Pathaan के बाद Siddharth Anand की नई फिल्म आ रही है Fighter. ये इंडिया की पहली एरियल एक्शन फिल्म बताई जा रही है. मेकर्स की तैयारी इस फिल्म को फ्रैंचाइज़ में तब्दील करने की है. Hrithik Roshan स्टारर इस फिल्म को बड़े लेवल पर बनाया जा रहा है. खूब मेहनत हो रही है. खबरें हैं मेकर्स इस फिल्म का क्लाइमैक्स 120 घंटे में शूट करेंगे. जो थिएटर्स में बवंडर उठा देगा.
120 घंटे लगाकर शूट किया जाएगा ऋतिक रौशन की फिल्म 'फाइटर' का क्लाइमैक्स
सिद्धार्थ आनंद 'फाइटर' में अपने करियर का सबसे बवंडर क्लाइमैक्स शूट करने जा रहे हैं.


पिंकविला ने अपने सूत्रों के हवाले से एक रिपोर्ट छापी. इसमें बताया गया कि 'फाइटर' का क्लाइमैक्स फिल्म की सबसे बड़ी हाइलाइट होने जा रही है. और इसके लिए डायरेक्टर कोई कसर नहीं छोड़ना चाहते हैं. इस फिल्म का क्लाइमैक्स ऋतिक और सिद्धार्थ के करियर का सबसे बड़ा सीक्वेंस होगा. फिल्म की टीम ने इस हिस्से की शूटिंग के लिए 120 घंटे का टाइम तय किया है. इतने घंटों की शूटिंग के बाद 25 मिनट का सीक्वेंस तैयार होगा. इसमें हैंड टु हैंड एक्शन और हवाई फाइटिंग/एक्शन सीक्वेंस शामिल होंगे. ऋतिक के अलावा दीपिका और अनिल कपूर भी इस सीक्वेंस का हिस्सा होंगे.
'फाइटर' की शूटिंग असम के तेजपुर एयरबेस में शुरू हुई थी. उसके बाद क्रू ने कश्मीर और हैदराबाद में शूटिंग की. इन दिनों ऋतिक और सिद्धार्थ ये फिल्म मुंबई के जोगेश्वरी इलाके में बने SRPF ग्राउंड में शूट कर रहे हैं. बताया जा रहा है कि 'फाइटर' की शूटिंग जून की शुरुआत तक खत्म हो जाएगी. मगर ये VFX हेवी फिल्म है. इसलिए मेकर्स VFX टीम को काम करने के लिए अच्छा-खासा वक्त देना चाहते हैं. 'फाइटर' का VFX वर्क DNEG नाम की कंपनी संभाल रही है. DNEG हॉलीवुड फिल्मों में अपने काम के लिए 6 ऑस्कर जीत चुकी है. इसमें 'ड्यून', 'टेनेट', 'इंटरस्टेलर', 'ब्लेड रनर 2049' और 'फर्स्ट मैन' जैसी फिल्में शामिल हैं. इसके अलावा नमित कपूर की इसी कंपनी ने 'ब्रह्मास्त्र' का भी VFX किया था.
सिद्धार्थ आनंद 'फाइटर' को विज़ुअली भयंकर अपीलिंग फिल्म बनाना चाहते हैं. इसके लिए अपने एंड से वो हरसंभव कोशिश कर रहे हैं. इसमें 'पठान' से मिला एक्सपीरियंस भी उनके काम आ रहा है. क्योंकि 'पठान' का अधिकतर हिस्सा ग्रीन स्क्रीन पर शूट किया गया था. और पूरी फिल्म VFX बेस्ड थी. इसलिए उन्हें पता है कि वो 'फाइटर' को टेक्नोलॉजी के लेवल पर एक कदम आगे लेकर जा सकते हैं.
'फाइटर' में ऋतिक, दीपिका और अनिल कपूर के साथ अक्षय ओबेरॉय और करण सिंह ग्रोवर भी काम कर रहे हैं. ये फिल्म 25 जनवरी, 2024 को रिलीज़ के लिए शेड्यूल्ड है. इससे फारिग होने के बाद ऋतिक अयान मुखर्जी और NTR जूनियर के साथ 'वॉर 2' की शूटिंग में लगेंगे.
वीडियो: ऋतिक रोशन और सिद्धार्थ आनंद अब फाइटर, वार के बाद कृष 4 पर भी काम कर सकते हैं






















