रवि दुबे और हनुमान जी के अवतार में सनी देओल की झलक देखने को मिलेगी. इस बारे में सूत्रों के हवाले से इस रिपोर्ट में लिखा गया,

Advertisement

"ये वीडियो दुनिया को रामायण के पात्रों के ज़रिए इस महाकाव्य का परिचय देगा. इसका स्केल और एक्शन दूसरे वीडियो में दिखाया जाएगा, जो कुछ महीनों बाद रिलीज़ होगा."

2 अप्रैल को इन पांच प्रमुख पात्रों के साथ फिल्म के बाकी किरदारों के लुक भी रिवील किए जाएंगे. रकुलप्रीत सिंह जो शूर्पनखा बनी हैं. लारा दत्ता जो कैकेयी का पात्र कर रही हैं. अरुण गोविल जो भगवान राम के पिता दशरथ के पात्र में हैं. विवेक ओबेरॉय जो शूर्पनखा के पति विद्युतजिह्वा बने हैं. और कुणाल कपूर जिन्होंने इंद्र का पात्र किया है. इस वीडियो में इन सभी की झलक देखने को मिलेगी. 'रामायण' दो हिस्सों में रिलीज़ होगी. इसका पहला पार्ट दिवाली 2026 को आएगा.

# बंगाली एक्टर राहुल बैनर्जी की समुद्र में डूबने से मौत

Advertisement

मशहूर बंगाली एक्टर राहुल बैनर्जी की 29 मार्च को एक हादसे में मौत हो गई. PTI की रिपोर्ट के मुताबिक वो ओडिशा के तलसरी समुद्र तट पर लहरों में घिरे और उनकी मौत हो गई. यहां वो टीवी शो ‘भोले बाबा पार करेगा’ की शूटिंग कर रहे थे. PTI से चर्चा में उनके को-एक्टर दिगंत बागची ने कहा 

"शूट के बाद वो अकेले समुद्र किनारे पहुंच गए. मगर अचानक पानी के अंदर अटक गए. ये कैसे हुआ, कुछ पता नहीं चल पाया. उन्हें देख क्रू मेम्बर्स ने शोर मचाया कि राहुल डूब रहे हैं. उन्हें बाहर निकाला गया और हम उन्हें हॉस्पिटल लेकर भागे. मगर डॉक्टर्स ने बताया कि उनकी मौत हॉस्पिटल लाने से पहले ही हो गई थी." 

वहीं, दैनिक भास्कर के मुताबिक जांच में पता चला कि शाम करीब 5:30 बजे राहुल बनर्जी और उनकी को-एक्टर श्वेता मिश्रा शूटिंग के दौरान घुटने तक पानी में डांस कर रहे थे, तभी वहां बने एक गड्ढे में गिर गए. पुलिस के मुताबिक टीम ने शूटिंग के लिए न तो अनुमति ली थी, न ही जानकारी दी थी. और उनकी मौत शूटिंग के दौरान ही हुई. मगर उनके को-एक्टर का बयान पुलिस की प्राथमिक जांच से बिल्कुल अलग है. राहुल बंगाली एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री का जाना-माना नाम थे. फिल्म 'चिरोदिनी तुमी जे अमार' (2008) ने उन्हें काफी प्रसिद्धि दिलाई.

# 'हैरी पॉटर सीज़न 2' पर भी काम शुरू

HBO की टीवी सीरीज़ 'हैरी पॉटर' का पहला सीज़न अभी आया भी नहीं है, और दूसरे सीज़न की ख़बर आ गई है. वैरायटी की रिपोर्ट के मुताबिक सीज़न 2 पर काम शुरू हो चुका है. नेटवर्क चीफ़ केसी ब्लॉयज़ ने ये बात कन्फर्म की. वैरायटी से चर्चा में उन्होंने बताया कि वो दोनो सीज़ंस के बीच ज्यादा गैप नहीं चाहते. इसका एक कारण चाइल्ड आर्टिस्ट्स का तेज़ी से बड़ा होना है. हम याद दिला दें, कि इसका पहला सीज़न यानी 'हैरी पॉटर एंड द फिलॉसफर्स स्टोन' इस क्रिसमस के आसपास HBO मैक्स पर प्रीमियर होगा. भारत में ये जियो हॉटस्टार पर देखी जा सकेगा.

