The Lallantop

बेस्ट एक्टर का ऑस्कर जीतते ही एड्रियन ब्रोडी ने क्यों कहा, ''एक्टिंग ग्लैमरस लगता है पर है नहीं''

Oscar जीतने के बाद Adrien Brody स्पीच दे रहे थे. उन्हें रोकने के लिए बीच में म्यूज़िक बजा दिया. वो फिर भी नहीं रुके.

Advertisement
post-main-image
एड्रियन ब्रोडी को पहले भी एक बार ऑस्कर मिल चुका है.

Adrien Brody. वो अमेरिकन एक्टर जिन्हें 97th Academy Awards में बेस्ट एक्टर का खिताब मिला. एड्रियन ब्रोडी को उनकी फिल्म The Brutalist के लिए ये Oscar दिया गया. जिसके बाद उनकी एक्सेप्टेंस स्पीच की चर्चा हो रही है. इस स्पीच में उन्होंने कहा कि एक्टिंग का पेशा भले ही ग्लैमरस दिखता हो मगर होता नहीं है. 

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

एड्रियन ब्रोडी को अपना पहला ऑस्कर 'द पियानिस्ट' के लिए मिला था. वहां उन्होंने होलोकॉस्ट सर्वाइवर का रोल किया था. 'द ब्रूटलिस्ट' में भी उनका किरदार एक यहूदी आदमी का है. अपनी स्पीच में ब्रोडी बोले,

''मैं अपनी इस लाइफ के लिए भगवान का शुक्रिया कहना चाहता हूं. इतना प्यार देने के लिए, इस पूरी दुनिया का शुक्रिया कहना चाहता हूं. उन सभी लोगों का शुक्रिया, जिन्होंने मुझे सम्मान दिया और मेरा हौसला बढ़ाया. मैं खुद को खुशकिस्मत मानता हूं.''

Advertisement

एड्रियन ने आगे कहा,

''आपको पता है एक्टिंग बहुत नाज़ुक पेशा है. ये बहुत ग्लैमरस लगता है. कुछ-कुछ जगहों पर ये ग्लैमरस होता भी है. मगर मैंने अपने अब तक के करियर में एक चीज़ सीखी है. वो ये कि चाहे आप करियर के किसी भी पड़ाव पर हों, आपने चाहे जो कुछ भी हासिल कर लिया हो, वो सब कभी भी जा सकता है. इस बारे में जागरूक होना ही इस रात को खास बनाता है.  

मैं शुक्रगुज़ार हूं कि आज भी मैं वो काम कर रहा हूं, जो मैं करना चाहता हूं. ये अवॉर्ड जीतना मेरे लक्ष्य तक पहुंचने का प्रतीक है. जैसा कि फिल्म में मेरे कैरेक्टर का भी रेफरेंस है. ये मेरे लिए एक नई शुरुआत जैसा है. ताकि मैं आने वाले 20 सालों में फिर से साबित कर सकूं कि मैं ऐसे ही ज़रूरी और मानीखेज़ रोल्स के काबिल हूं. मैं अपना ये अवॉर्ड अपने साथी नॉमिनीज़ के साथ शेयर करता हूं. जो शानदार लोग हैं. जो ग्रेसफुल हैं. उनके भीतर एक अच्छाई है. और उनका काम आला दर्जे का है.''  

एड्रियन ने इसके अलावा फिल्म की पूरी टीम को शुक्रिया कहा. डायरेक्टर ब्रेडी कोर्बे को थैंक्स कहा. उन्होंने अपनी पार्टनर और अपने बच्चों को भी शुक्रिया कहा. अभी वो अपनी बात पूरी कर ही रहे थे कि स्टेज पर म्यूज़िक बजने लगा. जो कि इस बात का सूचक है कि एक्सेप्टेंस स्पीच लंबी हो रही है. मगर एड्रियन ने कहा कि म्यूज़िक बंद करिए और उन्हें अपनी बात पूरी करने दीजिए. आगे उन्होंने कहा, 

Advertisement

“मैं एक बार फिर इस मंच पर खड़ा हूं. युद्ध और व्यवस्थित उत्पीड़न, यहूदी-विरोध और नस्लवाद के दुष्परिणामों का प्रतिनिधित्व करने के लिए. और मैं एक स्वस्थ, खुशहाल और समावेशी दुनिया के लिए प्रार्थना करता हूं. अगर अतीत हमें कुछ भी सिखा सकता है, तो ये कि हम नफरत को अनियंत्रित न होने दें.”

ख़ैर, 'द ब्रूटलिस्ट' फिल्म की बात करें तो इसे तीन कैटेगरी में ऑस्कर अवॉर्ड्स मिले. बेस्ट एक्टर के साथ-साथ इसे बेस्ट ओरिजनल स्कोर और बेस्ट सिनेमैटोग्राफी का भी अवॉर्ड मिला. 'द ब्रूटलिस्ट' 28 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज़ हुई थी. फिलहाल ये इंडिया में किसी भी ओटीटी प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध नहीं है. 

वीडियो: ऑस्कर्स 2025 में भारत को अनुजा से उम्मीद, इसे कहां और कैसे देखना है, पूरा जुगाड़ समझ लीजिए!

Advertisement