तमिल फिल्ममेकर हैं गौतम वासुदेव मेनन. उन्होंने Oscar 2023 में भेजी गई इंडियन फिल्मों पर बात की है. उनका कहना है कि उन्होंने इंडिया की ऑफिशियल ऑस्कर एंट्री Chhello Show नहीं देखी है. हालांकि उन्हें नहीं लगता कि RRR ऑस्कर मटीरियल है.
RHTDM वाले डायरेक्टर को क्यों लगता है कि RRR ऑस्कर लायक फिल्म नहीं है?
''कहीं न कहीं हममें अभी वो भूख नहीं है कि हमें वहां (ऑस्कर में) जाना है.'' - गौतम मेनन.


गौतम मेनन को 'मिन्नले', 'काखा काखा' और 'वार्णम आयिरम' जैसी तमिल फिल्मों के लिए जाना जाता है. हिंदी में उन्होंने 'मिन्नले' की रीमेक 'रहना है तेरे दिल में' डायरेक्ट की. खैर, अब गौतम ने RRR और The Last Film Show पर बात की है. इंडिया टुडे से बात करते हुए गौतम ने कहा-
''जिस फिल्म को (ऑस्कर के लिए) सेलेक्ट किया गया है, वो मैंने अभी तक देखी नहीं है. मैं बिलकुल उसे देखना चाहूंगा. इस फिल्म (छेल्लो शो) को लेकर ये कहा जा रहा है, 'ये वो फिल्म है, जो ऑस्कर में जानी चाहिए'. ईमानदारी से बताऊं, तो मैं इस बारे में श्योर नहीं हूं. अगर हमारी किसी फिल्म को ऑस्कर मिल जाता है, तो मुझे बड़ी खुशी होगी. मगर कहीं न कहीं हममें अभी वो भूख नहीं है कि हमें वहां (ऑस्कर में) जाना है. मैं ये नहीं कह रहा कि अंगूर खट्टे हैं या वैसा कुछ. मगर मैं ऑनेस्ट्ली ये कहना चाहूंगा कि मुझे नहीं पता कि RRR भी ऑस्कर मटीरियल है या नहीं.''
गौतम अपनी बातचीत में आगे जोड़ते हैं-
''जब हम कोई फिल्म बनाते हैं, तो हम अवॉर्ड्स के बारे में नहीं सोचते. जब वो फिल्म रिलीज़ होती है, लोग फिल्म और एक्टर्स की परफॉरमेंस को पसंद करते हैं, तब जाकर अवॉर्ड्स की चर्चा शुरू होती है. कोई भी फिल्म अवॉर्ड विनिंग परफॉरमेंस या बेस्ट डायरेक्टर का अवॉर्ड जीतने के मक़सद से नहीं बनाई जाती.''
जब से FFI (फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया) ने ऑस्कर में भेज़ने के लिए 'छेल्लो शो' को चुना है, तबसे एक तबका नाराज़ चल रहा है. लोगों का कहना है कि RRR या 'द कश्मीर फाइल्स' जैसी फिल्म को वहां भेजा जाना चाहिए था. मगर FFI ने कहा कि 'छेल्लो शो' का चुनाव सर्वसम्मति से किया गया. फिर Chhello Show उर्फ The Last Film Show को लेकर विवाद शुरू हो गए. कहा गया कि ये फिल्म इंडियन है ही नहीं. ये पूरा मामला आप यहां क्लिक करके पढ़ सकते हैं.
हालांकि, RRR अब भी पूरी तरह से ऑस्कर की रेस बाहर नहीं हुई है. RRR को अमेरिका में डिस्ट्रिब्यूट करने वाली कंपनी Variance films ने अकैडमी अवॉर्ड ज्यूरी से एस.एस. राजमौली डायरेक्टेड इस फिल्म को विचाराधीन रखने की अपील की है. उन्होंने लोगों से भी इस फिल्म को वोट करने को कहा है.
वीडियो देखें: RRR की जगह Chhello Show को ऑस्कर अवार्ड्स के लिए क्यों भेजा, जानिए वजह




















