The Lallantop

मंदाकिनी ने बताया किस्सा, जब लोगों को लगा कि उनके पिता ने उन्हें गोली मार दी

ये मंदाकिनी से जुड़ी इकलौती अफवाह नहीं थी. उनके बारे में ये भी कहा जाता था कि उन्होंने डॉन दाउद इब्राहिम से शादी कर ली थी.

Advertisement
post-main-image
'द कपिल शर्मा शो' पर मंदाकिनी के साथ कपिल.

Ram Teri Ganga Maili फेम Mandakini पिछले 27 साल से फिल्मों से दूर हैं. मीडिया में भी शायद ही कभी दिखती हैं. बीते दिनों वो The Kapil Sharma Show पर नज़र आईं. इस एपिसोड में मंदाकिनी, Sangeeta Bijlani और Varsha Usgaonkar के साथ आई थीं. जब भी मंदाकिनी की बात होती है, दो चीज़ों का ज़िक्र होता है. झरने के नीचे सफेद साड़ी में नहाना. और डॉन दाउद इब्राहिम के साथ शादी. कपिल के शो पर मंदाकिनी ने खुद से जुड़ी एक और अफवाह बताई.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

कपिल शर्मा के शो पर एक्टर्स के बारे में उड़ी अफवाहों पर बात हो रही थी. ऐसे में मंदाकिनी ने बताया कि एक बार ऐसी हवा उड़ गई कि उनके पिता ने उन्हें गोली मार दी. जब वो शूटिंग के लिए सेट पर पहुंचीं, तो सब उनसे कुशल-क्षेम पूछने लगे. वो सकपका गईं. क्योंकि वो बिल्कुल ठीक थीं. उन्हें लगा ऐसा क्या हो गया. बाद में पता चला कि ये सब फर्ज़ी खबरें थीं, जो किसी मनचले की वजह से शुरू हुई थीं.

मंदाकिनी ने इस एपिसोड में अपनी शादी से जुड़ा किस्सा भी बताया. मंदाकिनी के बारे में एक अफवाह ये भी थी कि उन्होंने अंडरवर्ल्ड डॉन दाउद इब्राहिम से शादी कर ली है. एक्चुअली हुआ ये था कि 1994 में मंदाकिनी की दाउद के साथ कुछ तस्वीरें आईं. वैसे तो इन फोटोज़ में कुछ खास नहीं था. ये शारजाह स्टेडियम की फोटो थी. इसमें मंदाकिनी और दाउद बैठे हंसी-मज़ाक करते दिख रहे थे. इसी आधार पर ये खबर चल निकली की मंदाकिनी ने दाउद से शादी कर ली है. मंदाकिनी ने एक इंटरव्यू में इन खबरों को गलत बताते हुए कहा था-

Advertisement

''1994-95 में दाउद के साथ बाहर आई मेरी तस्वीरों ने मेरी ज़िंदगी खराब करके रख दी. खबरें छपीं कि मैंने दाउद से शादी कर ली है. उस शादी से मुझे एक बेटा भी है. ये बातें बिल्कुल गलत हैं. मेरे और दाउद इब्राहिम के रिश्ते की खबरें कब मेरा पीछा छोड़ेंगी? मैं आगे बढ़ना चाहती हूं. मुझे कितनी बार ये सफाई देनी पड़ेगी कि दाउद इब्राहिम के साथ मेरी कभी कोई रोमैंटिक रिलेशनशिप नहीं रही. कभी भी नहीं. जब वो तस्वीरें अखबार में छपीं, तब मैं शो के लिए कई बार विदेश जाया करती थी. एक बार मैं दुबई में परफॉर्म कर रही थी. दाउद भी वहां था. हम मिले. हमने थोड़ी बातचीत की. ठीक वैसे ही, जैसे दूसरे फिल्मस्टार उससे मिलते हैं. मैंने इस बात से कभी इन्कार नहीं किया कि मैं दाउद को जानती हूं या उससे मिली हूं. मगर मेरे और उसके बीच किसी तरह का संबंध नहीं है. यही मेरी सच्चाई है.''

शादी वाली बात से ये किस्सा याद आ गया. असल में मंदाकिनी ने बौद्ध भिक्षु डॉक्टर काग्युर टी. रिन्पोचे ठाकुर से शादी की थी. हालिया एपिसोड में कपिल को मंदाकिनी ने अपनी शादी का किस्सा बताया. उन्होंने कहा कि उनकी मां हिमाचल प्रदेश से थीं. इसलिए उन लोगों को भी वहां आना जाना लगा रहता था. मगर वो कभी पहाड़ों पर नहीं गई थीं. जब वो पहाड़ों में पहुंचीं, वहीं पर उनकी मुलाकात एक आदमी से हुई. जो आज उनके पति हैं. मंदाकिनी ने बताया कि जब वो रिन्पोचे से पहली बार मिलीं, तो उन्हें हिंदी बोलनी नहीं आती थी. उनके रिन्पोचे से बात करने के लिए उनकी मां की मदद लेनी पड़ती थी. मगर शादी होते-होते तक वो हिंदी बोलने और समझने लगे थे. 

मंदाकिनी आखिरी बार 1996 में आई फिल्म 'ज़ोरदार' में दिखाई दी थीं. इस फिल्म में उनके साथ गोविंदा, आदित्य पांचोली और नीलम ने काम किया था. अब वो फिल्मों से दूर अपनी फैमिली के साथ रहती हैं. 

वीडियो: क्या है मंदाकिनी और दाउद के रिश्ते की सच्चाई

Advertisement

Advertisement