Javed Jaffrey जाने माने एक्टर हैं. और उससे भी तगड़े डांसर. उनकी नई फिल्म Inn Galiyon Mein रिलीज़ के लिए तैयार है. 14 मार्च को ये फिल्म सिनेमाघरों में उतरेगी. इन दिनों जावेद इसके प्रमोशन में लगे हुए हैं. इसी कड़ी में उन्होंने Lallantop Cinema (The Lallantop) से ख़ास बातचीत की. सिनेमा के बदले अंदाज़ और फिल्ममेकर्स की जि़म्मेदारियों पर उन्होंने खुलकर बात की. जावेद ने कहा कि स्टार्स पर बड़ी रकम का दांव लगा होता है. इसलिए उन्हें सेट फॉर्मेट की फिल्में करना पड़ती है. वो फिल्में जो अच्छा बिज़नेस करें. मगर बड़ी फिल्मों के साथ उन्हें कुछ अच्छी फिल्में भी करते रहना चाहिए. फिल्में जिनका बजट चाहे छोटा हो, मगर कहानी बड़ी हो. जावेद इसे स्टार्स की ज़िम्मेदारी मानते हैं.
शाहरुख-सलमान जैसे स्टार्स को बड़ी फिल्मों के साथ अच्छी फिल्में भी करनी चाहिए: जावेद जाफ़री
Javed Jaffrey मानते हैं कि स्टार्स पर बड़ा दांव लगा होता है. लेकिन सिनेमा को बढ़ावा देने के लिए लीक से हटकर फिल्में भी उन्हें करनी होंगी.


अपनी बात को समझाते हुए जावेद ने कहा,
"स्टार की इमेज अलग होती है. वो एक पॉइंट पर आकर कमोडिटी बन जाता है. उसको ये सब देखना पड़ता है कि लोगों को क्या पसंद है. क्या बिकता है. स्टार इस सब में फंस जाता है. ये एक बिजनेस मॉडल है. जैसे सलमान खान एक फिल्म हिट होने के बाद उस लेवल का एक्शन नहीं करेंगे तो पब्लिक बोलेगी कि हम तो एक्शन देखने आए थे. मगर फिल्म में हमारे लिए कुछ था ही नहीं. प्रोड्यूसर ये सोचता है कि सेफ़ चलते हैं. जब आप उस लेवल के स्टार होते हैं कि आप पर 500-600 करोड़ रुपए का दांव लगा होता है, तो इकोनॉमिक सेफ्टी लेकर चलना पड़ता है. हालांकि मुझे लगता है, स्टार की जिम्मेदारी होती है कि वो अच्छे सिनेमा को भी प्रोत्साहित करे. मेगाबजट फिल्मों के साथ कभी-कभी कोई ऐसी फिल्म भी करें, जिसकी कहानी में दम हो. अगर आपके नाम पर ये फिल्म कमाई कर ले, तो आप भी लो पैसा. वाजिब है. बड़ी फिल्में ज़रूर कीजिए. मगर मुझे लगता है कि स्टार्स को बड़ी और अच्छी फिल्म का बैलेंस बना कर चलना चाहिए."
इसी बातचीत के दौरान फिल्म स्टार्स के अलावा फिल्ममेकर्स की जि़म्मेदारियों पर भी चर्चा हुई. जावेद ने कहा-
"ऐसा नहीं है कि सलमान और शाहरुख ने लीक से हटकर काम करने की कोशिश नहीं की. उन्होंने प्रयास किया. मगर उन फिल्मों को उनकी पिछली फिल्मों जैसी सफलता नहीं मिली. सलमान ने 'ट्यूबलाइट' की. शाहरुख ने ‘स्वदेस’ और 'चक दे' की. प्रोड्यूसर और लोगों को लगा कि फिल्म सेट फॉर्मूला से हटकर थी, इसलिए नहीं चली. ऐसा भी नहीं था कि शाहरुख खान ने ठीक तरह काम नहीं किया. फिल्म में ही कुछ कमी होगी, इसलिए उतनी सफल नहीं हुई. लेकिन इसका इल्ज़ाम तो कुछ अलग करने के जोखिम पर ही डाला गया. लोगों ने शाहरुख को कह दिया कि आप वही करो, जो दर्शक आपको करते देखना चाहते हैं. मगर सिनेमा को बढ़ावा देना भी उनकी जि़म्मेदारी है."
जावेद जाफ़री ने भारत में ब्रेक डांस को मशहूर किया. 'जजंतरम ममंतरम', 'सिंह इज़ किंग', 'धमाल' और '3 इडियट्स' जैसी मेनस्ट्रीम फिल्मों के साथ वो 'फायर' जैसी कॉन्टेंट ड्रिवन फिल्में भी कर चुके हैं. गेम शो Takeshi’s Castle ने उन्हें घर-घर में पहुंचा दिया. 'इन गलियों में' को लेकर वो निश्चिंत हैं कि ये फिल्म अपने सही दर्शकों तक पहुंच ही जाएगी. बाकी जावेद जाफरी के साथ लल्लनटॉप की ये बातचीत जल्द आप तक पहुंचेगी. जिसे आप undefined पर जाकर देख सकेंगे.
वीडियो: सही मायनों में मल्टी टैलेंटेड एक्टर जावेद जाफरी की लाइफ के दिलचस्प किस्से












.webp?width=275)




.webp?width=120)
.jpg.webp?width=120)



