The Lallantop

राकेश बेदी ने बताया, किस एहसान के बदले आदित्य धर ने उन्हें 'धुरंधर' दी

'धुरंधर 2' के ट्रेलर के सबसे मज़ेदार 'डक जोक' वाले सीन की कहानी पता चल गई!

Advertisement
post-main-image
'धुरंधर' में राकेश बेदी के रोल का कनेक्शन 'उरी' से है.

Ranveer Singh Dhurandhar में हर किरदार अलग ढंग से चमका. फिर चाहे वो Akshaye Khanna हों, Sanjay Dutt हों या फिर Arjun Rampal. हर एक्टर ने अपनी अलग जगह बनाई. मगर Rakesh Bedi ने Jameel Jamali के किरदार में जो रंग जमाया, वो सबसे चटख और मज़ेदार रहा. उनका किरदार ऐसा है, जैसे पूरी भरी भोजन की थाली में अचार या चटनी का चटखारा होता है. Dhurandhar The Revenge के ट्रेलर में भी जैसे ही राकेश बेदी आते हैं, मजमा लूट लेते हैं. उनका वो Duck Joke बड़ा पसंद किया गया. हाल ही में जब राकेश बेदी को न्यूज़ 18 का शोशा रील अवॉर्ड दिया गया, तब उन्होंने अपने किरदार और ये फिल्म मिलने की पूरी कहानी सुनाई. सबस पहले बात करते हैं Dhurandhar 2 के Trailer के उस मज़ाकिया सीन की, जिसमें राकेश कहते हैं,

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

“ज़रवारी साहब, आपने बतखें तो बड़ी सफ़ेद पाल रखी हैं अपने फार्म हाउस में. योर बटक्स आर रियली व्हाइट.”

ये डायलॉग कैसे और कहां से आया, इस बारे में राकेश बेदी ने कहा,

Advertisement

“ये लाइन स्क्रिप्ट में नहीं थी. किसी ने सोचा भी नहीं था. मैंने आदित्य से पूछा कि क्या वहां बतखें होंगी. वो बोले- हां. मैंने पूछा कि क्या मैं इस सीन को थोड़ा मज़ाकिया बना सकता हूं? मैंने इसलिए पूछा, क्योंकि ये सीरियस सीन था. काफ़ी इंटेंस था. मैंने सोचा इसे थोड़ा मज़ेदार बनाते हैं. संजय दत्त, अर्जुन रामपाल सब वहीं बैठे थे. जैसे ही मैंने वो लाइन बोली, योर बटक्स आर रियली व्हाइट. सब ज़ोर से हंस पड़े. खूब ठहाके लगे. मैंने कहा, देखो ये लाइन काम करेगी. इसे इस्तेमाल करना चाहिए. आदित्य ने फ़ौरन हामी भरी, और इस तरह वो सीन शूट हुआ.”

फिल्म में बड़े साहब कौन हैं? इस सवाल का भी बड़ा चुटीला जवाब दिया राकेश बेदी ने. कहा,

“मुझे इस बारे में कुछ भी नहीं पता. अगर पता होता, तो भी बता नहीं पाता.”

Advertisement

‘धुरंधर’ में राकेश बेदी को लिए जाने के बारे में कास्टिंग डायरेक्टर मुकेश छाबड़ा ने मुख़्तसर में बताया था कि वो इस रोल के लिए पहली पसंद थे. मगर राकेश ने इसकी पूरी कहानी बताई. इसका कनेक्शन ‘उरी: द सर्जिकल स्ट्राइक’ से है. ‘उरी’ में राकेश बेदी ने ISI एजेंट का रोल किया था. पूरा वाकया सुनाते हुए राकेश ने कहा,

“उसने (आदित्य धर ने) मुझे खाली एक लाइन सुनाई थी. ऐसा रोल है. पाकिस्तानी मिनिस्टर है. ये-ये ऐसा-ऐसा करता है. बस. मैंने स्क्रिप्ट पढ़ी और बस हो गया. और वो शूट सर्बिया में था. हमने पूरा दिन प्लान किया था. मगर शूट महज़ ढाई घंटे में ही निपट गया. तो आदित्य ने कहा, राकेश जी, आपने मुझ पर ये एहसान किया है. मैं इसके बदले में आपको कुछ बहुत अच्छी चीज़ दूंगा. मैंने देखा है, कि कई डायरेक्टर्स सीन के बाद ऐसा कहते हैं. मगर ये आदमी… इसने अपनी कही बात पूरी की. अपना कमिटमेंट निभाया. ऐसे मिली मुझे धुरंधर.”

इससे पहले IANS को दिए इंटरव्यू में राकेश बेदी ने बताया था कि उन्होंने जमील जमाली के रोल की तैयारी कैसे की थी. कैसे वो इस किरदार में बिल्कुल सहज लगे. राकेश ने कहा था,

“ये किरदार असल शख़्स का है. असल घटनाएं हैं. इसके लिए मैंने एक नहीं, कई पाकिस्तानी नेताओं के भाषण सुने. उनका लहजा, उनका उच्चारण, बॉडी लैग्वेंज. सब बारीकी से समझा. आदित्य ने जमील जमाली का लुक ख़ुद डिज़ाइन किया. मैंने बस जमाली के बोलने और उठने बैठने के तौर तरीकों पर फोकस किया. ताकि कैरेक्टर ऑथेंटिक लगे.”

‘धुरंधर 2’ का क्लैश यश की ‘टॉक्सिक’ से होने वाला था. मगर यश ने मिडिल ईस्ट में पसरे तनाव के चलते अपनी फिल्म पोस्टपोन कर दी. इस बारे में इंडिया टुडे से चर्चा में राकेश ने कहा,

“टेंशन तो हमारे लिए भी है मिडिल ईस्ट में. पर हम तो आ रहे हैं उसी तारीख़ पर.”

राकेश बेदी सहित आदित्य धर और पूरी प्रोडक्शन टीम अपने प्रोडक्ट को लेकर निश्चिंत है. उन्होंने न क्लैश की परवाह की थी. न ही मिडिल ईस्ट की जंग उनकी राह का रोड़ा बनी. 18 मार्च, शाम 5 बजे से इसके पेड प्रिव्यू शुरू हो जाएंगे. और 19 मार्च को ये फिल्म देश-दुनिया के सिनेमाघरों में रिलीज़ होगी. 

वीडियो: आदित्य धर का वादा जिसने राकेश बेदी को दिलाया 'धुरंधर' में रोल

Advertisement