Pathaan के खिलाफ विरोध जताने वाले सबसे शुरुआती लोगों में थे MP के होम मिनिस्टर Narottam Mishra. उन्होंने फिल्म के गाने Besharam Rang के बारे में कहा था कि ये गाना 'दूषित मानसिकता' के साथ बनाया गया है. अगर उसमें बदलाव नहीं किया गया, तो फिल्म को मध्य प्रदेश में रिलीज़ नहीं होने देंगे. अब Shahrukh Khan की फिल्म रिलीज़ हो चुकी है. भयंकर पैसे पीट रही है. नरोत्तम मिश्रा से फिल्म की रिलीज़ के बाद MP में हो रहे छिटपुट विरोध प्रदर्शनों के बारे में पूछा गया. तो उन्होंने कहा कि अब फिल्म के खिलाफ प्रोटेस्ट करने का कोई मतलब नहीं रह गया.
'पठान' की रिलीज़ रोकने की धमकी देने वाले नरोत्तम मिश्रा का नया बयान - 'अब प्रोटेस्ट का कोई मतलब नहीं'
नरोत्तम मिश्रा ने ही कहा था कि 'बेशरम रंग' खराब मानसिकता से बनाया गया गाना है. बदलाव नहीं हुए, तो MP में रिलीज़ पर विचार करना पड़ेगा.


नरोत्तम मिश्रा ने दिसंबर में 'बेशरम रंग' गाने की रिलीज़ के बाद एक ट्वीट किया था. इसमें उन्होंने लिखा था-
''फिल्म पठान के गाने में टुकड़े-टुकड़े गैंग की समर्थक अभिनेत्री दीपिका पादुकोण की वेशभूषा बेहद आपत्तिजनक है. और गाना दूषित मानसिकता के साथ फिल्माया गया है. गाने के दृश्यों व वेशभूषा को ठीक किया जाए, अन्यथा फिल्म को मध्य प्रदेश में अनुमति दी जाए या नहीं, यह विचारणीय होगा.''
25 जनवरी को देशभर में धूम-धड़ाके के साथ शाहरुख खान की फिल्म 'पठान' रिलीज़ की गई. मगर मध्य प्रदेश में कुछ राइट विंग संगठनों ने फिर भी फिल्म के खिलाफ थोड़ा हुड़दंग मचाया. जिसकी वजह से भोपाल और इंदौर में फिल्म के कुछ शोज़ कैंसिल करने पड़े. PTI की एक रिपोर्ट के मुताबिक इस बाबत जब नरोत्तम मिश्रा से पूछा गया, तो उन्होंने कहा-
''मेरा मानना है कि फिल्म में सभी बदलाव कर दिए गए हैं. सेंसर बोर्ड ने वो करेक्शन करवा दिया है. विवादित शब्द हटा दिए गए हैं. इसलिए अब मुझे फिल्म के खिलाफ विरोध करने का कोई मतलब समझ नहीं आता.''
सेंसर बोर्ड ने 'पठान' फिल्म के गाने से कुछ चीज़ें हटवाई हैं, जिससे कुछ लोगों को आपत्ति थी. नरोत्तम मिश्रा उसी की बात कर रहे थे. हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि जो अब भी फिल्म के खिलाफ विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं, उनकी काउंसलिंग करवाई जाएगी. पिछले दिनों प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने पार्टी मीटिंग में बीजेपी नेताओं को किसी फिल्म पर गैर-ज़रूरी बयान देने से बचने को कहा था. जिसके बाद से काफी बदलाव देखने को मिल रहा है.
जहां तक रही बात 'पठान' की, तो फिल्म ने पहले ही दिन रिकॉर्ड 57 करोड़ की ओपनिंग ली. फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 106 करोड़ रुपए रहा. जो कि किसी भी हिंदी फिल्म के लिए सबसे बड़ा आंकड़ा है.
वीडियो: शाहरुख खान की 'पठान' बनी बॉलीवुड इतिहास की सबसे बड़ी ओपनिंग पाने वाली फिल्म, KGF 2, War को पछाड़ा


















