लेफ्ट में 'जोकर' का पोस्टर, राइट में ‘वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड’ का पोस्टर और नीचे 'पैरासाइट' का एक सीन.
9 फरवरी, 2020. इस दिन ऑस्कर्स दिए जाएंगे. मूवी मेकिंग के क्षेत्र में दुनिया के सबसे चर्चित पुरस्कार. लेकिन उससे पहले 13 जनवरी को तय हो चुका है कि हर कैटेगरी में वो कौन से 5 नाम हैं जिन्होंने बाकियों को पीछे छोड़कर इस रेस के फाइनल लैप में अपनी जगह बनाई है. हम हर महत्वपूर्ण कैटेगरी के बारे में बताएंगे, पहले उन फिल्मों के बारे में थोड़ा-थोड़ा जान लेते हैं जिनकी सबसे ज़्यादा धूम मचने वाली है.
# जोकर-
ऑस्कर्स के इस साल के एडिशन में इस मूवी के टोटल 11 कैटेगरीज़ में नॉमिनेशन्स हैं- बेस्ट पिक्चर, डायरेक्शन, बेस्ट एक्टर, एडेप्टेड स्क्रीन प्ले, मेकअप और हेयरस्टाइलिंग, सिनेमैटोग्राफी, फिल्म एडिटिंग, ओरिजिनल स्कोर, साउंड एडिटिंग, साउंड मिक्सिंग और कॉस्टयूम डिज़ाइन. ‘जोकर’ डीसी कॉमिक्स के एक काल्पनिक शहर ‘गॉथम’ के सुपर विलेन जोकर की दास्तां कहती है. कि वो जोकर, जोकर कैसे बना.
# पैरासाइट-
साउथ कोरिया की मूवी. जिसके बारे में हम सभी उम्मीद कर रहे थे कि इसका बेस्ट फॉरन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी में तो नॉमिनेशन होगा ही होगा. लेकिन हम सभी की उम्मीदों के पार जाते हुए इसे ऑस्कर्स में कुल 6 ऑस्कर नॉमिनेशन्स मिले. इनमें बेस्ट फॉरन लैंग्वेज फिल्म कैटेगरी का नॉमिनेशन तो है ही, साथ ही पैरासाइट का ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, डायरेक्शन और बेस्ट पिक्चर के नॉमिनेशन्स में भी नाम है. कुछ दिनों पहले गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड में भी ‘पैरासाइट’ के खाते में तीन नॉमिनेशन और एक प्राइज (बेस्ट फॉरन लैंग्वेज फिल्म) गए. ‘पैरासाइट’ दो परिवारों की कहानी है. एक धनी एक निर्धन. पैरासाइट शब्द को मेटाफर की तरह यूज़ किया जाता है. उन लोगों के लिए जो दूसरों पर आश्रित रहते हैं, लगभग अतिक्रमण करते हुए.
# वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड-
‘पल्प फिक्शन’ और ‘किल बिल’ फेम क्वेंटिन टैरेंटीनो का एक और शाहकार. लिओनार्डो डी कैप्रियो, ब्रैड पिट, अल पचीनो जैसे हॉलीवुड सुपरस्टार्स से सजी. हॉलीवुड के स्वर्णिम काल पर पर एक तंज़. ‘वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड’ को ऑस्कर्स में कुल 10 नॉमिनेशन्स मिले– बेस्ट फीचर फिल्म, डायरेक्शन, बेस्ट एक्टर, ओरिजिनल स्क्रीनप्ले, सिनेमैटोग्राफी, प्रोडक्शन डिज़ाइन, सपोर्टिंग एक्टर, साउंड एडिटिंग, साउंड मिक्सिंग और कॉस्ट्यूम डिज़ाइन.