# सलमान अप्रैल से शुरू करेंगे अपनी एक्शन थ्रिलर का शूट

सलमान खान अपनी अगली फिल्म की शूटिंग शुरू करने जा रहे हैं. 30 मार्च को सोशल मीडिया पर उन्होंने खुद ये जानकारी दी. लिखा,

 "इस अप्रैल से दिल दिमाग जिगर से डायरेक्टर वामसी पैडिपली और दिल राजू के साथ." 

श्री वेंकटेश्वर प्रोडक्शंस ने भी अपने X अकाउंट पर प्रोजेक्ट के बारे में और जानकारी दी. लिखा,

 "सलमान खान, एक ऐसे विलक्षण कलाकार जिन्होंने दुनिया भर के दर्शकों को अनगिनत यादगार पल दिए हैं. वो अब हमारे ब्लॉकबस्टर फिल्ममेकर वामसी पैडिपली के साथ SVC63 के लिए जुड़ रहे हैं. सलमान-खान वामसी पैडिपली की शूटिंग इस अप्रैल से शुरू हो रही है." 

26 मार्च को मिड-डे ने रिपोर्ट किया था कि इस फिल्म के लिए मुंबई के गोरेगांव इलाक़े में SRPF ग्राउंड पर बड़ा-भारी सेट तैयार किया जा रहा है. यहां एक मिनी सिटी बन रही है. फिल्म के मेजर एक्शन सीक्वेंस यहीं शूट होंगे.

# शाहरुख की 'किंग' को बड़ा झटका, कैंसल हो गया शूट

शाहरुख खान स्टारर 'किंग' का एक मेजर एक्शन सीक्वेंस 9 अप्रैल से दुबई के डेज़र्ट में शूट होना था. मगर मिडिल ईस्ट में चल रही जंग के चलते डायरेक्टर सिद्धार्थ आनंद ने ये शूट कैंसल कर दिया. मिड-डे के मुताबिक सिद्धार्थ मुंबई के विले पार्ले स्थित एक स्टूडियो में ही डेज़र्ट लैंडस्केप तैयार करवा रहे हैं. इस रिपोर्ट के मुताबिक इस सीक्वेंस की शुरुआत डेज़र्ट में चेज़ सीन से होगी. और फिर एक इंटेंस फाइट सीन होगा. इस सीक्वेंस में शाहरुख, सुहाना और अनिल कपूर नज़र आएंगे. ये फिल्म 24 दिसंबर को सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी.

# अनीत की 'शक्ति शालिनी' में विनीत कुमार सिंह होंगे विलन

अनीत पड्डा को लेकर मैडॉक फिल्म्स 'शक्ति शालिनी' बना रहा है. मिड-डे के मुताबिक इसमें विनीत कुमार सिंह को भी कास्ट किया गया है. विनीत की टीम ने मिड-डे से चर्चा में ये बात कन्फर्म की. टीम ने बताया कि विनीत इसमें विलन का रोल करेंगे. बीते दिनों इसमें सीमा बिस्वास को कास्ट किया गया था. वहीं अनीत के ऑपोजिट विशाल जेठवा को लिए जाने की ख़बरें हैं. हालांकि अभी मेकर्स ने कोई घोषणा नहीं की है. इस फिल्म को आदित्य सरपोत्दार डायरेक्ट करेंगे. ये दिसंबर 2026 में रिलीज़ होगी.

वीडियो: अमेरिका में होगा 'रामायण' का प्रमोशनल इवेंट, अगला टीजर कब होगा रिलीज?

Advertisement