The Lallantop

नशे में धुत्त मनोज बाजपेयी, अमिताभ को पहली बार देखकर लगा कि भगवान प्रकट हो गए

मनोज अमिताभ से मिलना नहीं चाहते थे, अभिषेक बच्चन की वजह से मिलना पड़ा.

Advertisement
post-main-image
मनोज बाजपेयी और अमिताभ बच्चन (तस्वीर: बॉलीवुड लाइफ)

'सत्या' मनोज बाजपेयी की ऐसी फिल्म, जिसने उन्हें इंडस्ट्री में स्थापित किया. इसी की स्क्रीनिंग से जुड़ा एक मज़ेदार किस्सा मनोज बाजपेयी ने हमें गेस्ट इन द न्यूजरूम में सुनाया. ये वो किस्सा है, जब वो अपने आदर्श से पहली बार मिल रहे थे. हम बात कर रहे हैं, मनोज की अमिताभ बच्चन से मुलाकात के किस्से की.

Add Lallantop as a Trusted Sourcegoogle-icon
Advertisement

'सत्या' की चारों ओर धूम थी. 33 प्राइवेट स्क्रीनिंग हो चुकी थीं. रामगोपाल वर्मा अमिताभ बच्चन को भी पिक्चर दिखाना चाहते थे. अमिताभ समेत पूरे परिवार के लिए प्राइवेट स्क्रीनिंग रखी गई. फिल्म शुरू हो गई, तो रामू, मनोज और फिल्म क्रिटिक खालिद मोहम्मद कार में शराब पीने लगे. फिल्म खत्म होने को आई, तो रामू अमिताभ को रिसीव करने चले गए. उन्होंने मनोज से भी साथ आने को कहा. लेकिन मनोज अपने सिनेमाई भगवान के सामने नशे की हालत में नहीं जाना चाहते थे. रामू चले गए. फिर खालिद मोहम्मद ने मनोज को गाड़ी के बाहर करके अंदर से दरवाजा लॉक कर लिया. खालिद का कहना था कि मनोज जाओ मिलो जाकर तुम्हारी पिक्चर रिलीज हुई है.

अब मनोज बाजपेयी फंस चुके थे. वो अमिताभ के सामने आना नहीं चाहते थे. इसलिए उन्होंने सोचा बाथरूम निकल लेते हैं. जब अमिताभ चले जाएंगे, तब बाहर आऊंगा. अमिताभ की नज़रों से बचने के लिए बाथरूम की तरफ भागे. अभिषेक बच्चन ने उन्हें पकड़ लिया. उन्होंने मनोज की तारीफ करनी शुरू की. वो चाह रहे थे कि जल्दी से वो बाथरूम में घुसें. पर अभिषेक ने उन्हें रोक रखा था. मनोज बताते हैं:

Advertisement

अभिषेक मुझसे बात कर रहा है. अचानक लगा कोई आकर खड़ा हुआ. मेरी आंख जिस हाइट पर थी, मुझे उस आदमी की बस छाती ही दिख रही थी. मैं नशे में सराबोर था. ऊपर देखने की हिम्मत नहीं हो रही थी. एक सेंस कह रहा था कि अमिताभ बच्चन आ गए. मैंने ऊपर देखा. मेरे कान सुन्न हो गए. मुझे आजतक याद नहीं वो क्या बोल रहे थे?  सिर्फ देख रहा था मैं उनको. ऐसा लगा कि भगवान प्रकट हो गए. अमिताभ, मेरे बचपन के हीरो. दीवार, जंजीर सब मेरी आंखों के सामने घूमना शुरू हो गई. वो बोले जा रहे थे, मेरा हाथ पकड़कर हिलाए जा रहे थे. फिर मैंने कहा एक बार गले मिल लूं मैं आपसे.

मनोज का इतना कहना था कि अमिताभ ने उनको अपनी बाहों में भींच लिया. इसके आगे क्या हुआ, ये मनोज को खुद याद नहीं. ऐसे ही और मज़ेदार किस्से आप सुनिए लल्लनटॉप के गेस्ट इन द न्यूजरूम में. 

वीडियो: गली गुलियां के वक्त मनोज बाजपेयी की हालत इतनी बिगड़ गई कि शूटिंग रोकनी पड़ी

Advertisement

Advertisement