# दी आयरिश मैन-
अपने रिलीज़ के कुछ ही दिनों बाद नेटफ्लिक्स पर स्ट्रीम होने लगी थी ये मूवी. ‘गुडफेलास’,’दी वूल्फ ऑफ़ वॉल स्ट्रीट’ और ‘टैक्सी ड्राईवर’ जैसी कल्ट मूवीज़ के डायरेक्टर मार्टिन स्कॉरसेज़ी की मूवी ‘दी आयरिशमैन'. I Heard You Paint Houses (मैंने सुना कि तुम घरों का रंगरोगन करते हो) नाम के नॉवल का एडेप्टेशन. मूवी की कहानी फ्रैंक शीरन और रसल बुफलिनो जैसे रियल कैरेक्टर पर बेस्ड है और यूएस के इटेलियन अंडरवर्ल्ड को 'स्कॉरसेज़ी स्टाइल' में दिखाती है.
इनके अलावा जिन मूवीज़ का 09 फरवरी को बार-बार नाम लिया जाने वाला है, उनमें शामिल हैं- '1917', 'मैरिज स्टोरी', ‘फोर्ड वर्सेज़ फरारी’ और 'दी टू पोप्स'. चलिए इस साल ऑस्कर्स में छाई रहने वाली मूवीज़ के बाद ऑस्कर की कुछ सबसे ज़्यादा चर्चित कैटेगरीज़ के नॉमिनेशन्स आपको बता दें-
# बेस्ट पिक्चर- ‘फोर्ड वर्सेज़ फरारी’, ‘दी आयरिश मैन’, ‘जोजो रैबिट’, ‘जोकर’, ‘लिटिल वुमन’, ‘मैरिज स्टोरी’, ‘1917’, ‘वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड’ और ‘पैरासाइट’. (सिर्फ़ यही एक कैटेगरी है, जिसमें में 5 नहीं, टोटल 9 नॉमिनेशन्स हैं.)
# बेस्ट डायरेक्टर- मार्टिन स्कॉरसेज़ी ('दी आयरिश मैन'), टॉड फिलिप्स ('जोकर'), सैम मेंडेस ('1917'), क्वेंटिन टैरेंटीनो ('वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड') और बॉन्ग जून हो ('पैरासाइट').
# बेस्ट एक्टर- एंटोनियो बैंडेरास ('पेन एंड ग्लोरी'), लिओनार्डो डी कैप्रियो ('वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड'), एडम ड्राईवर ('मैरिज स्टोरी'), वाकीन फ़ीनिक्स ('जोकर') और जोनाथन प्राइस ('दी टू पोप्स').
# बेस्ट एक्ट्रेस- सिंथिया एरिवो ('हैरियट'), स्कारलेट जोहानसन ('मैरिज स्टोरी'), सर्शा रोनन ('लिटिल वुमन'), चालीज़ थेरॉन ('बॉमशैल') और रेने ज़ेलवेगर('जूडी').
# सपोर्टिंग एक्टर- टॉम हैंक्स ('अ ब्यूटीफुल डे इन दी नेबरहुड'), एंथनी हॉकिंस ('दी टू पोप्स'), अल पचीनो ('दी आयरिश मैन'), जो पेस्सी ('दी आयरिश मैन') और ब्रेड पिट ('वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड').
# सपोर्टिंग एक्ट्रेस- केथी बेट्स ('रिचर्ड ज्वैल'), लॉरा डर्न ('मैरिज स्टोरी'), स्कारलेट जोहानसन ('जोजो रैबिट'), फ्लोरेंस प्यू ('लिटिल वुमन') और मार्गरेट रॉबी ('बॉमशैल').
यहां पर हमारी ये स्टोरी खत्म होती है. लेकिन इससे आपके पास एक इंट्रेस्टिंग खेल आ गया. ये गेस करने का कि इन सारी कैटेगरीज़ में प्राइज किसे मिलेगा. अगर आप सही हुए तो अपनी पीठ थपथपा लीजिएगा और अपने को फ़िल्मी कीड़ा होने का का ख़िताब दीजिएगा. तो चलिए, 6 फरवरी तक इंतज़ार करते हैं, ये देखने के लिए कि कौन जोकर बना और किसे वंस अपॉन अ टाइम इन हॉलीवुड, ऑस्कर मिला.
वीडियो देखें: 77वें गोल्डन ग्लोब्स अवॉर्ड सैरेमनी से जुड़ी 8 जाबड़ बातें ये थीं-