Shahrukh Khan की Pathaan सफलता के नित नए आयाम गढ़ रही है. इस टाइप की बहुत सारी बातें आप अब तक पढ़ चुके होंगे. कुछ नया किया जाए, यही सोचकर पिछली लाइन लिखी गई. खैर, इस 'क्रिएटिव' इंट्रो के बाद अब मुख्य खबर की ओर बढ़ा जाए. ‘पठान’ थिएटर्स और बॉक्स ऑफिस में हंगामा काटने के बाद संसद में घुस चुकी है. राज्य सभा सांसद Derek O’Brien ने फिल्म की भयंकर तारीफ कर डाली है. डेरेक ओ ब्रायन ने कहा कि आप लोग उस फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग करते रहे. जबकि उन लोगों ने आपको एक सुंदर मैसेज वाली फिल्म दिखा दी. उन्होंने अपनी स्पीच में ये भी कहा कि इंडिया के सबसे बड़े ग्लोबल एम्बैसेडर्स से मत टकराइए.
'पठान' पर पार्लियामेंट में सांसद बोले- 'जो हम नहीं कर सके, वो शाहरुख खान ने कर दिखाया'
TMC नेता डेरेक ओ ब्रायन ने 'पठान' की तारीफ करते हुए ये भी कहा कि इंडिया के सबसे बड़े ग्लोबल एम्बैसेडर्स से मत टकराइए.


तृणमूल कांग्रेस नेता डेरेक ओ ब्रायन ने 7 फरवरी को राज्य सभा में 'पठान' की सफलता पर बात की. डेरेक उन लोगों पर निशाना साध रहे थे, जिन्होंने फिल्म में दीपिका पादुकोण के पहने भगवा कपड़े पर आपत्ति ज़ाहिर की थी. इसी आधार पर 'पठान' फिल्म को बॉयकॉट करने की मांग की गई थी. डेरेक ने अपनी स्पीच में कहा-
''शाबाश सिद्धार्थ आनंद. शाबाश इंडिया के सबसे बड़े ग्लोबल एम्बैसेडर लोग. जिन्होंने 'पठान' बनाई, उन सबको साधुवाद. जो हम नहीं कर सके, वो शाहरुख खान, डिंपल कपाड़िया और जॉन अब्राहम ने करके दिखा दिया है. हम उनसे सीखते हैं. इंडिया के सबसे बड़े ग्लोबल एम्बैसेडर्स से मत टकराइए. आपने उन्हें बॉलीवुड का बहिष्कार करने के लिए कहा, उन्होंने आपको एक सुंदर मैसेज वाली फिल्म दिखाई.''
'पठान' से शाहरुख खान ने लीड रोल में चार साल बाद वापसी की है. ये यशराज फिल्म्स की स्पाई यूनिवर्स का हिस्सा है. इस यूनिवर्स में अब तक 'टाइगर' सीरीज़ और 'वॉर' जैसी फिल्में बन चुकी हैं. 'पठान' नई एंट्री है. 'पठान' ने टिकट खिड़की पर भारतीय सिनेमा इतिहास के सभी रिकॉर्ड्स को तहस-नहस कर दिया है. इस फिल्म ने अब तक देशभर से 440 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई कर ली है. जबकि फिल्म का वर्ल्डवाइड कलेक्शन 865 करोड़ रुपए पहुंच चुका है.
ऐसा करने के साथ 'पठान' 400 करोड़ रुपए की कमाई करने वाली पहली ओरिजिनल हिंदी फिल्म बन गई है. अब तक सबसे कमाऊ हिंदी फिल्म का रिकॉर्ड आमिर खान की 'दंगल' के नाम था. 'दंगल' ने देशभर से 387 करोड़ रुपए की कमाई की थी. 'पठान' उसे बड़े मार्जिन से पीछे छोड़ चुकी है. हालांकि वर्ल्डवाइड कलेक्शन के मामले में शाहरुख खान की फिल्म 'दंगल' से मीलों पीछे है. आमिर खान की 'दंगल' ने दुनियाभर से 1900 करोड़ रुपए से ऊपर की कमाई की थी. इस फिल्म ने अकेले चाइना से 1300 करोड़ रुपए का कलेक्शन किया था. मगर 'पठान' बिना चाइना में रिलीज़ हुए 900 करोड़ रुपए के पास पहुंच चुकी है.
'पठान' में शाहरुख खान के साथ दीपिका पादुकोण, जॉन अब्राहम, डिंपल कपाड़िया और आशुतोष राणा ने काम किया है. फिल्म में सलमान खान भी 'टाइगर' के किरदार में कैमियो करते नज़र आते हैं. आने वाले दिनों में सलमान और शाहरुख 'टाइगर 3' में साथ दिखाई देंगे. 'पठान' को सिद्धार्थ आनंद ने डायरेक्ट किया है.
वीडियो: सलमान खान और शाहरुख खान के पठान वाले पोस्ट क्रेडिट सीन की कहानी बहुत मज़ेदार है






















